उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में दबंगों ने भारतीय वायुसेना के जवान प्रथम और उनके पिता जितेंद्र सिंह पर जानलेवा हमला कर दिया. यह घटना जहांगीराबाद कोतवाली क्षेत्र के अमरगढ़-जहांगीराबाद मार्ग पर हुई. पीड़ित अपने गांव खंडोई से सगाई समारोह के बाद वापस लौट रहे थे. रास्ते में बारात की निकासी के दौरान रास्ता मांगने के लिए कार का हॉर्न बजाने पर विवाद हुआ. जिसके बाद नशे में धुत आरोपियों ने लोहे की रॉड और डंडों से पिता-पुत्र को लहूलुहान कर दिया.
हॉर्न बजाना पड़ा भारी
पीड़ित जितेंद्र सिंह, जो पेशे से सरकारी अध्यापक हैं, अपने बेटे प्रथम के साथ कार से घर लौट रहे थे. रास्ते में आकाश शर्मा नामक युवक की घुड़चढ़ी (निकासी) चल रही थी. डीजे पर डांस कर रहे युवकों के कारण रास्ता बंद था, जिस पर जितेंद्र ने गाड़ी का हॉर्न बजाया. आरोप है कि इसी बात से नाराज होकर आकाश शर्मा, अशोक शर्मा, धर्मेंद्र, सचिन और उनके साथियों ने गाली-गलौज शुरू कर दी. विरोध करने पर इन लोगों ने बीच सड़क पर हमला बोल दिया.
लोहे की रॉड और डंडों से हमला
तहरीर के मुताबिक, हमलावर शराब के नशे में थे और उनके हाथों में बोतलें थीं. अशोक और आकाश ने लोहे व स्टील की रॉड से हमला किया, जबकि अन्य ने डंडों का इस्तेमाल किया. मारपीट इतनी भीषण थी कि जितेंद्र सिंह सड़क पर बेहोश होकर गिर गए. इस दौरान पिता और पुत्र दोनों को गंभीर चोटें आई हैं. सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि दबंग किस तरह लात-घूसों से वायुसेना के जवान की पिटाई कर रहे हैं.
लूट और धमकी का आरोप
पीड़ित का कहना है कि मारपीट के दौरान उनकी सोने की चैन और हाथ की घड़ी भी कहीं टूट कर गिर गई. मौके पर भीड़ जमा होने के बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए. इस घटना से पीड़ित का परिवार काफी भयभीत है. मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने जितेंद्र सिंह की तहरीर पर आकाश शर्मा, अशोक शर्मा और उनके साथियों के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज कर ली है. पुलिस अब 19 फरवरी के वायरल वीडियो के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है.
मुकुल शर्मा