How to Get Rid of Rats: रिहायशी इलाकों में अब सांप जैसे जहरीले जानवरों का खतरा तो कम हो गया है, मगर गर्मियां आते ही छिपकलियां और चूहे जरूर जीना मुश्किल कर देते हैं. खासकर गर्मियों में चूहे ठंडी और सुरक्षित जगहों की तलाश में घरों और दुकानों में घुस आते हैं. यह न सिर्फ खाने-पीने की चीजों को खराब करते हैं, बल्कि कपड़े, जरूरी कागज, वायरिंग तक कुतर डालते हैं, दुकानों में तो इनकी वजह से बड़ा नुकसान भी हो सकता है.
ऐसे में लोग कई तरह के उपाय अपनाते हैं, कई बार लोग इनको मारने के लिए बाजार में मिलने वाला जहर और केमिकल वाली दवा भी घर में डाल देते हैं, लेकिन हर बार यह चीजे असरदार साबित नहीं होती हैं. अगर आप भी चूहों के आतंक से परेशान हैं, तो अच्छी बात यह है कि अब आप इन आसान और असरदार तरीकों के जरिए घर से दूर भगा सकते हैं.
पुदीना तेल का इस्तेमाल करें: चूहों को पुदीने की तेज खुशबू बिल्कुल पसंद नहीं होती. रुई में पुदीना तेल लगाकर उन जगहों पर रखें, जहां चूहों का आना-जाना ज्यादा हो. इसकी तेज स्मेल से चूहे दूर भागने लगते हैं. इस बात का ध्यान रखें कि अगर आपके घर बच्चे हैं तो यह नुस्खा बहुत ध्यान से करें और हो सके तो बच्चों को उन जगहों से दूर ही रखें.
लाल मिर्च पाउडर छिड़कें: घर और दुकानों में जहां ज्यादा चूहे दिखाई देते हैं, वहां लाल मिर्च पाउडर छिड़क दें. आप देखेंगे कि मिर्ची पाउडर की तीखी स्मेल और असर से चूहे उस जगह के आसपास नहीं आएंगे. यह एक पुराना और बहुत असरदार देसी उपाय है.
कपूर से दूर भगते हैं चूहे: लाल मिर्च और पुदीने की तरह ही चूहे कपूर की खुशबू भी बिल्कुल पसंद नहीं करते हैं और इसलिए आप चाहे तो चूहों को भागने के लिए छोटे-छोटे कपूर के टुकड़े स्टोर रूम, किचन या दुकानों के कोनों में रख सकते हैं. इससे चूहे दोबारा उस जगह पर नहीं भटकते हैं.
खाने की चीजें ढककर रखें: चूहे गर्मी ठंडी जगह और खाने की तलाश में ही घरों के अंदर आते हैं. अगर खाने या अनाज खुला रहेगा, तो वे बार-बार लौटेंगे. इसलिए जितना हो सके खाने-पीने की चीजों को एयरटाइट डिब्बों में रखें, क्योंकि चूहों को खाने को नहीं मिलेगा तो वो खुद ही धीरे-धीरे घर से बाहर जाने लगेंगे.
छेद और दरारें बंद करें: चूहों को घर से दूर रखना चाहते हैं को सबसे पहले अपने घर और दुकानों की दीवार, फर्श या दरवाजों के आसपास बने छोटे छेद फौरन बंद कर दीजिए. घरों और दुकानों में एंट्री के लिए यही चूहों के रास्ते होते हैं, इन्हें सीमेंट, स्टील वूल या जाली से बंद कर दें.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क