How to Make Lauki Bharta: क्या आपने खाया लौकी का भरता, संजीव कपूर स्टाइल में बनाएंगे तो भूल जाएंगे बैंगन भरता

How to Make Lauki Bharta: अक्सर लोग लौकी का नाम सुनते ही नाक-मुंह सिकोड़ने लगते हैं लेकिन क्या आपने कभी लौकी का भरता चखा है? अगर आप बैंगन के भरते के शौकीन हैं तो यकीन मानिए यह रेसिपी आपको उसका स्वाद भी भुला देगी. यह न सिर्फ बनाने में आसान है, बल्कि स्वाद में इतनी लाजवाब है कि घर के बच्चे भी इसे मांग-मांग कर खाएंगे.

Advertisement
लौकी का भरता (Photo: ITG) लौकी का भरता (Photo: ITG)

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 03 अप्रैल 2026,
  • अपडेटेड 9:54 PM IST

लौकी अपनी तासीर में ठंडी और आसानी से पचने वाली होती है जो गर्मियों के मौसम के लिए सबसे बेहतरीन सब्जी मानी जाती है. आमतौर पर इसे बोरिंग समझा जाता है लेकिन मशहूर शेफ संजीव कपूर ने कुछ समय पहले अपने यूट्यूब चैनल पर लौकी का भरता बनाने की रेसिपी शेयर की थी. इस रेसिपी में लौकी को पूरी तरह बैंगन भरता के ही स्टाइल में बनाया जाता है जिससे इसका स्वाद पूरी तरह बदल जाता है. यह कम तेल और मसालों में बनने वाली एक ऐसी डिश है जो आपकी थाली का जायका बढ़ा देगी. आइए जानते हैं इसे बनाने का एकदम नया और आसान तरीका.

Advertisement

लौकी का भरता बनाने के लिए आपको चाहिए होंगे ये चीजें
1 मध्यम आकार की नरम लौकी

2 बारीक कटे प्याज

2 बड़े टमाटर (कटे हुए)

2 हरी मिर्च (बारीक कटी)

1 बड़ा चम्मच अदरक-लहसुन का पेस्ट

1/2 कप बारीक कटा हरा धनिया

1 चम्मच जीरा

1/2 चम्मच हल्दी पाउडर

1 चम्मच लाल मिर्च पाउडर

1 चम्मच धनिया पाउडर

1/2 चम्मच गरम मसाला

नमक स्वादानुसार

2 बड़े चम्मच सरसों का तेल

बनाने का तरीका
लौकी भूनें: लौकी को धोकर पोंछ लें और उस पर हल्का सा तेल लगा लें. लौकी पर जगह-जगह चीरा लगा दें. अब बैंगन की तरह ही लौकी को गैस पर धीमी आंच पर उलट-पलट कर अच्छी तरह भूनें जब तक कि उसका बाहरी छिलका काला न पड़ जाए और अंदर से नरम न हो जाए.

साफ करें: भुनी हुई लौकी को ठंडा होने दें, फिर उसका काला छिलका हटाकर उसे पानी से धो लें. अब इसे चाकू से छोटे टुकड़ों में काटकर या मैशर से अच्छी तरह मैश कर लें.

Advertisement

तड़का लगाएं: एक कड़ाही में सरसों का तेल गरम करें. इसमें जीरा डालें, फिर कटा हुआ प्याज और हरी मिर्च डालकर सुनहरा होने तक भूनें.

मसाले पकाएं: अब अदरक-लहसुन का पेस्ट डालें और टमाटर के साथ नमक मिलाकर तब तक पकाएं जब तक टमाटर गल न जाएं. इसके बाद हल्दी, लाल मिर्च और धनिया पाउडर डालें.

भरता तैयार करें: मसाले जब तेल छोड़ दें, तो इसमें मैश की हुई लौकी डालें. इसे अच्छी तरह मिलाकर धीमी आंच पर 5-7 मिनट तक पकने दें ताकि मसाले लौकी में समा जाएं.

फिनिशिंग टच: अंत में गरम मसाला और खूब सारा हरा धनिया डालकर गर्मागर्म रोटी या पराठे के साथ सर्व करें.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement