धोनी की एक सलाह से सब बदल गया, तूफानी फिफ्टी जड़ने के बाद उर्विल ने खोला राज

उर्विल पटेल ने खुलासा किया कि MS धोनी की मानसिक मजबूती वाली सलाह ने उनकी बल्लेबाज़ी बदल दी. LSG के खिलाफ उन्होंने 13 गेंदों में अर्धशतक लगाकर IPL रिकॉर्ड की बराबरी की. मैच के बाद उर्विल ने अपनी पारी अपने पिता को समर्पित करते हुए कहा कि वही उन्हें हमेशा खुलकर खेलने के लिए प्रेरित करते हैं.

Advertisement
लखनऊ के खिलाफ उर्विल ने 13 गेंदों में जड़ा अर्धशतक (Photo: ITG) लखनऊ के खिलाफ उर्विल ने 13 गेंदों में जड़ा अर्धशतक (Photo: ITG)

आजतक स्पोर्ट्स डेस्क

  • नई दिल्ली,
  • 11 मई 2026,
  • अपडेटेड 2:55 PM IST

चेन्नई सुपरकिंग्स के युवा बल्लेबाज उर्विल पटेल ने खुलासा किया है कि एमएस धोनी की एक खास सलाह ने उनकी बल्लेबाज़ी का अंदाज़ बदल दिया. इसी का नतीजा रहा कि उन्होंने रविवार को लखनऊ के खिलाफ मुकाबले में IPL इतिहास का संयुक्त रूप से सबसे तेज अर्धशतक जड़ दिया.

चेपॉक में खेले गए मुकाबले में उर्विल ने महज़ 13 गेंदों में फिफ्टी पूरी कर IPL रिकॉर्ड की बराबरी कर ली. उन्होंने 23 गेंदों पर 65 रन की विस्फोटक पारी खेली, जिसमें लगातार पांच छक्के भी शामिल रहे. उनकी धमाकेदार बल्लेबाज़ी की बदौलत CSK ने शानदार जीत दर्ज की.

Advertisement

उर्विल इससे पहले भी CSK के लिए तेज शुरुआत कर रहे थे. उन्होंने मुंबई इंडियंस के खिलाफ 12 गेंदों पर 24 रन और दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ 9 गेंदों पर 17 रन बनाए थे, लेकिन बड़ी पारी खेलने में नाकाम रहे. इसके बाद उन्होंने ड्रेसिंग रूम में धोनी से सलाह मांगी.

यह भी पढ़ें: CSK vs LSG: 8 छक्के, 2 चौके और 13 गेंद में फिफ्टी... उर्विल पटेल ने रचा IPL का नया इतिहास

उर्विल ने किया बड़ा खुलासा

IPL की वेबसाइट से बातचीत में उर्विल ने बताया, पिछले दो मैचों में आउट होने के बाद मैं माही भाई के पास गया और पूछा कि मुझे शुरुआत तो मिल रही है, लेकिन मैं उसे बड़ी पारी में कैसे बदलूं? तब भाई ने कहा, मुझे तुम्हारी स्किल्स पर कोई शक नहीं है. जो भी शक है, वो सिर्फ तुम्हारे दिमाग में है. मानसिक रूप से साफ रहो और सही गेंद को सही एरिया में खेलने की कोशिश करो.

Advertisement

उर्विल ने बताया कि इस सलाह ने उन्हें मानसिक रूप से काफी मजबूत बनाया और वह खुलकर बल्लेबाज़ी कर पाए.

यह भी पढ़ें: CSK vs GT, IPL 2026 Highlights: गुजरात ने सीएसके को 8 विकेट से रौंदा, साई ने खेली 87 रनों की पारी

पिता को समर्पित की तूफानी पारी

रिकॉर्ड अर्धशतक लगाने के बाद उर्विल ने अपनी पारी अपने पिता को समर्पित की. उन्होंने कहा कि उनके पिता हमेशा उनकी आक्रामक बल्लेबाज़ी का समर्थन करते हैं और रन की चिंता नहीं करने की सलाह देते हैं. उर्विल ने कहा, मुझे अच्छी शुरुआत मिल रही थी, लेकिन मैं आउट हो जा रहा था. मेरे पिता ही थे जो मुझसे कहते थे, बेटा, मुझे तुम्हारी बल्लेबाज़ी देखने में मजा आता है. तुम बस ऐसे ही खेलते रहो. रन बनें या नहीं, उससे फर्क नहीं पड़ता.’ मैंने हमेशा अपने पिता के लिए खेला है. अब CSK की टीम 15 मई को लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ रिवर्स फिक्स्चर में फिर भिड़ेगी.
 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement