उत्तर प्रदेश के चंदौली में अस्पताल में भर्ती एक महिला मरीज की गोली मार कर हत्या कर दी गई. वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से भाग रहा था, जिसके बाद ग्रामीणों ने पड़कर उसे पुलिस के हवाले कर दिया. वहीं चंदौली में ही ट्रेन में 2 अन्य लोगों की गोली मारकर हत्या कर दी गई. 24 घंटे के अंदर हुई तीन हत्याओं से लोगों में दहशत का माहौल है. फिलहाल पुलिस तीनों ही मामलों की जांच कर रही है.
दरअसल चंदौली जिले के अलीनगर थाना क्षेत्र में स्थित एक निजी अस्पताल में बिहार के भभुआ के रहने वाली लक्ष्मीना देवी नाम की एक मरीज का इलाज चल रहा था. सोमवार सुबह 6 बजे के आसपास एक अज्ञात हमलावर अस्पताल में घुसा और उनके सिर में गोली मार दी. वारदात को अंजाम देकर हमलावर फरार होने की कोशिश कर रहा था. लेकिन वहां मौजूद लोगों और ग्रामीणों नें उसे दौड़ा कर पकड़ लिया.
इस घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस महकमें मे हड़कंप मच गया. आनन फ़ानन मे चंदौली के एसपी आकाश पटेल पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया. फिलहाल पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है और पूछताछ कर रही है. लेकिन पिछले 24 घंटे में चंदौली जनपद में अलग-अलग तीन घटनाओं में गोली मारकर 3 लोगों की हत्या से सनसनी मच गई है.
पुलिस तीनों घटनाओं की कर रही है जांच
पहली घटना रविवार सुबह की है, जब पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन से दिलदारनगर होते हुए तारीघाट जाने वाली पैसेंजर ट्रेन में एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई. युवक गाजीपुर जिले के जमानिया के रहने वाला था. युवक की पहचान मंगरु नामक यात्री के रूप में हुई. पुलिस इस मामले की भी जांच-पड़ताल कर रही है.
वहीं आधी रात को दिनेश साहू जम्मू तवी जाने वाली सियालदह जम्मू तवी एक्सप्रेस ट्रेन के स्लीपर कोच में सफर कर रहे थे. उन्हें गया से लखनऊ के लिए जाना था. लेकिन जब ट्रेन पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन से खुलकर वाराणसी की तरफ जा रही थी, तभी उनकी गोली माकर हत्या कर दी गई. पुलिस अभी इस मामले की भी जांच पड़ताल कर ही रही है. साथ ही पुलिस यह भी पता लगा रही है कि तीनों घटनाएं एक दूसरे जुड़ीं तो नहीं हैं.
एसपी चंदौली, आकाश पटेल ने बताया कि अलीनगर थाना क्षेत्र में एक जीवक हॉस्पिटल है, आज सुबह सूचना मिली कि लक्ष्मीना देवी नाम की एक महिला जो भभुआ, बिहार के रहने वाली हैं अपना इलाज कराने के लिए एडमिट थी. एक अज्ञात हमलावर द्वारा उनको गोली मारी गई. जिसमें उनकी मृत्यु हो गई है. आरोपी को हिरासत में लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है.
उदय गुप्ता