यूपी के आगरा का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें शहर की मेयर हेमलता दिवाकर चर्चा में आ गई हैं. वीडियो में वह फेमस सिंगर आशा भोसले को श्रद्धांजलि देती नजर आ रही हैं, लेकिन इस दौरान उनसे कई तथ्यात्मक गलतियां हो गईं. एक जगह तो वह मुस्कुराते हुए भी नजर आ रही हैं. वीडियो वायरल होने के बाद उनकी किरकिरी हो रही है. यह वाकया तब हुआ जब मेयर कैबिनेट मंत्री बेबी रानी मौर्य की अनुपस्थिति में मीडिया से मुखातिब हो रही थीं.
दरअसल, बीते दिन भाजपा के ब्रज प्रांत कार्यालय में “नारी शक्ति वंदन अधिनियम” को लेकर एक कार्यक्रम आयोजित किया गया था. इसी कार्यक्रम के दौरान मेयर हेमलता दिवाकर ने मीडिया से बातचीत करते हुए आशा भोसले को लेकर टिप्पणी की.
करीब 47 सेकेंड के वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि मेयर पहले अपने साथियों से हंसते हुए पूछती हैं कि आशा भोसले सिंगर थीं या नहीं. पुष्टि मिलने के बाद वह कहती हैं कि उन्हें ठीक से याद नहीं था. इसके बाद उन्होंने श्रद्धांजलि देते हुए उनका नाम भी गलत उच्चारित किया और “आशा घोसले” कह दिया.
उन्होंने कहा कि “श्रीमती आशा घोसले आज गोलोकवासी हो गई हैं संगीत जगत के लिए ये बड़ी क्षति है.” इसके साथ ही मेयर ने आगरावासियों और भाजपा की ओर से भी श्रद्धांजलि अर्पित की.
इस बयान का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं. कई यूजर्स मेयर की जानकारी को लेकर सवाल उठा रहे हैं, जबकि कुछ लोग इस पर तंज कस रहे हैं.
नितिन उपाध्याय