ऋषभ पंत को कोहनी में लगी जोरदार चोट, दर्द से कराहते हुए छोड़ा मैदान, VIDEO

विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत हालिया समय में इंजरी से जूझते रहे हैं. रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ मुकाबले में भी पंत को चोट लग गई. पंत तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड की गेंद पर शॉट खेलने से पूरी तरह चूक गए और गेंद उनकी कोहनी पर जा लगी.

Advertisement
ऋषभ पंत को बैटिंग के दौरान लगी चोट. (Photo: PTI) ऋषभ पंत को बैटिंग के दौरान लगी चोट. (Photo: PTI)

आजतक स्पोर्ट्स डेस्क

  • बेंगलुरु,
  • 15 अप्रैल 2026,
  • अपडेटेड 9:53 PM IST

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के खिलाफ मुकाबले के दौरान बड़ा झटका लगा. कप्तान ऋषभ पंत को चोट लग गई, जिससे लखनऊ सुपर जायंट्स की चिंता बढ़ गई. 15 अप्रैल (बुधवार) को बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में आयोजित इस मुकाबले के दौरान पंत को बाईं कोहनी पर तेज गेंद लगी, जिसके बाद वो मैदान छोड़कर चले गए. हालांकि पंत पांचवां विकेट गिरने के बाद एक बार फिर बैटिंग करने के लिए उतरे. पंत ने 6 गेंदों का सामना करते हुए केवल 1 रन बनाए. पंत का विकेट भुवनेश्वर कुमार ने लिया. पंत चोट के चलते विकेटकीपिंग के लिए नहीं उतरे.

Advertisement

लखनऊ सुपर जायंट्स की पारी के पांचवें ओवर में जोश हेजलवुड ने चौथी गेंद हार्ड लेंथ पर तेज गेंद डाली, जिस पर ऋषभ पंत ने पुल शॉट खेलने की कोशिश की. हालांकि गेंद की गति और उछाल के कारण वह पूरी तरह शॉट नहीं खेल पाए और गेंद सीधे उनकी बाईं कोहनी के पास जा लगी. गेंद लगते ही पंत दर्द से कराहते नजर आए. कुछ सेकंड के लिए खेल रोक दिया गया और लखनऊ सुपर जायंट्स के फिजियो मैदान पर पहुंचे. पंत अपने बाएं हाथ को ठीक से हिला नहीं पा रहे थे और काफी असहज दिख रहे थे. फिजियो ने उनके हाथ पर स्प्रे लगाया और कुछ देर तक उनकी जांच की, लेकिन दर्द कम नहीं हुआ.

शुरुआत में ऐसा लगा कि ऋषभ पंत कुछ देर रुककर दोबारा बल्लेबाजी जारी रखेंगे, लेकिन थोड़ी देर बाद उन्होंने मैदान छोड़ने का फैसला किया. वह फिजियो के साथ बाहर चले गए. एलएसजी के लिए पंत की फिटनेस बेहद अहम है. वह सिर्फ टीम के कप्तान नहीं हैं, बल्कि विकेटकीपर और मध्यक्रम के सबसे बड़े मैच विनर भी हैं. ऐसे में उनकी चोट टीम को कई स्तर पर प्रभावित कर सकती है. अगर पंत पूरी तरह फिट नहीं रहते हैं, तो इसका असर बल्लेबाजी क्रम, कप्तानी और विकेटकीपिंग तीनों पर पड़ सकता है.

Advertisement

ऋषभ पंत के लिए अच्छे संकेत नहीं!
विकेटकीपर बल्लेबाज के लिए कोहनी की चोट को ज्यादा गंभीर माना जाता है. इस तरह की चोट बैट पकड़ने, शॉट खेलने, कैच लेने और थ्रो करने की क्षमता पर असर डाल सकती है. विकेटकीपिंग के दौरान लगातार झुकना, ग्लव्स के साथ गेंद पकड़ना और तेज थ्रो करना भी मुश्किल हो सकता है. ऋषभ पंत पहले भी चोटों से उबरकर वापसी कर चुके हैं और मुश्किल परिस्थितियों में खेलने के लिए जाने जाते हैं.

फिलहाल लखनऊ सुपर जायंट्स की ओर से उनकी चोट को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है., अभी यह साफ नहीं है कि चोट कितनी गंभीर है और उन्हें स्कैन की जरूरत पड़ेगी या नहीं. हालांकि इतना जरूर है कि अगर ऋषभ पंत की चोट ज्यादा गंभीर निकली, तो यह लखनऊ के लिए बड़ा झटका साबित हो सकता है. 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement