High Protein Paratha Premix: ज्यादातर भारतीय घरों में जब भी नाश्ते की बात आती है, तो सबसे पहले लोगों के दिमाग में पराठे का नाम आता है. गरमा-गर्म मक्खन लगा पराठा जब चाय या चटनी के साथ सर्व किया जाता है, तो लोगों को मजा आ जाता है. लेकिन जैसे ही फिटनेस और वेट लॉस की बात आती है, तो सबसे पहले पराठे पर ही गाज गिरती है. लोग इसे अनहेल्दी और कार्ब्स से भरपूर मानकर अपनी डाइट से बाहर कर देते हैं. लेकिन क्या हो अगर हम आपसे कहें कि अब पराठा आपकी फिटनेस का दुश्मन नहीं, बल्कि पार्टनर बन सकता है?
दरअसल, मशहूर मास्टरशेफ पंकज भदौरिया ने पराठा लवर्स के लिए एक ऐसा 'हाई-प्रोटीन पराठा प्रीमिक्स' शेयर किया है, जो स्वाद और सेहत का बेजोड़ संगम है. ये नुस्खा उन लोगों के लिए किसी वरदान से कम नहीं है जो जिम जाते हैं या वजन कम करने की कोशिश कर रहे हैं. इस प्रीमिक्स से बने पराठों को आप आसानी से अपनी हेल्दी डाइट में शामिल कर सकते हैं. चलिए जानते हैं कैसे बनाएं प्रोटीन से भरपूर पराठे का प्रीमिक्स.
क्या है हाई-प्रोटीन पराठा प्रीमिक्स?
पंकज भदौरिया द्वारा शेयर किया गया पराठों का प्रीमिक्स कोई साधारण आटा नहीं, बल्कि हेल्दी और न्यूट्रिशन से भरपूर खास मिक्स है. इसमें अलग-अलग दालें, सत्तू और तिल को मिलाकर ऐसा आटा तैयार किया गया है, जो प्रोटीन का अच्छा सोर्स बन जाता है. सबसे अच्छी बात ये है कि आप इसे एक बार बनाकर एयरटाइट डिब्बे में रखें, तो ये आटा करीब 3 महीने तक आसानी से चल जाता है. यानी आपको इस प्रीमिक्स को रोज-रोज मेहनत करके बनाने की जरूरत नहीं है.
हाई-प्रोटीन पराठा प्रीमिक्स
प्रीमिक्स बनाने का आसान तरीका
1. प्रीमिक्स बनाने के लिए सबसे पहले मूंग दाल, उड़द दाल और तिल को अलग-अलग हल्का सा भून लें. जब वो हल्की भुन जाए तब उसे ठंडा होने दें. ठंडी होने के बाद फिर इन सभी को बारीक पीस लें.
2. अब इसमें सत्तू, गेहूं का आटा और बाकी सभी मसाले डालकर अच्छे से मिक्स कर लें.
3. आपका हाई प्रोटीन प्रीमिक्स तैयार है. अब इस तैयार मिक्स को एयरटाइट डिब्बे में भरकर रखें. ये 3 महीने तक खराब नहीं होगा.
4. जब भी पराठा बनाना हो, इसी मिक्स से आटा गूंथ लें और हल्के घी या तेल की मदद से गरमा-गरम पराठे बना लें.
5. आप इसे दही, हरी चटनी या अचार के साथ खा सकते हैं. सुबह के नाश्ते के लिए ये एक बढ़िया और हेल्दी ऑप्शन है.
आजतक लाइफस्टाइल डेस्क