Shukra Gochar 2026: ज्योतिष शास्त्र में शुक्र ग्रह को सुख, प्रेम, सौंदर्य और भौतिक सुख-सुविधाओं का कारक माना जाता है. द्रिक पंचांग के अनुसार, फिलहाल शुक्र कुंभ राशि में स्थित हैं और 2 मार्च 2026 को वे मीन राशि में प्रवेश करने जा रहे हैं. मीन राशि शुक्र की उच्च राशि मानी जाती है, इसलिए यहां आने के बाद शुक्र बेहद प्रभावशाली हो जाते हैं और अपनी पूरी ताकत के साथ शुभ फल देते हैं. ऐसे में कई राशियों के जीवन में सकारात्मक बदलाव देखने को मिल सकते हैं.
ज्योतिषियों के अनुसार, मीन राशि में शुक्र का प्रभाव बढ़ने से व्यक्ति के जीवन में प्रेम, करियर, धन और सुविधाओं से जुड़े अच्छे परिणाम मिलने लगते हैं. इस दौरान रिश्तों में मिठास आती है और आर्थिक स्थिति में सुधार के संकेत मिलते हैं. आइए जानते हैं शुक्र के मीन राशि में प्रवेश करना किन राशियों के लिए सबसे ज्यादा लाभकारी माना जा रहा है.
वृषभ राशि
वृषभ राशि के लिए शुक्र का यह गोचर खास फल देने वाला रहेगा क्योंकि शुक्र इनके स्वामी ग्रह हैं. आय के नए स्रोत बन सकते हैं. अचानक धन लाभ के योग बनेंगे. करियर में सराहना मिलेगी, खासकर क्रिएटिव फील्ड से जुड़े लोगों को फायदा होगा. प्रेम और वैवाहिक जीवन में खुशियां बढ़ेंगी और सुख-सुविधाओं में इजाफा होगा.
मिथुन राशि
मिथुन राशि के लिए यह गोचर करियर के लिहाज से फायदेमंद साबित हो सकता है. नौकरी में तरक्की या नई जिम्मेदारी मिल सकती है. लंबे समय से अटका हुआ पैसा वापस मिल सकता है. व्यापार में नए अवसर सामने आएंगे और प्रतिष्ठा बढ़ेगी. परिवार और दांपत्य जीवन में संतुलन बना रहेगा. घर या वाहन खरीदने की योजना भी बन सकती है.
कर्क राशि
कर्क राशि के लिए यह समय भाग्य का साथ दिलाने वाला रहेगा. लंबे समय से अटके काम पूरे होंगे और विदेश से जुड़े मामलों में सफलता मिल सकती है. पढ़ाई या प्रतियोगी परीक्षाओं में अच्छे परिणाम मिलेंगे. आर्थिक स्थिति बेहतर होगी और परिवार का सहयोग मिलेगा. जीवन में सकारात्मक ऊर्जा और संतोष बना रहेगा.
तुला राशि
तुला राशि के जातकों को इस दौरान कार्यक्षेत्र में अच्छे परिणाम मिल सकते हैं. आय में वृद्धि होगी और नए अवसर मिल सकते हैं. पार्टनरशिप में किए गए काम लाभ देंगे. स्वास्थ्य में सुधार होगा और जीवनसाथी का सहयोग मिलेगा. प्रेम संबंधों में भी मधुरता बढ़ेगी और जीवन में संतुलन बना रहेगा.
मकर राशि
मकर राशि के लोगों के लिए यह समय नए संपर्क और अवसर लेकर आ सकता है. छोटी यात्राएं लाभकारी रहेंगी. भाई-बहनों का सहयोग मिलेगा. व्यापार में मार्केटिंग और नेटवर्किंग से फायदा होगा. आर्थिक योजनाएं सफल हो सकती हैं. आत्मविश्वास बढ़ेगा. रचनात्मक कार्यों में रुचि बढ़ेगी.
aajtak.in