कर्नाटक में सत्ताधारी दल कांग्रेस में चल रही तकरार थमने का नाम नहीं ले रही है. मुख्यमंत्री पद के लिए डीके शिवकुमार और सिद्धारमैया में जंग अब जग जाहिर है. इस बीच बेंगलुरू के एक निजी होटल में 2 मंत्रियों समेत 30 कांग्रेस विधायकों की बैठक हुई.
कांग्रेसी विधायक और मंत्री एक विधायक के जन्मदिन की पार्टी के बहाने निजी होटल में जमा हुए थे. इनमें मंत्री डी. सुधाकर, मगदी बालकृष्ण, सी.पी. योगेश्वर, कदलूर उदय, रवि गनीगा और बसवराज शिवगंगा शामिल हैं.
इसके अलावा नयामा मोत्तम्मा, शरथ बचेगौड़ा, कुनिगल रंगनाथ, प्रकाश कोलिवाडा, अनेकल शिवन्ना और वेंकटेश पावागाडा भी बैठक में शामिल रहे. बैठक के दौरान कर्नाटक कांग्रेस के मंत्रियों और विधायकों ने कैमरे को पोज भी दिए.
आलाकमान के फैसले पर विधायकों की नजर
इस बैठक में लीडरशिप पावर संघर्ष पर चर्चा हुई. डीके शिवकुमार को समर्थन दे रहे कांग्रेसी विधायकों ने इस बात पर बातचीत की कि आलाकमान का अगला कदम क्या होगा. दिल्ली से आलाकमान क्या फैसला लेता है, इस पर विधायकों ने नजर बनाई हुई है.
क्या है मामला?
बता दें कि कर्नाटक कांग्रेस में पावर शेयरिंग को लेकर विवाद फैला है. सरकार बनते समय कथित तौर पर समझौता हुआ था कि ढाई साल सिद्धारमैया और ढाई साल डीके शिवकुमार मुख्यमंत्री पद का कार्यभार संभालेंगे. इस हिसाब से 2025 में सिद्धारमैया का कार्यकाल पूरा हो चुका है. ऐसे में अब डीके के समर्थक उन्हें मुख्यमंत्री बनाने की मांग कर रहे हैं.
नागार्जुन