आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत और साउथ अफ्रीका के बीच रविवार (22 फरवरी) को सुपर-8 स्टेज का मुकाबला होना है. अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में होना वाला यह मुकाबला सिर्फ मैदान पर ही नहीं, बल्कि डगआउट में भी दिलचस्प जंग का गवाह बनेगा. इसकी वजह है दो सगे भाइयों मोर्ने मोर्केल और एल्बी मोर्केल का आमना-सामना.
मोर्ने मोर्केल इस समय भारतीय टीम के बॉलिंग कोच हैं और गौतम गंभीर के कोचिंग स्टाफ का अहम हिस्सा हैं. 41 साल के मोर्ने ने साउथ अफ्रीका की बैटिंग को ध्वस्त करने के लिए जरूर खास रणनीति बनाई होगी. मोर्ने ने 86 टेस्ट, 117 ओडीआई और 44 टी20 इंटरनेशनल मैच खेले और कुल 544 विकेट झटके. उन्हें प्रोटियाज बल्लेबाजों की तकनीक और कमजोरियों की गहरी समझ है.
दूसरी ओर उनके बड़े भाई एल्बी मोर्केल साउथ अफ्रीकी टीम के स्पेशलिस्ट कंसल्टेंट की भूमिका में हैं. 44 साल के एल्बी ने 1 टेस्ट, 58 ओडीआई और 50 टी20 इंटरनेशनल मुकाबले खेले. इस दौरान उन्होंने 1412 रन बनाए और 77 विकेट झटके. एल्बी आईपीएल में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के लिए लंबे समय तक खेल चुके हैं और स्टीफन फ्लेमिंग के साथ काम करने का अनुभव रखते हैं. वह भारतीय परिस्थितियों और टी20 रणनीति को अच्छी तरह समझते हैं.
एल्बी मोर्केल ने मजाकिया अंदाज में कहा, 'नहीं, हम इस मैच को लेकर एक-दूसरे से बात नहीं करते. हमारी मां ज्यादा परेशान हैं, उन्हें समझ नहीं आ रहा किसे सपोर्ट करें.' यह मुकाबला सिर्फ खिलाड़ियों के बीच नहीं, बल्कि रणनीति की भी जंग है. मोर्ने मोर्केल जसप्रीत बुमराह के साथ मिलकर ऐसी लेंथ और उछाल पर काम कर रहे हैं जो भारतीय परिस्थितियों में साउथ अफ्रीकी बल्लेबाजों को परेशान करती हैय नेट्स में वह अभिषेक शर्मा के ऑफ साइड खेल को भी सुधारते नजर आए.
यह भी पढ़ें: सुपर-8 में भारतीय टीम का पहला इम्तिहान, प्लेइंग-11 में बदलाव तय! साउथ अफ्रीका का क्या होगा गेम प्लान
उधर एल्बी मोर्केल साउथ अफ्रीका के स्पिनर्स केशव महाराज और जॉर्ज लिंडे के साथ काम कर रहे हैं, ताकि भारत के बाएं हाथ के बल्लेबाजों की कमजोरियों को निशाना बनाया जा सके. उनका फोकस यह भी सुनिश्चित करना है कि साउथ अफ्रीकी तेज गेंदबाज दबाव में आकर अपनी योजनाओं को जटिल ना बनाएं.
रविवार को कुछ घंटों के लिए मोर्केल परिवार भी दो हिस्सों में बंट जाएगा. भारतीय दल को मोर्ने मोर्केल साउथ अफ्रीकी टीम की अंदरूनी जानकारी देंगे, तो साउथ अफ्रीका के लिए एल्बी आईपीएल का अनुभव लेकर उतरे हैं. खून का रिश्ता एक तरफ, लेकिन पेशेवर मुकाबला दूसरी तरफ और हो सकता है यही ‘मोर्कल फैक्टर’ सुपर 8 में पहले अंक तय कर दे.
aajtak.in