सड़कों पर समंदर, मौत का तांडव... अप्रैल की गर्मी में बारिश से बेहाल बेंगलुरु, Photos

Bengaluru Rains: अप्रैल की भीषण गर्मी के बीच बेंगलुरु में भारी बारिश ने तबाही मचाई है. इस प्राकृतिक आपदा में अब तक 10 लोगों की मौत हो चुकी है, जिनमें अस्पताल की दीवार गिरने से 7 और बिजली का करंट लगने से 2 मौतें शामिल हैं. भारी बारिश और तेज हवाओं के कारण कई पेड़ उखड़ गए, सड़कें जलमग्न हो गईं.

Advertisement
बेंगलुरु में बारिश से तबाही, दर्जनों पेड़ गिरे (Photo-PTI) बेंगलुरु में बारिश से तबाही, दर्जनों पेड़ गिरे (Photo-PTI)

aajtak.in

  • बेंगलुरु,
  • 30 अप्रैल 2026,
  • अपडेटेड 2:14 PM IST

बेंगलुरु में तेज हवाओं के साथ भारी बारिश और ओलावृष्टि ने तबाही मचा दी है. इस प्राकृतिक आपदा में अब तक 10 लोगों की मौत हो चुकी है. बेंगलुरु में बुधवार शाम को करीब एक घंटे तक लगातार भारी बारिश हुई. इसके साथ ही ओले गिरे और तेज हवाएं चलीं, जिससे कई जगह बड़े-बड़े पेड़ उखड़ गए. बिजली के खंभे गिर गए और सड़कें पानी से भर गईं. कई इलाकों में पानी इतना भर गया कि गाड़ियां तक नहीं चल पाईं. अंडरपास भी जलमग्न हो गए.

Advertisement

सबसे दर्दनाक घटना बोरिंग और लेडी कर्जन अस्पताल के कंपाउंड वॉल के गिरने की रही. अस्पताल की दीवार ढहने से 7 लोगों की मौत हो गई, जिनमें एक 6 साल की छोटी बच्ची भी शामिल है. मरने वालों में दो केरल के छात्र भी थे, जो स्टडी टूर पर आए थे. बताया जा रहा है कि वह बारिश से बचने के लिए दीवार के पास शरण ले रहे थे.

बिजली का झटका लगने से दो मौतें
वेगा सिटी मॉल के पास 35 साल के रघु नाम के व्यक्ति की बिजली का करंट लगने से मौत हो गई. वहीं, यारब नगर में एक छात्र सैयद सूफियान अपनी मोटरसाइकिल पार्क करने के दौरान लाइव बिजली के तार से टकरा गए और उनकी भी मौत हो गई.

छत पर गिरा सीमेंट का ब्लॉक
चामराजपेट इलाके में एक और हादसा हुआ, जहां तेज हवा के कारण एक सीमेंट का ब्लॉक उड़कर घर की छत को भेदता हुआ अंदर गिर गया. इससे घर के अंदर मौजूद मंजुनाथ की मौके पर ही मौत हो गई.

Advertisement
Bengaluru rains (Photo-PTI)

शहर में भारी नुकसान
अधिकारियों के मुताबिक, पूरे शहर में 87 पेड़ उखड़ गए और 131 टहनियां टूट गई हैं. इनमें से 60 पेड़ और 98 टहनियां हटा दी गई हैं, बाकी जगहों पर काम जारी है. कई पार्क की गई कारें और दोपहिया वाहन पेड़ों के नीचे दब गए हैं. जिससे वाहनों को भी काफी नुकसान हुआ है.

शहर के कई मुख्य चौराहे और अंडरपास पानी से भर गए. केआर सर्कल अंडरपास तो पूरी तरह पानी में डूब गया, जिसे पुलिस ने बंद कर दिया है. सड़कों पर गिरे पेड़ों और अटकी गाड़ियों की वजह से ट्रैफिक पूरी तरह ठप हो गया. लोग घंटों तक फंसकर रह गए.

Heavy rains in Bengaluru (Photo-PTI)

कई इमारतों को भी आंशिक नुकसान पहुंचा है. इस अचानक आई बारिश और तूफान ने शहरवासियों को पूरी तरह चौंका दिया. प्रशासन ने अगले तीन दिनों तक भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है. लोगों से अनावश्यक बाहर न निकलने और सुरक्षित जगह पर रहने की अपील की गई है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement