नीदरलैंड्स के तेज गेंदबाज पॉल वैन मीकरन (Paul van Meekeren) पिछले कुछ समय से लगातार यह बात उठा रहे हैं कि छोटे (associate) देशों को बड़े क्रिकेट खेलने वाले देशों के बराबर लाने की जरूरत है. अब जब आईपीएल की टीम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की टीम करीब 1.78 बिलियन डॉलर (लगभग 16,660 करोड़ रुपये) में बिकी है तो वैन मीकरन ने कहा कि अगर इस रकम का सिर्फ 0.5% भी नीदरलैंड्स क्रिकेट को मिल जाए, तो वहां क्रिकेट काफी आगे बढ़ सकता है.
उन्होंने सोशल मीडिया पर मजाकिया लेकिन गंभीर अंदाज में लिखा कि अगर RCB की कीमत का थोड़ा सा हिस्सा भी नीदरलैंड्स क्रिकेट को मिल जाए, तो वो फुल मेंबर टीमों के बीच का अंतर कम कर सकते हैं और क्रिकेट को और ज्यादा ग्लोबल बना सकते हैं.
वर्ल्ड कप में नीदरलैंड्स ने किया अच्छा प्रदर्शन
हाल ही में आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप में नीदरलैंड्स की टीम ने अच्छा प्रदर्शन किया था. उन्होंने पाकिस्तान को कड़ी टक्कर दी और भारत के खिलाफ भी अच्छा खेल दिखाया. लेकिन वे 4 मैच में सिर्फ 1 जीत के साथ ग्रुप स्टेज से बाहर हो गए.
इस टूर्नामेंट में छोटे देशों के अच्छे प्रदर्शन के बाद कई खिलाड़ी ये मांग कर रहे हैं कि इन्हें बड़ी टीमों के खिलाफ ज्यादा मौके मिलने चाहिए. ओमान के कप्तान जतिंदर सिंह और नीदरलैंड्स के कप्तान एडवर्ड भी इस बात को उठा चुके हैं.
यह भी पढ़ें: RCB और RR दोनों बिके, फिर कीमत में फर्क इतना क्यों? समझिए IPL में अरबों का खेल!
RCB की बिक्री IPL 2026 के पहले मैच से ठीक पहले हुई है. 28 मार्च को बेंगलुरु में आरसीबी अपना पहला मैच सनराइजर्स हैदराबाद के साथ खेलेगी. वहीं, आरसीबी के अलावा राजस्थान रॉयल्स का भी मालिकाना हक बदल गया है. राजस्थान को अब एक अमेरिकी व्यवसायी ने करीब 15 हजार करोड़ की रकम में खरीदा है.
aajtak.in