आईपीएल 2026 को फॉलो कर रहे लोगों को यह बात तो ध्यान ही होगी जब दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान अक्षर पटेल ने चेन्नई सुपर किंग्स के खिलाफ हार के बाद कहा था कि उन्हें 'अपने पार्टनर कुलदीप की कमी महसूस हो रही है.'
लेकिन कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ आठ विकेट की हार के बाद उन्होंने खुलकर माना कि टीम के स्पिनरों ने काफी गलतियां कीं. आंकड़े भी यही कहानी बयान कर रहे हैं.
चेन्नई के खिलाफ मुकाबले में कुलदीप यादव ने 3-0-34-0 का स्पेल फेंका, इकोनॉमी रही 11.33 की. यहां अक्षर ने 4 ओवर में महज 25 रन दिए और एक विकेट भी झटका.
कोलकाता के खिलाफ लग रहा था कि कुलदीप बाहर बैठेंगे, लेकिन अक्षर ने उनको मौका दिया. कुलदीप ने 3 ओवर में 41 रन लुटवाए, वहीं अक्षर ने एक बार फिर टाइट गेंदबाजी की और 4 ओवर में 27 रन देकर एक विकेट नाम किया.
IPL 2026 शुरू होने से पहले दिल्ली कैपिटल्स के पास भारतीय स्पिन विभाग में सबसे ज्यादा अनुभव था. कुलदीप यादव और अक्षर पटेल के नाम मिलाकर T20 क्रिकेट में 664 विकेट थे. इसी वजह से फ्रेंचाइजी ने विदेशी तेज गेंदबाजों पर ज्यादा भरोसा दिखाया, लेकिन टीम अब तक सही कॉम्बिनेशन नहीं खोज पाई है.
सबसे बड़ी चिंता कुलदीप यादव की फॉर्म रही है. बाएं हाथ के इस चाइनामैन गेंदबाज ने 11 मैचों में सिर्फ 7 विकेट लिए हैं, IPL इतिहास में कम से कम 25 ओवर फेंकने वाले स्पिनरों में उनका 10.66 का इकॉनमी रेट दूसरा सबसे खराब है. उनसे पहले सिर्फ रवि बिश्नोई 2025 में 10.83 की इकोनॉमी से रन लुटा चुके हैं.
यह भी पढ़ें: दिल्ली कैपिटल्स का प्लेऑफ का सपना लगभग खत्म, कप्तान अक्षर पटेल निराश, बोले- अब अगले साल सोचेंगे!
कुलदीप की स्थिति इतनी खराब हो गई कि सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ दिल्ली ने कुलदीप के बजाय पार्ट-टाइम स्पिनर नीतीश राणा का इस्तेमाल किया. उस मैच में कुलदीप और अक्षर दोनों के ओवर अधूरे रह गए थे.
कुलदीप की सबसे बड़ी समस्या उनकी लेंथ रही है. IPL 2026 में उनकी गुड लेंथ पर डालीं गई गेंदों पर उनकी धुनाई हुई है. दिल्ली की हार में कुलदीप की विकेट न निकाल पाने की समस्या भी बड़ी वजह बनी है. 6 मैचों में वह विकेटलेस रहे हैं.
दिल्ली कैपिटल्स की किस्मत भी कुलदीप की फॉर्म के साथ जुड़ी नजर आती है. IPL 2025 में टीम ने पहले 6 में से 5 मैच जीते थे और तब कुलदीप ने 11 विकेट लिए थे. लेकिन अगले 7 मैचों में वह सिर्फ 4 विकेट ले पाए और टीम 5 मुकाबले हार गई. वही खराब दौर अब IPL 2026 तक खिंच गया है.
अब तो कप्तान अक्षर पटेल ने भी संकेत दे दिए हैं कि टीम अगले सीजन को ध्यान में रखकर बदलाव कर सकती है. ऐसे में कुलदीप यादव पर प्लेइंग XI से बाहर होने का खतरा मंडराने लगा है. दिल्ली के पास बेंच पर स्पिन ऑलराउंडर त्रिपुराना विजय और अजय जादव मंडल जैसे विकल्प मौजूद हैं. IPL 2026 में दिल्ली के लिए कुलदीप की गिरती फॉर्म अब सबसे बड़ी चिंता बन चुकी है.
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क