कोलकाता में बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी के निजी सहायक (PA) की हत्या के मामले में गिरफ्तार किए गए बलिया निवासी राज सिंह मां सामने आई हैं. उन्होंने बहुत ही भावुक तरीके से अपनी बात रखी. राज की मां जामवंती सिंह का कहना है कि कई दिनों से मेरा बेटा मेरे साथ था, वो कैसे कुछ कर सकता है. उन्होंने बताया कि हम सब लखनऊ में शादी समारोह में शामिल होने गए थे, उसके बाद अंबेडकर नगर स्थित किछौछा शरीफ में मखदूम अशरफ बाबा की मजार पर चादर चढ़ाई इसके बाद अयोध्या में दर्शन भी किए गए.
हम खुद बेटे के साथ गए थे
राज की मां ने भावुक अंदाज में पूरी कहानी सुनाई. उन्होंने कहा कि 7 तारीख को उनका बेटा लखनऊ जा रहा था. इलाके के एक एमएलसी की बेटी की शादी थी. उसी कार्यक्रम में शामिल होने के लिए राज निकला था. उन्होंने बताया, हमने बेटे से कहा कि हमें भी साथ ले चलो. हम किछौछा शरीफ जाना चाहते थे और अयोध्या में दर्शन भी कर लेंगे. इसके बाद हम सब साथ निकले. राज था, ड्राइवर था, उसका एक दोस्त था, एक और लड़का था और मैं थी. कुल पांच लोग साथ थे. उनके मुताबिक सभी लोग पहले लखनऊ पहुंचे. शादी समारोह के पास ही एक गेस्ट हाउस लिया गया ताकि आने-जाने में परेशानी न हो. राज शादी समारोह में शामिल होने चला गया जबकि बाकी लोग वहीं रुक गए. देर रात वह वापस लौटा और फिर सभी सो गए.
सुबह किछौछा शरीफ के लिए निकले
राज की मां के मुताबिक अगले दिन सुबह सभी लोग तैयार होकर अंबेडकर नगर के किछौछा शरीफ पहुंचे. वहां उन्होंने प्रसिद्ध सूफी संत मखदूम अशरफ बाबा की दरगाह पर चादर चढ़ाई. उन्होंने कहा, वहां के लोग हमें जानते हैं. पूछताछ कर लीजिए. हमने चादर चढ़ाई और वहां से सीधे अयोध्या निकल गए. मां का दावा है कि अयोध्या पहुंचने के बाद राम मंदिर और अन्य धार्मिक स्थलों पर दर्शन किए गए. उन्होंने कहा कि सुबह से घूमने के बाद बच्चों को भूख लगी तो रास्ते में खाना भी खिलाया गया. लेकिन इसके कुछ ही देर बाद सब कुछ बदल गया.
अचानक गाड़ी रोककर बेटे को पकड़ लिया
राज की मां ने बताया कि जैसे ही वे लोग अयोध्या से निकल रहे थे, तभी पुलिस ने उनकी गाड़ी रोक ली. अचानक हमें घेर लिया गया. बेटे को नीचे उतार लिया. हमें महिला थाने में बैठा दिया गया. पूरी रात हमें कुछ नहीं बताया गया कि मामला क्या है. उनके मुताबिक अगले दिन दोपहर में बेटे से थोड़ी देर के लिए मुलाकात कराई गई. उसी दौरान पता चला कि कोलकाता पुलिस उसे अपने साथ ले जा रही है. मां ने रोते हुए कहा कि लोग कह रहे थे कि फ्लाइट से लेकर जा रहे हैं. बोले पूछताछ के लिए ले जाया जा रहा है और बाद में छोड़ देंगे. लेकिन उसके बाद से हमें कुछ नहीं पता कि मेरा बेटा कहां है.
CCTV और मोबाइल रिकॉर्ड का दावा
राज की मां लगातार यह दावा कर रही हैं कि उनके पास बेटे की बेगुनाही साबित करने के कई सबूत हैं. उन्होंने कहा कि घर में CCTV कैमरे लगे हैं. बाजार में खरीदारी के फुटेज हैं. मोबाइल कॉल रिकॉर्ड और लोकेशन भी मौजूद है. मां का कहना है कि हम हर दिन उससे बात करते थे. डांटते थे, लड़ते थे. उसका फोन देख लीजिए. हमारा कैमरा देख लीजिए. अगर वो बंगाल गया था तो उसका सबूत दिखाइए. मां का कहना है कि 6, 7 और 8 तारीख तक राज लगातार उनके साथ था. शादी समारोह से लेकर दरगाह और अयोध्या तक हर जगह उनके पास लोग और सबूत मौजूद हैं. राज की मां ने केंद्र सरकार और जांच एजेंसियों से निष्पक्ष जांच की मांग की है. उन्होंने कहा सच्चाई सामने आनी चाहिए.
दिग्गजों के साथ फोटो
सोशल मीडिया पर वायरल तस्वीरों में राज सिंह यूपी सरकार के मंत्री दयाशंकर सिंह, बीजेपी MLA प्रिंसू सिंह और अन्य कई विधायकों के साथ खड़ा दिखाई दे रहा है.
कौन है राज सिंह?
राज सिंह क्षत्रिय महासभा का महासचिव है. उसके पिता दिवंगत केशव सिंह थे और मां जामवंती सिंह डाक विभाग में कार्यरत हैं. पुलिस के अनुसार, राज सिंह का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है. वर्ष 2020 में उस पर एक अंडा व्यवसायी की हत्या का आरोप लगा था, जिसमें वह फिलहाल जमानत पर बाहर था.
अनिल अकेला