यूपी के आगरा में इनकम टैक्स विभाग के एक रिकवरी इंस्पेक्टर द्वारा आत्महत्या किए जाने की दर्दनाक घटना सामने आई है. गुरुवार देर शाम थाना हरिपर्वत क्षेत्र स्थित संजय प्लेस में बने इनकम टैक्स ऑफिस की सातवीं मंजिल से कूदकर इंस्पेक्टर सुरेश चंद्र मौर्य ने जान दे दी. घटना के बाद विभागीय कर्मचारियों और परिवार में शोक की लहर दौड़ गई.
ऑफिस बंद होने के बाद कैम्पस में आए
मृतक की पहचान 48 वर्षीय सुरेश चंद्र मौर्य के रूप में हुई है. वह शास्त्रीपुरम में पत्नी अलका और दो बच्चों के साथ रहते थे. उनकी बेटी दिल्ली में रहकर यूपीएससी की तैयारी कर रही है, जबकि बेटा सूरज बीटेक का छात्र है.
बताया जा रहा है कि गुरुवार को सुरेश मौर्य ड्यूटी पर नहीं आए थे. शाम करीब 5:30 बजे उन्होंने घर पर कहा कि वह ऑफिस के काम से जा रहे हैं. इसके बाद वह अपनी एक्टिवा से संजय प्लेस स्थित आयकर भवन पहुंचे. उस समय ऑफिस बंद हो चुका था और अधिकांश कर्मचारी जा चुके थे. गेट पर मौजूद सुरक्षाकर्मी लोकेंद्र ने उन्हें अंदर जाते देखा.
करीब 15 मिनट बाद बिल्डिंग से किसी के गिरने की तेज आवाज आई. गार्ड दौड़कर मौके पर पहुंचा तो सुरेश मौर्य खून से लथपथ जमीन पर पड़े मिले. मौके पर ही उनकी मौत हो चुकी थी.
कार की जगह स्कूटी से आए थे
सुरक्षाकर्मी के अनुसार, सुरेश मौर्य रोजाना अपनी वैगनआर कार से दफ्तर आते थे, लेकिन घटना वाले दिन वह एक्टिवा से पहुंचे थे. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई.
साथी कर्मचारियों ने बताया कि सुरेश मौर्य पिछले काफी समय से मानसिक तनाव में थे और ऑफिस में भी ज्यादा बातचीत नहीं करते थे. वह अकेले रहना पसंद करते थे. कर्मचारियों के मुताबिक, उनकी कुछ पारिवारिक परेशानियां भी चल रही थीं. बताया गया कि वर्ष 2022 में भी उन्होंने जहर खाकर आत्महत्या का प्रयास किया था, लेकिन समय रहते उनका उपचार करा लिया गया था.
डीसीपी सिटी सय्यद अली अब्बास ने बताया कि सुरेश चंद्र मौर्य पहले स्टेनो के पद पर कार्यरत थे और प्रमोशन के बाद आयकर निरीक्षक बने थे. प्रारंभिक जांच में पारिवारिक कलह और मानसिक तनाव की बात सामने आई है. उनका उपचार डॉक्टर यूसी गर्ग के यहां चल रहा था.
घटना की सूचना पर पत्नी अलका और बेटा सूरज मौके पर पहुंचे. पति का शव देखकर पत्नी का रो-रोकर बुरा हाल था. घटना इलाके में चर्चा का विषय है.
नोट:- (अगर आपके या आपके किसी परिचित के मन में आता है खुदकुशी का ख्याल तो ये बेहद गंभीर मेडिकल एमरजेंसी है. तुरंत भारत सरकार की जीवनसाथी हेल्पलाइन 18002333330 पर संपर्क करें. आप टेलिमानस हेल्पलाइन नंबर 1800914416 पर भी कॉल कर सकते हैं. यहां आपकी पहचान पूरी तरह से गोपनीय रखी जाएगी और विशेषज्ञ आपको इस स्थिति से उबरने के लिए जरूरी परामर्श देंगे. याद रखिए जान है तो जहान है.)
नितिन उपाध्याय