हार्दिक पंड्या और मुंबई इंडियंस (MI) का रिश्ता अब टूटने की कगार पर पहुंच चुका है. रिपोर्ट्स के मुताबिक IPL 2026 के निराशाजनक सीजन के बाद हार्दिक पंड्या मानसिक रूप से बेहद थक चुके हैं और उन्होंने फ्रेंचाइजी छोड़ने का फैसला कर लिया है.
समाचार एजेंसी PTI की रिपोर्ट के अनुसार, 32 साल के हार्दिक ने टूर्नामेंट के बीच में ही मुंबई इंडियंस मैनेजमेंट को अपने फैसले की जानकारी दे दी थी. बताया जा रहा है कि लगातार खराब प्रदर्शन, टीम पर बढ़ता दबाव और आलोचनाओं ने हार्दिक को पूरी तरह झकझोर दिया.
हार्दिक ने IPL 2024 में रोहित शर्मा की जगह मुंबई इंडियंस की कप्तानी संभाली थी. लेकिन उनके नेतृत्व में टीम लगातार उम्मीदों पर खरी नहीं उतर सकी. IPL 2026 में भी मुंबई इंडियंस का अभियान बेहद खराब रहा और टीम प्लेऑफ की दौड़ से काफी पहले बाहर हो गई.
रिपोर्ट में दावा किया गया है कि जब मुंबई इंडियंस की प्लेऑफ की उम्मीदें लगभग खत्म हो गईं, तब हार्दिक और फ्रेंचाइजी के बीच आपसी सहमति से अलग होने पर बातचीत शुरू हुई. सूत्रों के मुताबिक दोनों पक्ष अब 'म्यूचुअल पार्टिंग' की दिशा में आगे बढ़ चुके हैं.
सूत्रों का कहना है कि हार्दिक सिर्फ खराब रिजल्ट्स से ही परेशान नहीं थे, बल्कि लगातार मानसिक दबाव और ड्रेसिंग रूम के माहौल ने भी उन्हें भीतर से तोड़ दिया था. रिपोर्ट के मुताबिक उन्हें पीठ की चोट भी परेशान कर रही थी. एक IPL सूत्र ने PTI से कहा, 'हार्दिक मानसिक रूप से पूरी तरह थक चुके थे. प्लेऑफ की उम्मीदें खत्म होते ही उन्होंने साफ कर दिया कि वह अगले सीजन में MI के साथ नहीं रहेंगे.'
दरअसल, रोहित शर्मा की जगह कप्तानी संभालने के बाद से ही हार्दिक को फैन्स की नाराजगी का सामना करना पड़ा. पिछले दो सीजन में कई स्टेडियमों में उन्हें हूटिंग झेलनी पड़ी. हालांकि बाहर से वह खुद को मजबूत दिखाते रहे, लेकिन अंदर ही अंदर यह सब उन पर असर डाल रहा था.
रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया है कि 2021 में जिस माहौल को छोड़कर हार्दिक गए थे, 2024 में वापसी पर उन्हें वैसा ड्रेसिंग रूम नहीं मिला. टीम के कई सीनियर खिलाड़ी एक राय पर नहीं थे. सूत्र के मुताबिक, 'जब टीम में हर कोई अलग दिशा में सोचने लगे, तो कप्तान के लिए सबकुछ संभालना बेहद मुश्किल हो जाता है.'
इतना ही नहीं, हार्दिक को इस बात ने भी काफी निराश किया कि जिन सीनियर खिलाड़ियों ने भारतीय टीम में उनसे 100 प्रतिशत कमिटमेंट की उम्मीद की, वही खिलाड़ी फ्रेंचाइजी में उनके नेतृत्व के दौरान पूरी तरह साथ खड़े नहीं दिखे. यही वजह रही कि हार्दिक ने बीच सीजन में ही मन बना लिया कि अब वह अगले साल मुंबई इंडियंस का हिस्सा नहीं रहेंगे.
हार्दिक का अगला कदम क्या होगा?
अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि हार्दिक पंड्या का अगला कदम क्या होगा? फिलहाल यह साफ नहीं है कि वह किसी दूसरी टीम में ट्रेड होंगे या फिर मेगा ऑक्शन का इंतजार करेंगे. हालांकि रिपोर्ट में यह जरूर कहा गया है कि 'एक बात तय है, हार्दिक अब MI के साथ खत्म हो चुके हैं.'
अगर हार्दिक टीम छोड़ते हैं, तो मुंबई इंडियंस के सामने कप्तानी को लेकर बड़ा संकट खड़ा हो जाएगा. शॉर्ट टर्म में सबसे मजबूत विकल्प फिर से रोहित शर्मा हो सकते हैं, जिन्होंने टीम को पांच IPL खिताब दिलाए हैं. वहीं भविष्य को देखते हुए तिलक वर्मा को नया कप्तान बनाए जाने की चर्चा भी तेज हो गई है.
हार्दिक पंड्या का यह फैसला IPL की दुनिया में बड़ा भूचाल ला सकता है, क्योंकि मुंबई इंडियंस ने उन्हें भविष्य का चेहरा मानकर टीम की कमान सौंपी थी. लेकिन अब ऐसा लग रहा है कि यह रिश्ता अपने आखिरी दौर में पहुंच चुका है.
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क