पत्नी का बर्थडे, शराब की पार्टी, फिर मौत... 4 महीने बाद खुला कत्ल का राज, साजिश में ससुर भी शामिल

यतेंद्र पत्नी का जन्मदिन मनाने ससुराल पहुंचा था. देर रात शराब पार्टी हुई, लेकिन उसे क्या पता था कि जाम में जहर है. कुछ ही घंटों बाद उसकी मौत हो गई. चार महीने तक मामला रहस्य बना रहा, लेकिन जब फॉरेंसिक रिपोर्ट आई तो पूरी कहानी सामने आ गई. पत्नी और ससुर ने मिलकर शराब में सल्फास मिलाया और यतेंद्र की हत्या कर दी. आगरा की इस वारदात ने हर किसी को हैरान कर दिया.

Advertisement
ससुर और पत्नी ने की थी यतेंद्र की हत्या. (Photo: Screengrab) ससुर और पत्नी ने की थी यतेंद्र की हत्या. (Photo: Screengrab)

नितिन उपाध्याय

  • आगरा,
  • 30 अप्रैल 2026,
  • अपडेटेड 2:23 PM IST

आगरा में सनसनीखेज वारदात का खुलासा हुआ है. चार महीने पहले हुई युवक की मौत अब हत्या निकली है. पुलिस जांच में सामने आया कि युवक को किसी और ने नहीं, बल्कि उसकी पत्नी और ससुर ने मिलकर मौत के घाट उतारा था.

मामला ट्रांस यमुना थाना क्षेत्र का है. मृतक यतेंद्र पाल एक फैक्ट्री में काम करता था. उसकी शादी करीब तीन साल पहले फाउंड्री नगर की रहने वाली तनु से हुई थी. शादी के बाद से ही पति-पत्नी के रिश्तों में लगातार खटास बनी हुई थी. विवाद इतना बढ़ गया था कि तनु अपने मायके में रहने लगी थी.

Advertisement

22 नवंबर 2025 को यतेंद्र अपनी पत्नी के जन्मदिन पर ससुराल पहुंचा था. देर रात अचानक उनकी तबीयत बिगड़ गई. आनन-फानन में अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया. शुरुआत में मौत की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी. पोस्टमार्टम में कारण साफ नहीं था तो विसरा सुरक्षित रखा गया.

यह भी पढ़ें: इंदौर: पत्नी ने प्रेमी से कराई थी पति की हत्या, 3 सालों से चल रही थी मर्डर की साजिश

मृतक की मां मंजू को शुरू से ही बेटे की मौत पर संदेह था. जब पुलिस ने तत्काल कार्रवाई नहीं की, तो उन्होंने कोर्ट का दरवाजा खटखटाया. कोर्ट के आदेश पर 5 जनवरी को मामला दर्ज किया गया और जांच कमला नगर पुलिस को सौंपी गई.

जांच में बड़ा मोड़ तब आया, जब फॉरेंसिक साइंस लैब की रिपोर्ट में सल्फास से मौत की पुष्टि हुई. इसके बाद पुलिस ने मृतक की पत्नी तनु और उसके पिता महेंद्र को हिरासत में लेकर सख्ती से पूछताछ की. पूछताछ में दोनों ने सच बता दिया. पुलिस के अनुसार, पत्नी के जन्मदिन पर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था. इसी के बाद ससुर महेंद्र ने सल्फास लाकर शराब में मिला दिया और यतेंद्र को पिला दिया. जहरीली शराब पीते ही यतेंद्र की हालत बिगड़ गई और कुछ ही देर में मौत हो गई.

Advertisement

चार महीने तक यह मामला रहस्य बना रहा, लेकिन अब पुलिस ने हत्या की गुत्थी सुलझा ली है. पत्नी और ससुर को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »