India AI Impact Summit में एक छोटा सा पल सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया. ग्रुप फोटो के वक्त पीएम मोदी और दूसरे टेक लीडर्स ने एक साथ मिल कर हाथ उठाया. इस दौरान OpenAI के CEO सैम ऑल्टमैन और Anthropic के CEO डारियो अमोडेई ने दूसरों की तरह हाथ पकड़ने की बजाय हाथ ऊपर उठा लिया.
सैम ऑल्टमैन और डारियो अमोडेई के बीच का ये ऑकवर्ड मोमेंट कैमरे में कैद हो गया और यह पल तुरंत चर्चा का विषय बन गया. इंटरनेट पर नेटीजन्स मीम्स बना रहे हैं और वीडियो वायरल हो गया.
रिपोर्ट्स और सोशल मीडिया पोस्ट में इसे दोनों कंपनियों के बीच पुराने प्रोफेशनल टकराव से जोड़ कर देखा गया. OpenAI का फोकस तेज प्रोडक्ट लॉन्च और बड़े पैमाने पर यूजर तक पहुंच पर रहा है. वहीं Anthropic शुरू से सेफ्टी और जिम्मेदार इस्तेमाल पर ज्यादा जोर देता आया है.
इसी सोच के फर्क को लोग इस पल से जोड़ कर देख रहे हैं. हालांकि दोनों की तरफ से इस पर कोई ऑफिशियल बयान सामने नहीं आया है.
सैम ऑल्टमैन और डारियो अमोडेई के बीच तल्खी?
Sam Altman और Dario Amodei के बीच तनाव की कहानी नई नहीं है. डारियो अमोडेई पहले OpenAI में सीनियर पोजिशन पर काम कर चुके हैं. बाद में उन्होंने अपने कुछ साथियों के साथ Anthropic शुरू किया.
उस वक्त वजह यह बताई गई थी कि AI को कितनी तेजी से आगे बढ़ाया जाए और सेफ्टी को कितना प्राथमिकता दी जाए. इसी सोच के फर्क ने दोनों कंपनियों को अलग रास्तों पर खड़ा कर दिया. तब से OpenAI और Anthropic को AI रेस में एक-दूसरे का बड़ा कॉम्पिटीटर माना जाता है.
सोशल मीडिया पर इस पल को लेकर मीम्स और जोक्स की बाढ़ आ गई. कुछ यूजर्स ने इसे AI इंडस्ट्री की ‘कोल्ड वॉर’ जैसा बताया. वहीं कई लोगों का कहना है कि यह बस एक लम्हा था, जिसे जरूरत से ज्यादा तूल दिया जा रहा है.
मंच पर मौजूद बाकी लीडर्स ने एकता का इशारा किया, लेकिन यह छोटा सा अलग व्यवहार कैमरे में कैद हो गया और सुर्खियों में आ गया.
गौरतलब है कि AI Impact Summit सिर्फ वायरल पलों तक सीमित नहीं है. यहां AI को लेकर बड़ी घोषणाएं, इन्वेस्टमेंट की बातें और पॉलिसी पर चर्चा भी हुई. भारत में AI का भविष्य, डेटा सेंटर इंफ्रा, स्किल डेवलपमेंट और सुरक्षित इस्तेमाल जैसे मुद्दे भी इसी मंच पर उठे.
फिलहाल Sam Altman और Dario Amodei में से किसी ने भी इस पोज को लेकर कोई सफाई नहीं दी है. इसलिए इसे किसी सोचे-समझे मैसेज के तौर पर देखना जल्दबाजी हो सकती है. लेकिन इतना तय है कि AI की रेस में मुकाबला तेज है और छोटी सी तस्वीर भी बड़ी बहस खड़ी कर सकती है.
मुन्ज़िर अहमद