भारतीय क्रिकेट के इतिहास में दो अप्रैल का दिन बेहद खास है. इसी दिन साल 2011 में एमएस धोनी की कप्तानी वाली भारतीय टीम ने श्रीलंका को हराकर वनडे विश्व कप पर कब्जा किया था. 1983 के बाद यह भारतीय टीम की पहली खिताबी जीत थी. टीम इंडिया की इस यादगार जीत के अब 11 साल पूरे हो गए.
इस खास मौके को आईपीएल फ्रेंचाइजी चेन्नई सुपर किंग्स ने भी सेलिब्रेट किया है. सीएसके ने सोशल मीडिया पर फोटो शेयर किया है, जिसमें उस विश्व कप जीत के हीरो एमएस धोनी केक काटते हुए दिखाई दे रहे हैं.
वो यादगार फाइनल....
वानखेड़े स्टेडियम में आयोजित फाइनल मुकाबले में श्रीलंका ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग करते हुए 4 विकेट पर 277 रन बनाए थे. महेला जयवर्धने ने नाबाद 103 रनों की पारी खेली थी. इसके अलावा कप्तान कुमार संगकारा ने 48 और तिलकरत्ने दिलशान ने 33 रनों की पारी खेली. भारत की ओर से जहीर खान और युवराज सिंह ने दो-दो विकेट चटकाए थे.
जवाब में एक समय टीम इंडिया के तीन विकेट 114 रनों पर गिर चुके थे. ओपनर गौतम गंभीर क्रीज पर थे और सब यही उम्मीद कर रहे थे कि युवराज सिंह बैटिंग करने आएंगे. लेकिन सबको हैरत में डालते हुए कप्तान धोनी युवराज से पहले क्रीज पर आ गए. धोनी का यह फैसला टर्निंग प्वाइंट साबित हुआ और उन्होंने शानदार पारी खेल कर भारत को जीत दिला दी
अपनी नाबाद पारी के दौरान धोनी ने गंभीर के साथ 109 रनों की शानदार पार्टनरशिप की. गौतम गंभीर ने 97 रनों की ठोस पारी खेली. वहीं धोनी ने 79 गेंदों में 91 रन बनाए, जिसमें 8 चौके एवं दो छक्के शामिल थे. युवराज सिंह 24 गेंदों पर 21 रन बनाकर नाबाद रहे.
धोनी ने छोड़ दी थी कप्तानी
आईपीएल 2022 में एमएस धोनी सीएसके की अगुवाई नहीं कर रहे हैं. आईपीएल की शुरुआत से पहले धोनी ने कप्तानी छोड़ दी थी. धोनी की जगह रवींद्र जडेजा को टीम का कप्तान बनाया गया था. बतौर बल्लेबाज धोनी ने दोनों मुकाबलों में टच में दिखाई दिए. कोलकाता के खिलाफ जहां धोनी ने अर्धशतकीय पारी खेली, वहीं लखनऊ के खिलाफ ताबड़तोड़ 16 रन जड़ डाले.
aajtak.in