पाकिस्तान सुपर लीग (Pakistan Super League) के 11वें सीजन के उद्घाटन मैच के दौरान एक सोशल मीडिया विवाद ने सबका ध्यान खींच लिया. पाकिस्तान के तेज गेंदबाज नसीम शाह (Naseem Shah) के आधिकारिक अकाउंट से किए गए एक पोस्ट ने हंगामा खड़ा कर दिया.
यह घटना लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम (Gaddafi Stadium) में खेले गए मुकाबले के दौरान सामने आई, जहां मरियम नवाज (Maryam Nawaz) बतौर मुख्य अतिथि मौजूद थीं.
मैच से पहले पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (Pakistan Cricket Board) के चेयरमैन मोहसिन नकवी (Mohsin Naqvi) ने मरियम नवाज का स्वागत किया और उन्हें टूर्नामेंट में शामिल फ्रेंचाइजी मालिकों से मिलवाया. उन्होंने दोनों टीमों के खिलाड़ियों से भी मुलाकात की और सभी टीमों को शुभकामनाएं दीं. ध्यान रहे मरियम नवाज पाकिस्तान के पंजाब प्रांत की मुख्यमंत्री हैं.
इसी दौरान नसीम शाह के X अकाउंट से एक पोस्ट सामने आया, जिसमें PCB के एक पोस्ट को कोट करते हुए लिखा गया था- लॉर्ड्स में उसके साथ रानी जैसा व्यवहार क्यों किया जा रहा है? यह पोस्ट तेजी से वायरल हो गया और सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई. हालांकि, कुछ ही समय बाद इसे डिलीट कर दिया गया.
विवाद बढ़ने के बाद नसीम शाह ने सफाई देते हुए कहा कि यह पोस्ट उन्होंने नहीं किया था. उन्होंने बताया कि उनका अकाउंट हैक हो गया था, जिसे अब रिकवर कर लिया गया है. उन्होंने इसे सिक्योरिटी ब्रीच का मामला बताया और फैंस को भरोसा दिलाया कि यह उनकी निजी राय नहीं थी.
मैच की बात करें तो लाहौर कलंदर्स ने अपने खिताब बचाव की शुरुआत जीत के साथ की. टीम ने हैदराबाद किंग्समैन को 69 रन से हराया. पहले बल्लेबाजी करते हुए लाहौर ने 20 ओवर में 199/6 का बड़ा स्कोर खड़ा किया. फखर जमां ने 53 रन की शानदार पारी खेली, जिसमें 10 चौके शामिल थे. उन्हें मोहम्मद नसीम (30 रन), हसीबुल्लाह खान (नाबाद 40) और सिकंदर रजा (10 गेंदों में 24 रन) का अच्छा साथ मिला. जवाब में किंग्समेन की टीम 130 रन पर सिमट गई. गेंदबाजी में हारिस रऊफ, उबैद शाह, शाहीन आफरीदी, मुस्तफिजुर रहमान और सिकंदर रजा ने मिलकर शानदार प्रदर्शन किया.
aajtak.in