गुजरात टाइटन्स और मुंबई इंडियंस के बीच सोमवार को आईपीएल 2026 का 30वां मुकाबला खेला गया. जिसमें मुंबई इंडियंस ने 99 रनों से बड़ी जीत हासिल की. ये मैच अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला गया. जहां टॉस जीतकर गुजरात ने पहले गेंदबाजी करने का फैसला लिया था. मुंबई ने तिलक वर्मा के तूफानी शतक की बदौलत गुजरात को 200 रनों का लक्ष्य दिया था. इसके जवाब में उतरी गुजरात केवल 100 रन बना सकी और 16वें ओवर में ही पूरी टीम ऑलआउट हो गई.
अश्वनी कुमार ने झटके 4 विकेट
200 रनों के जवाब में उतरी गुजरात की शुरुआत अच्छी नहीं रही. पहली ही गेंद पर जसप्रीत बुमराह ने साई सुदर्शन का विकेट झटका. ये इस सीजन का बुमराह का पहला विकेट था. इसके बाद अगले ही ओवर में हार्दिक ने बटलर को आउट कर दिया. इसके बाद गिल भी 14 रन बनाकर आउट हो गए. इसके बाद सुंदर ने 26 रन बनाकर पारी को संभालने की कोशिश जरूर की लेकिन सैंटनर ने उनका विकेट झटक लिया. इसके बाद गुजरात की बल्लेबाजी लड़खड़ा गई. 16वें ओवर की आखिरी गेंद पर केवल 100 रन के स्कोर पर गुजरात सिमट गई.
10वें से 7वें नंबर पर पहुंची मुंबई
इस जीत के साथ ही मुंबई की टीम अब अंक तालिका में 10वें से सीधे 7वें पायदान पर पहुंच गई है. मुंबई के 6 मैच में अब 4 अंक हैं. लेकिन उसका नेट रन रेट सीएसके और लखनऊ से बेहतर है, जिसके चलते वह 7वें नंबर पर आ गई है. वहीं, गुजरात 6 मैच में 6 अंक के साथ छठे पायदान पर है.
ऐसे रही मुंबई की बैटिंग
पहले बल्लेबाजी के लिए उतरी मुंबई की शुरुआत इस मुकाबले में भी फ्लॉप रही. पिछले मैच के शतकवीर क्विंटन डिकॉक 13 रन बनाकर आउट हो गए. डेब्यू कर रहे दानिश भी 2 रन ही बना सके. वहीं, सूर्यकुमार यादव एक बार फिर बड़ी पारी नहीं खेल सके और केवल 15 रन बना सके. लेकिन इसके बाद तिलक वर्मा और नमन धीर ने पारी को संभाला और दोनों के बीच अर्धशतकीय साझेदारी हुई.
लेकिन 13वें ओवर में मुंबई को चौथा झटका लगा जब नमन धीर 45 रन बनाकर आउट हो गए. नमन ने अपनी पारी में 6 चौके और एक छक्का लगाया. लेकिन इसके बाद तिलक वर्मा ने तेजी से रन बनाने की शुरुआत की. केवल 33 गेंदों में ही उन्होंने फिफ्टी जड़ दी. लेकिन इसके बाद भी तिलक वर्मा नहीं रुके. उन्हें इंजरी की समस्या भी हुई लेकिन तिलक ने खेलना जारी रखा और केवल 45 गेंदों में शतक जड़ दिया. 20वें ओवर की आखिरी गेंद पर चौका लगाकर उन्होंने सेंचुरी बनाई. तिलक ने अपनी पारी में 8 चौके और 7 छक्के जड़े.
मुंबई इंडियंस (प्लेइंग इलेवन): दानिश मालेवार, क्विंटन डिकॉक, नमन धीर, सूर्यकुमार यादव, हार्दिक पंड्या (कप्तान), तिलक वर्मा, शेरफेन रदरफोर्ड, मिचेल सेंटनर, कृष भगत, जसप्रीत बुमराह, एएम गजनफर.
गुजरात टाइटंस (प्लेइंग इलेवन): शुभमन गिल, साई सुदर्शन, जोस बटलर, वाशिंगटन सुंदर, ग्लेन फिलिप्स, शाहरुख खान, राशिद खान, मोहम्मद सिराज, कगिसो रबाडा, प्रसिद्द कृष्णा, अशोक शर्मा.
आजतक स्पोर्ट्स डेस्क