Sun Transit in Aries 2026: ज्योतिष शास्त्र में ग्रहों के राजा माने जाने वाले सूर्य देव अपनी राशि परिवर्तन करने जा रहे हैं. साल 2026 में सूर्य देव मीन राशि की अपनी यात्रा समाप्त कर 14 अप्रैल को मेष राशि में प्रवेश करेंगे. मेष सूर्य की उच्च राशि मानी जाती है, इसलिए यहां सूर्य का आगमन अत्यंत शक्तिशाली और शुभ फल देने वाला होता है. इस गोचर को मेष संक्रांति के रूप में भी मनाया जाता है, जो सौर नव वर्ष के आरंभ का प्रतीक है.
मेष राशि में सूर्य: बढ़ेगा मान-सम्मान और तेज
सूर्य जब अपनी उच्च राशि मेष में आते हैं, तो जातक के साहस, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता में जबरदस्त वृद्धि होती है. 14 अप्रैल से शुरू होने वाला यह गोचर प्रशासनिक सेवाओं, राजनीति और प्रबंधन से जुड़े लोगों के लिए विशेष लाभकारी रहेगा. इस दौरान समाज में आपका प्रभाव बढ़ेगा. सरकारी कार्यों में आ रही बाधाएं दूर होंगी.
इन 4 राशियों की चमकेगी किस्मत
मेष राशि: सूर्य आपकी ही राशि के लग्न भाव में प्रवेश कर रहे हैं. इससे आपके व्यक्तित्व में निखार आएगा. नई नौकरी के प्रस्ताव मिल सकते हैं.
मिथुन राशि: आपके ग्यारहवें भाव में सूर्य का गोचर आय के नए स्रोत खोलेगा. आर्थिक स्थिति मजबूत होगी. बड़े भाई-बहनों का सहयोग प्राप्त होगा.
सिंह राशि: सूर्य आपके भाग्य स्थान में गोचर करेंगे. विदेश यात्रा के योग बनेंगे. धार्मिक कार्यों में रुचि बढ़ेगी. लंबे समय से रुके हुए प्रोजेक्ट्स फिर से गति पकड़ेंगे.
धनु राशि: शिक्षा और संतान के क्षेत्र में शुभ समाचार मिलेंगे. यदि आप किसी प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रहे हैं, तो सफलता मिलने की प्रबल संभावना है.
करियर और व्यापार पर क्या होगा असर?
उच्च के सूर्य का प्रभाव व्यापारियों के लिए मुनाफे के नए अवसर लाएगा. विशेष रूप से जो लोग सोने, तांबे या अनाज के व्यापार से जुड़े हैं, उन्हें बड़ा लाभ हो सकता है. नौकरीपेशा जातकों को पदोन्नति और नई जिम्मेदारियां मिल सकती हैं. हालांकि, सूर्य के प्रभाव से स्वभाव में थोड़ा अहंकार आ सकता है, जिससे बचने की सलाह दी जाती है.
शुभ फल प्राप्ति के उपाय
सूर्य के इस गोचर का अधिकतम लाभ उठाने के लिए नियमित रूप से 'आदित्य हृदय स्तोत्र' का पाठ करें. रोज सुबह तांबे के लोटे में जल भरकर सूर्य देव को अर्घ्य दें. रविवार के दिन लाल चंदन या गुड़ का दान करना भी भाग्य को मजबूत करेगा.
aajtak.in