महंगी ड्रेस ली, अच्छा वेन्यू लिया... महिला ने 48 लाख खर्च कर खुद से कर ली शादी

शादी के लिए आमूमन दो लगों यानी कपल की जरूरत होती है. इसके उलट इन दिनों एक ऐसी शादी चर्चा में है, जिसमें महिला ने खुद से शादी कर ली. उसने अंगूठी खरीदी, महंगे ड्रेस लिए,आलीशान वेन्यू बुक किया और फिर खुद से शादी कर ली.

Advertisement
दूल्हे के बिना महिला ने खुद से रचाई शादी (Photo - Pexels) दूल्हे के बिना महिला ने खुद से रचाई शादी (Photo - Pexels)

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 05 जून 2026,
  • अपडेटेड 4:11 PM IST

शादी के लिए दूल्हा चाहिए, यह बात शायद दुनिया के ज्यादातर लोग मानते हैं. लेकिन एक महिला ने इस सोच को ही चुनौती दे दी. उसने महंगी शादी की ड्रेस खरीदी, हीरे की अंगूठी ली, खूबसूरत बीच पर समारोह रखा और फिर खुद से ही शादी कर ली. इस अनोखी शादी पर उसने करीब 48 लाख रुपये खर्च किए. अब उसकी कहानी दुनिया भर में चर्चा का विषय बनी हुई है.

Advertisement

स्पेन के इबीजा में रहने वाली 38 वर्षीय मॉडल और कंटेंट क्रिएटर बोनी लॉकेट ने खुद से शादी की है. उनका कहना है कि यह फैसला उन्होंने कई बार प्यार में धोखा मिलने और टूटे रिश्तों से उबरने के बाद लिया.

आखिर क्यों करनी पड़ी खुद से शादी?
बोनी की लव लाइफ काफी मुश्किलों भरी रही. उन्होंने बताया कि वह लगातार ऐसे रिश्तों में रहीं, जहां उन्हें धोखा मिला. उनका अपने पति के साथ 11 साल पुराना रिश्ता था. दोनों ने साल 2023 में शादी भी की थी. लेकिन शादी के सिर्फ 9 महीने बाद उन्हें पता चला कि उनका पति शुरुआत से ही उन्हें धोखा दे रहा था.

इतना ही नहीं, जिस महिला के साथ उनके पति का संबंध था, वह बोनी की दुश्मन मानी जाती थी. यह सच जानने के बाद बोनी ने तुरंत रिश्ता खत्म कर दिया. लेकिन इसके बाद जिस दूसरे व्यक्ति के साथ उनका रिश्ता बना, उसने भी उन्हें धोखा दे दिया. लगातार मिले इन झटकों ने उन्हें मानसिक रूप से तोड़ दिया.

Advertisement

आत्महत्या तक का आया था ख्याल
बोनी बताती हैं कि एक समय ऐसा भी आया जब उन्होंने जिंदगी खत्म करने के बारे में सोचना शुरू कर दिया था. उनके मुताबिक, लगातार टूटते रिश्तों और एक करीबी रिश्तेदार की मौत ने उन्हें गहरे अवसाद में धकेल दिया था. हालांकि इस मुश्किल दौर में उनके दोस्तों, थेरेपी और उनके पालतू कुत्ते ने उन्हें संभालने में बड़ी भूमिका निभाई.धीरे-धीरे उन्होंने खुद को समझना शुरू किया और महसूस किया कि खुशी के लिए किसी दूसरे व्यक्ति पर निर्भर रहना जरूरी नहीं है.

ऐसे आया खुद से शादी का विचार
कुछ महीने पहले सोशल मीडिया देखते समय बोनी की नजर एक पीले हीरे वाली अंगूठी पर पड़ी.उन्हें वह अंगूठी इतनी पसंद आई कि उन्होंने सोचा, किसी के देने का इंतजार क्यों किया जाए? उन्होंने करीब 27 हजार डॉलर (करीब 23 लाख रुपये) की अंगूठी खुद खरीद ली.

यह भी पढ़ें: किस्मत ऐसे चमकती है! इंडियन को विदेश में फ्री में मिली टिकट, लगी 52 करोड़ की लॉटरी

इसके बाद उन्हें अपनी पुरानी शादी की ड्रेस याद आई, जो कई सालों से सूटकेस में रखी हुई थी. यह डिजाइनर ड्रेस करीब 20 हजार डॉलर (करीब 17 लाख रुपये) की थी. तभी उनके मन में विचार आया कि क्यों न उसी ड्रेस को पहनकर खुद से शादी की जाए और पुरानी बुरी यादों को एक नए और सकारात्मक अनुभव में बदला जाए.

Advertisement

बीच पर हुआ खास समारोह
30 मई को इबीजा के खूबसूरत काला डी हॉर्ट बीच पर बोनी ने एक छोटा लेकिन खास समारोह आयोजित किया. इस समारोह में सिर्फ 8 मेहमान मौजूद थे. एक अधिकारी ने शादी की रस्म पूरी कराई और बोनी ने आईने में खुद को देखकर अपने लिए वचन पढ़े. उन्होंने खुद से वादा किया कि वह हमेशा खुद से प्यार करेंगी, अपनी खुशी का ध्यान रखेंगी और किसी दूसरे को खुश करने के लिए खुद को कभी कम नहीं आंकेंगी.

बोनी ने कहा कि आज मैंने खुद को चुना है. इसलिए नहीं कि मुझे प्यार पर भरोसा नहीं है, बल्कि इसलिए कि मैंने सीखा है कि सबसे पहले खुद से प्यार करना जरूरी है.

क्या दोबारा करेंगी डेटिंग?
खुद से शादी करने का मतलब यह नहीं है कि बोनी ने हमेशा के लिए प्यार से दूरी बना ली है. वह कहती हैं कि अगर भविष्य में सही व्यक्ति मिला तो वह फिर से रिश्ते में आने के लिए तैयार हैं.उनके मुताबिक, यह शादी किसी पुरुष के खिलाफ नहीं थी, बल्कि खुद के प्रति सम्मान और प्यार जताने का तरीका थी.

क्या होती है सोलोगैमी?
खुद से शादी करने को 'सोलोगैमी' कहा जाता है. इसमें कोई कानूनी शादी नहीं होती और न ही शादी से जुड़े कानूनी अधिकार मिलते हैं. यह सिर्फ एक प्रतीकात्मक समारोह होता है, जिसमें व्यक्ति खुद के प्रति समर्पित रहता है.  दुनिया के कई देशों में पिछले कुछ वर्षों में ऐसे मामलों की संख्या बढ़ी है, जहां लोग खुद से शादी करके आत्म-स्वीकृति और आत्म-प्रेम का संदेश देते हैं.

Advertisement

बोनी लॉकेट की कहानी बताती है कि यह शादी किसी परंपरा को तोड़ने से ज्यादा खुद को महत्व देने की कोशिश थी. लगातार रिश्तों में मिले धोखे और मानसिक संघर्षों के बाद उन्होंने फैसला किया कि अब वह अपनी खुशी का केंद्र खुद बनेंगी.

यह भी पढ़ें: उधार मांगने के लिए पाकिस्तान का नया दांव, अब दुबई-सऊदी से ऐसे मंगा रहा पैसे!

यही वजह है कि उन्होंने लाखों रुपये खर्च करके खुद से शादी की, महंगी ड्रेस पहनी, हीरे की अंगूठी खरीदी और दुनिया को यह संदेश दिया कि जिंदगी में सबसे जरूरी रिश्ता कई बार खुद के साथ भी हो सकता है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »