भारत से हार के बाद फूट-फूटकर रोए थे बांग्लादेशी खिलाड़ी... 10 साल बाद महमूदुल्लाह का छलका दर्द

भारतीय टीम ने साल 2016 के टी20 वर्ल्ड कप में बांग्लादेश पर 1 रन से रोमांचक जीत हासिल की थी. अब लगभग 10 साल बाद उस मैच से जुड़ी एक भावुक कहानी सामने आई है. बांग्लादेश टीम के एक पूर्व कप्तान ने खुलासा किया कि भारत से मिली उस दर्दनाक हार के बाद टीम के कई प्लेयर्स मैदान पर ही रो पड़े थे.

Advertisement
बांग्लादेश के पूर्व कप्तान महमूदुल्लाह रियाद (Photp: AP) बांग्लादेश के पूर्व कप्तान महमूदुल्लाह रियाद (Photp: AP)

aajtak.in

  • बेंगलुरु,
  • 13 मार्च 2026,
  • अपडेटेड 5:47 PM IST

साल 2016 के आईसीसी मेन्स टी20 वर्ल्ड कप में भारत और बांग्लादेश के बीच खेले गए मुकाबले को फैन्स अब तक नहीं भूले हैं. 23 मार्च 2016 को बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेले गए उस मुकाबले में भारत ने आखिरी गेंद पर बांग्लादेश को 1 रन से हराकर अविश्वसनीय जीत दर्ज की थी. मैच का आखिरी ओवर हार्दिक पंड्या ने फेंका था, जिसमें उन्होंने शानदार गेंदबाजी कर बाजी पलट दी थी.

Advertisement

अब बांग्लादेश के पूर्व कप्तान महमूदुल्लाह ने उस दिल तोड़ने वाली हार पर बड़ा बयान दिया है. महमूदुल्लाह ने उस हार को याद करते हुए कहा कि वह पल टीम के लिए बेहद दर्दनाक था और खिलाड़ी मैदान से लेकर होटल तक रोते रहे थे. महमूदुल्लाह ने क्रिकबज से बात करते हुए कहा कि बांग्लादेशी टीम उस हार को समझ ही नहीं पाई थी.

महमूदुल्लाह ने कहा, 'मुझे आज भी समझ नहीं आता कि उस मैच में क्या हुआ. वह बहुत दर्दनाक था. हम मैदान पर रो पड़े थे और होटल लौटकर भी रोते रहे. मैं, मुशफिकुर और कई अन्य खिलाड़ी बेहद दुखी थे क्योंकि हम भारत को हराने के बहुत करीब थे. महमूदुल्लाह ने यह भी स्वीकार किया कि उस समय उनकी सोच गलत थी.

महमूदुल्लाह ने कहा कि वह एक चौका लगाकर मैच खत्म करना चाहते थे, जबकि आसान विकल्प स्ट्राइक रोटेट करना था. महमूदुल्लाह कहते हैं, 'मैं सोच रहा था कि अगर एक चौका लग जाए तो मैच खत्म हो जाएगा. सच कहूं तो वह मेरी बहुत बड़ी गलती थी.'

Advertisement

उस मैच में भारत ने टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में सात विकेट पर 146 रनों का स्कोर खड़ा किया था. भारतीय टीम की ओर से सुरेश रैना ने सबसे ज्यादा 30 रन बनाए. लक्ष्य का पीछा करते हुए बांग्लादेश मैच में लगातार आगे दिख रहा था. आखिरी ओवर में बांग्लादेश को जीत के लिए 11 रन चाहिए थे और उसके चार विकेट शेष थे.

हार्दिक का ऐसा रहा था आखिरी ओवर
उस ओवर में हार्दिक पंड्या की पहली गेंद पर महमूदुल्लाह ने एक रन लिया. फिर दूसरी और तीसरी गेंद पर मुश्फिकुर रहीम ने लगातार दो चौके जड़ दिए, जिससे बांग्लादेश जीत के बेहद करीब पहुंच गया. लेकिन इसके बाद मैच ने नाटकीय मोड़ लिया. हार्दिक ने चौथी गेंद पर मुश्फिकुर को शिखर धवन के हाथों कैच आउट करा दिया. उसके बाद पांचवीं गेंद पर महमूदुल्लाह भी रवींद्र जडेजा को कैच थमा बैठे.

अब 1 गेंद बचा था और बांग्लादेश को जीत के लिए 2 रन बनाने थे. शुवागता होम आखिरी गेंद को सही से खेल नहीं सके और कप्तान एमएस धोनी ने तेजी से दौड़कर स्ट्राइकर एंड पर बेल्स गिरा दिए. मुस्ताफिजुर रहमान क्रीज तक नहीं पहुंच पाए थे और भारत ने मैच 1 रन से जीत लिया. उस जीत के साथ भारत ने टूर्नामेंट में अपनी उम्मीदें जिंदा रखीं और सेमीफाइनल तक पहुंचा. हालांकि मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेले गए सेमीफाइनल में भारत को वेस्टइंडीज से हार का सामना करना पड़ा था.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement