Rajasthani Aam Ki Launji: घर पर तैयार करें राजस्थान की फेमस 'आम की लौंजी', हफ्ते भर नहीं होगी खराब, नोट करें रेसिपी
राजस्थानी आम की लौंजी एक पारंपरिक खट्टी-मीठी डिश है, जो कच्चे आम से बनाई जाती है. यह गर्मियों में खाने का स्वाद बढ़ाने के साथ लंबे समय तक सुरक्षित रहती है, आसान रेसिपी और देसी मसालों के साथ तैयार यह लौंजी हर थाली को खास बना देती है और सबसे अच्छी बात यह है कि इसे बनाने में ज्यादा समय भी नहीं लगता है.
Rajasthani Aam Ki Launji: गर्मियों के मौसम में राजस्थानी खाने का मजा ही कुछ अलग होता है, क्योंकि वो बिना फ्रिज के लंबे समय तक टिक जाता है और इसके अलावा वो गर्मी के मौसम में शरीर को ठंडक भी देता है, यही वजह है कि राजस्थानी खाना बहुत लाजवाब लगता है.
राजस्थानी खाने की बात हो और उसमें खट्टा-मीठा स्वाद न हो, ऐसा हो ही नहीं सकता. राजस्थानी डिशेज में से एक आम की लौंजी है, जो गर्मियों में खासतौर पर बनाई जाती है. इसका टेस्ट इतना बेहतरीन होता है कि एक बार खाने के बाद आप इसे बार-बार बनाना चाहेंगे. आइए जानते हैं इस खास रेसिपी को आप घर पर कैसे बना सकते हैं, वो भी झटपट.
राजस्थान एक ऐसा प्रदेश है जहां पानी की कमी और गर्म जलवायु के कारण खाने-पीने की चीजों को लंबे समय तक सुरक्षित रखने की परंपरा रही है. इसी वजह से यहां अचार, चटनी और लौंजी जैसे चीजें विकसित हुईं. आम की लौंजी भी इसी परंपरा का हिस्सा है, जिसे कच्चे आम यानी कैरी से बनाया जाता है.
कैरी की लौंजी इसलिए गर्मियों में बनाई जाती है ताकि गर्मियों में शरीर को ठंडक मिले और खाने में स्वाद भी बना रहे. पहले के समय में जब फ्रिज नहीं होते थे, तब इस तरह की खट्टी-मीठी लौंजी कई दिनों तक खराब नहीं होती थी, इसलिए इसे सफर के दौरान भी साथ ले जाया जाता था.
राजस्थानी थाली में लौंजी की एक खास जगह है, यह दाल-बाटी-चूरमा के साथ या रोटी-पराठे के साथ परोसी जाती है और इससे खाने का टेस्ट कई गुना बढ़ा जाता है.
आम की लौंजी बनाने की इंग्रेडिएंट्स
कच्चे आम- 2-3 (छीलकर टुकड़ों में कटे हुए)
तेल- 2 बड़े चम्मच
राई- 1 छोटा चम्मच
जीरा- 1 छोटा चम्मच
सौंफ- 1 छोटा चम्मच
कलौंजी- ½ छोटा चम्मच
हल्दी पाउडर- ½ छोटा चम्मच
लाल मिर्च पाउडर- 1 छोटा चम्मच
नमक- स्वादानुसार
चीनी या गुड़- 3-4 बड़े चम्मच
पानी- ½ कप
आम की लौंजी बनाने का आसान तरीका
सबसे पहले कच्चे आम यानी कैरी को साफ पानी से अच्छी तरह से धोकर छील लें और छोटे-छोटे टुकड़ों में काट लें.
अब एक कड़ाही में तेल गर्म करें, जब तेल गर्म हो जाए. तब उसमें राई डालें. राई चटकने लगे तो जीरा, सौंफ और कलौंजी डालकर हल्का भून लें.
अब इसमें कटे हुए आम डालें और 2 से 3 मिनट तक अच्छे से चलाएं. इसके बाद हल्दी, लाल मिर्च और नमक डालकर मिलाएं.
मसालों से तेल अलग होने के बाद इसमें थोड़ा पानी डालें और ढककर 5 से 7 मिनट तक पकने दें, ताकि आम सॉफ्ट हो जाएं.
जब आम अच्छे से गल जाएं, तब इसमें चीनी या गुड़ डालें. इसे धीमी आंच पर तब तक पकाएं जब तक यह गाढ़ी चटनी जैसी कंसिस्टेंसी में न आ जाए.
बीच-बीच में चलाते रहें ताकि यह नीचे से चिपके नहीं. जब लौंजी अच्छी तरह पक जाए और उसमें हल्की चाशनी बन जाए, तब गैस बंद कर दें. इसे ठंडा होने दें.
परोसने का तरीका
आम की लौंजी को आप रोटी, पराठे या दाल-चावल के साथ परोस सकते हैं. इसका खट्टा-मीठा स्वाद हर खाने को खास बना देता है.
अगर आप इसमें थोड़ा सा गरम मसाला या भुना जीरा पाउडर डाल दें, तो इसका स्वाद और भी बढ़ जाता है.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क