राजस्थान: स्पीड ब्रेकर पर उछली बाइक, सिर के बल गिरी महिला की मौत, 5 बच्चों से छिना मां का साया

राजस्थान के अलवर में एक दर्दनाक हादसा हो गया. यहां एक महिला बाइक से सिर के बल सड़क पर गिर गई. जिससे उसकी मौत हो गई. इस घटना ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है.

Advertisement
सड़क हादसे में महिला की मौत. (Photo: Screengrab) सड़क हादसे में महिला की मौत. (Photo: Screengrab)

हिमांशु शर्मा

  • अलवर,
  • 23 फरवरी 2026,
  • अपडेटेड 12:19 PM IST

अलवर जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. यहां अलवर-दिल्ली हाईवे पर बालोत नगर के पास बने स्पीड ब्रेकर पर बाइक उछलने से महिला सड़क पर सिर के बल गिर पड़ी, जिससे उसकी मौत हो गई.  इस हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है. मृतका हसीना अपने भतीजे अरसद खान के साथ बाइक पर बैठकर नंगली सहजपुर अपनी बहन से मिलने जा रही थी.

Advertisement

सिर के बल सड़क पर गिरी और हो गई मौत

बताया गया है कि उसकी बहन के पति का हाल ही में निधन हो गया था. ऐसे में उसकी बहन इद्दत पर बैठी हुई थी, जिससे मिलने के लिए हसीना घर से निकली थी. परिजनों के अनुसार बाइक तेज रफ्तार में थी. हसीना ने रास्ते में भतीजे से कई बार बाइक धीरे चलाने को कहा, लेकिन वह नहीं माना. इसी बीच बालोत नगर हाईवे पर स्पीड ब्रेकर पार करते समय बाइक उछल गई और वो नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई.

यह भी पढ़ें: दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, ट्रक से टकराई कार, चार युवकों की मौत

परिजन तुरंत उसे रामगढ़ अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने हालत नाजुक देखते हुए अलवर रेफर कर दिया. लेकिन अलवर ले जाते समय रास्ते में हीं हसीना ने दम तोड़ दिया. रात में पुलिस ने शव को रामगढ़ उपजिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया. वहीं रविवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया.

Advertisement

5 बच्चों के सिर से उठा मां का साया

मृतका के पति सुबेदीन निवासी बीजवा ने थाने में रिपोर्ट दर्ज कराते हुए लापरवाही से वाहन चलाने का आरोप लगाया है. फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. हसीना अपने पीछे 5 मासूम बच्चों को छोड़ गई. पांच बच्चों में दो बेटियां और तीन बेटे हैं. बड़ा बेटा आमिर 15 साल का है, जबकि सबसे छोटी बेटी आलिया महज 3 साल की है. सुबेदीन अलवर बुर्जा के पास एक फैक्ट्री में मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करते हैं. मां की अचानक मौत से बच्चों के सिर से साया उठ गया और परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement