हरी सौंफ देखकर न खा जाएं धोखा! डाई से बना रहे चमकदार, ऐसे करें असली-नकली में अंतर

गुजरात के ऊंझा में फैक्ट्री से 3500 किलो नकली सौंफ जब्त की गई है. इस फैक्ट्री में सौंफ को चमकाने के लिए खतरनाक केमिकल रंग मिलाया जा रहा था. आप नकली और असली सौंफ में फर्क कैसे करें, इस बारे में जानेंगे.

Advertisement
नकली और असली सौंफ में अंतर करना मुश्किल हो सकता है. (Photo: ITG) नकली और असली सौंफ में अंतर करना मुश्किल हो सकता है. (Photo: ITG)

आजतक लाइफस्टाइल डेस्क

  • नई दिल्ली,
  • 27 मई 2026,
  • अपडेटेड 12:14 PM IST

गुजरात के ऊंझा में फूड सेफ्टी डिपार्टमेंट ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए एक फैक्ट्री से 3500 किलोग्राम से अधिक मिलावटी सौंफ और 140 किलोग्राम केमिकल एजेंट जब्त किया है. यह फैक्ट्री बिना किसी FSSAI लाइसेंस के गैरकानूनी तरीके से चलाई जा रही थी. छापे के दौरान अधिकारियों ने पाया कि सौंफ को ज्यादा हरा और चमकदार दिखाने के लिए उसमें एक खतरनाक, बिना खाने वाला केमिकल डाई (रंग) मिलाया जा रहा था. अब ऐसे में वो फैक्टी कब से चल रही होगी और कितनी मात्रा में सौंफ मार्केट में पहुंच चुकी होगी, इस बात ने चिंताएं बढ़ा दी हैं. नकली और असली सौंफ को आसानी से कुछ तरीकों से पहचाना जा सकता है. यदि आप भी मार्केट से सौंफ खरीद रहे हैं तो इन तरीकों को जरूर ध्यान रखें.

Advertisement

हरी सौंफ का मतलब डाई?

होटल-रेस्टोरेंट में खाना खाने के बाद या घर में माउथ फ्रेशनर के तौर पर सौंफ का इस्तेमाल हर कोई करता है. लेकिन बाजार में मिलने वाली जरूरत से ज्यादा हरी और चमकदार सौंफ आपकी सेहत को गंभीर नुकसान पहुंचा सकती है. कई बार अधिक कमाई के चक्कर में फैक्ट्री वाले इसमें ऐसा केमिकल रंग मिला सकते हैं जो इंसानी शरीर के लिए बिल्कुल सुरक्षित नहीं है. यह रंग पेट की गंभीर बीमारियों से लेकर लिवर और किडनी को नुकसान पहुंचा सकता है.

घर बैठे ऐसे करें असली और नकली सौंफ की पहचान

बाजार से खरीदी गई सौंफ असली है या उसमें केमिकल मिला है, इसकी जांच आप घर पर ही बेहद आसान तरीके के कर सकते हैं. सबसे पहला तरीका है कि सबसे पहले आप थोड़ी सौंफ लेकर उसे अपने हाथों की हथेलियों पर रखकर आपस में रगड़ें. यदि रगड़ने के बाद आपके हाथ पर हरा रंग लग जाता है या हथेली का रंग बदल जाता है तो समझ जाएं कि इसमें आर्टिफिशियल कलर मिलाया गया है. असली सौंफ को रगड़ने पर वह कभी भी अपना रंग नहीं छोड़ती.

Advertisement

पानी का टेस्ट से पहचानें

नकली सौंफ को पहचानने का दूसरा सबसे तरीका है पानी वाला टेस्ट. इसके लिए आप कांच के गिलास में थोड़ा सा साफ पानी लें और उसमें एक चम्मच सौंफ डाल दें. इसके बाद पानी को अच्छी तरह हिलाएं और कुछ देर के लिए छोड़ दें. यदि सौंफ में केमिकल डाई मिली होगी तो पानी का रंग तुरंत गहरा हरा या केमिकल जैसा दिखने लगेगा और वहीं यदि कलर नहीं होगा तो पानी के रंग में बस हल्का सा बदलाव होगा.

सौंफ खरीदते समय इन बातों का रखें ध्यान

सौंफ खरीदते वक्त हमेशा बहुत ज्यादा गहरे हरे और एकदम चमकीले दानों को देखकर लालच में न आएं. असली सौंफ का रंग थोड़ा सा हल्का और स्वाभाविक होता है. हमेशा पैक्ड और भरोसेमंद ब्रांड्स से ही सौंफ या मसाले खरीदें जिन पर FSSAI का लोगो और लाइसेंस नंबर साफ लिखा हो.

खुले में मिलने वाली बेहद सस्ती और अजीब सी महक वाली सौंफ को खरीदने से बचें क्योंकि यह आपकी और आपके परिवार की सेहत के लिए बड़ा खतरा बन सकती है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement