क्या आपने कभी सोचा है कि दुनिया के सबसे अमीर शख्स और 749 अरब डॉलर की संपत्ति के मालिक एलन मस्क का घर अंदर से कैसा होगा? कभी न कभी तो जरूर सोचा ही होगा. आपके ख्यालों में एलन मस्क दुनिया की हर लग्जरी से लैस एक ऐसे घर में रहते होंगे, जहां उनके एक इशारे पर सबकुछ होता होगा. है ना? लेकिन अगर हम कहें कि जैसा आप सोचते हैं वैसा कुछ भी नहीं है, तो? जी हां, चौंकिए मत क्योंकि उनका घर बिल्कुल भी आलीशान नहीं है. जी हां, सच्चाई आपको ख्यालों से बिल्कुल उलट है.
हाल ही में एलन मस्क की मां Maye Musk ने उनके टेक्सास वाले घर के अंदर की इनसाइड फोटो और उनके घर से जुड़ीं कुछ दिलचस्प बातें शेयर कीं. उन्होंने बताया कि एलन मस्क करीब 50 हजार डॉलर के छोटे से घर में रहते हैं, जिसमें किसी भी तरह की लग्जरी चीजें नहीं हैं. बल्कि वहां पर बेहद साधारण चीजें हैं. एलन मस्क के घर में न कोई महंगी सजावट है, न ही ज्यादा फर्नीचर, और यहां तक कि फ्रिज में खाने का सामान भी नहीं था. चलिए जानते हैं एलन मस्क की मां ने घर के बारे में क्या-क्या दिलचस्प बताया.
किराए के घर में रहते हैं एलन मस्क
अरबों की संपत्ति के मालिक एलन मस्क महज 50 हजार डॉलर के एक छोटे से घर में रहते हैं, जो Boca Chica, टेक्सास में स्थित है. ये छोटा सा घर उनकी स्पेस कंपनी SpaceX के हेडक्वार्टर के बिल्कुल पास है. रिपोर्ट्स की मानें तो वे ज्यादातर समय यहीं रहते हैं. खास बात ये है कि एलन मस्क किरायदार हैं. जी हां, वो इस घर के मालिक नहीं हैं वो इसे SpaceX से किराए पर लेते हैं. इतना दौलतमंद होने के बावजूद भी उनका ऐसे किराए पर लिए घर में रहना लोगों के लिए हैरानी वाली बात है.
घर के अंदर क्या-क्या है?
सोशल मीडिया पर शेयर की गई तस्वीर को देखें तो साफ नजर आ रहा है कि एलन मस्क के घर का इंटीरियर बेहद सिंपल और मिनिमलिस्ट है. घर के अंदर एक छोटा सा ओपन किचन और लिविंग एरिया नजर आ रहा है, जिसमें वाइट कलर की कैबिनेट, फ्रिज और स्टोव वाला एक बिल्कुल बेसिक किचन सेटअप है.
एलन मस्क के लिविंग एरिया की बात करें तो उसमें एक डार्क वुड कॉफी टेबल रखी है, जिस पर रॉकेट शेप का मॉडल रखा हुआ है, जो उनकी कंपनी SpaceX की याद दिलाता है.
इसके साथ ही टेबल के पास एक समुराई तलवार (कटाना) और कुछ किताबें भी दिखाई दे रही हैं. घर में एक बहुत ही सिंपल लड़की की डाइनिंग टेबल और कुर्सियां रखी हैं. खास बात ये है कि पूरे घर में कहीं भी महंगी-महंगी चीजों की सजावट नहीं दिख रही है. घर की खिड़कियों पर न भारी पर्दे हैं, न महंगे कालीन और न ही कोई लग्जरी डेकोरेशन. यहां तक कि दीवारें भी लगभग खाली हैं, जो घर की सादगी को और साफ तौर पर दिखाती हैं.
एलन मस्क की मां ने घर को लेकर खोला राज
Maye Musk ने X पर घर की फोटो को रिपोस्ट करते हुए कुछ राज खोले. उन्होंने मजाकिया अंदाज में बताया कि जब वो वहां रहने गई थीं तो घर में चीजें बहुत ही सिंपल थीं. उन्होंने खुलासा किया कि फ्रिज में खाने का सामान तक नहीं था, वो खुद गैराज में सोई थीं और बाथरूम में सिर्फ एक ही तौलिया रखा हुआ था, जिसे उन्होंने एलन मस्क के लिए छोड़ दिया. हालांकि उन्होंने ये भी कहा कि उन्हें इस बात से बिल्कुल भी परेशानी नहीं हुई और उन्होंने इसे हल्के-फुल्के अंदाज में साझा किया.
पहले ही बेच चुके हैं ज्यादातर घर
रिपोर्ट्स की मानें एलन मस्क पहले ही अपनी ज्यादातर संपत्तियां बेच चुके हैं. साल 2020 में उन्होंने ऐलान किया था कि वो अपनी ज्यादातर प्रॉपर्टी बेच देंगे. इसके बाद उन्होंने कैलिफोर्निया में मौजूद अपने 7 घरों को करीब 100 मिलियन डॉलर में बेचने के लिए लिस्ट कर दिया था. अरबों की संपत्ति के मालिक होने के बावजूद एलन मस्क आज Boca Chica में स्थित इसी छोटे और साधारण घर में रहते हैं, जो उनकी सादगी भरी लाइफस्टाइल को दिखाता है.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क