'कुत्ते का मतलब है वफादारी और डीके शिवकुमार भी...', सिद्धारमैया के करीबी मंत्री को कांग्रेस विधायक का जवाब

कर्नाटक में नेतृत्व परिवर्तन के मुद्दे पर पूछे गए सवाल के जवाब में सीएम सिद्धारमैया के करीबी और राज्य सरकार में सामाजिक कल्याण मंत्री एच.सी. महादेवप्पा के कथित 'स्ट्रीट डॉग्स' वाले बयान पर कांग्रेस पार्टी में तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिल रही है. डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार के खेमे के विधायकों ने महादेवप्पा की इस टिप्पणी को अपने ऊपर लिया है.

Advertisement
मुख्यमंत्री सिद्धारमैया के करीबी और राज्य सरकार में मंत्री महादेवप्पा की 'गली का कुत्ता' वाली टिप्पणी ने कर्नाटक कांग्रेस में कलह को जन्म दे दिया है. (File Photo: PTI) मुख्यमंत्री सिद्धारमैया के करीबी और राज्य सरकार में मंत्री महादेवप्पा की 'गली का कुत्ता' वाली टिप्पणी ने कर्नाटक कांग्रेस में कलह को जन्म दे दिया है. (File Photo: PTI)

नागार्जुन

  • बेंगलुरु,
  • 18 फरवरी 2026,
  • अपडेटेड 4:44 PM IST

कर्नाटक कांग्रेस में नेतृत्व परिवर्तन को लेकर चल रही खींचतान के बीच सियासी बयानबाजी तेज हो गई है. राज्य के सामाजिक कल्याण मंत्री एच.सी. महादेवप्पा के कथित तौर पर पार्टी नेताओं की तुलना 'स्ट्रीट डॉग्स' से करने वाले बयान ने राजनीतिक भूचाल ला दिया है. इस टिप्पणी के बाद न सिर्फ कांग्रेस के अंदर तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आईं, बल्कि राज्य में नेतृत्व परिवर्तन को लेकर चल रही अटकलें भी फिर से तेज हो गई हैं. मंड्या से कांग्रेस विधायक रवि कुमार गौड़ा ने उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार का खुलकर बचाव किया है.

Advertisement

उन्होंने कहा, 'कुत्ते का मतलब वफादारी होता है, डीके का मतलब भी वफादार है. वह कांग्रेस हाईकमान के सिपाही हैं. शायद इसी वजह से महादेवप्पा ने ऐसा कहा. डीके शिवकुमार पिछले 40 वर्षों से पार्टी के प्रति वफादार रहे हैं. 2013 में जब वह मंत्री नहीं बने, तब भी उन्होंने नाराजगी नहीं जताई. आज मुख्यमंत्री नहीं बने हैं, तब भी उन्हें कोई शिकायत नहीं है. उनके पास बाजी जीतने के लिए राजनीतिक रणनीति और बुद्धिमत्ता है. वह चुपचाप सिक्का उछाल रहे हैं, जिसका मतलब है कि वह बाजी जीतेंगे. पॉलिटिक्स एक गेम है और 136 खिलाड़ी डीके के पक्ष में हैं. जवाब बहुत जल्द आएगा. हम भाजपा में क्यों जाएंगे? डीके हमारी पार्टी से मुख्यमंत्री बनेंगे.'

दरअसल, महादेवप्पा को मुख्यमंत्री सिद्धारमैया का करीबी माना जाता है. कर्नाटक में नेतृत्व परिवर्तन को लेकर डीके शिवकुमार समर्थक विधायकों द्वारा हाईकमान से हस्तक्षेप की मांग की जा रही है. इस बारे में जब महादेवप्पा से जब पूछा गया तो उन्होंने कहा, 'नेतृत्व परिवर्तन पर कहां चर्चा है? हाई कोर्ट ने कहा है कि स्ट्रीट डॉग्स को पकड़कर पिंजरे में डालो. यहां नेतृत्व मजबूत है. हाईकमान को निर्देश कौन देता है? क्या आप या मैं दे सकते हैं? पार्टी हाईकमान को हमें निर्देश देने होते हैं. क्या पूंछ कुत्ते को हिलाएगी? पूरी लीडरशिप में इस बारे में कोई चर्चा नहीं हो रही है.' महादेवप्पा के इस बयान को डीके शिवकुमार और उनका समर्थन करने वाले विधायकों पर परोक्ष हमला माना जा रहा हैं. 

Advertisement

यह भी पढ़ें: कर्नाटक में CA साइट्स पर घमासान, बीजेपी ने कांग्रेस पर लगाए गंभीर आरोप, डीके शिवकुमार ने किया पलटवार

हालांकि, उनके इस बयान से कर्नाटक कांग्रेस के कुछ नेताओं में नाराजगी दिखी. बेंगलुरु ग्रामीण सीट से पूर्व सांसद और उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार के भाई डीके सुरेश ने कहा कि वफादार कांग्रेस कार्यकर्ताओं की तुलना 'आवारा कुत्तों' से नहीं की जानी चाहिए. वहीं विधायक शिवगंगा बसवराज ने भी इस बयान को अनुचित बताते हुए कहा कि एक वरिष्ठ नेता को ऐसे शब्दों का इस्तेमाल नहीं करना चाहिए. बसवराज ने कहा, 'कुत्ता और उसकी पूंछ दोनों ही हमारे हैं. अगर हम पूंछ को लेकर बुरा महसूस करेंगे तो कुत्ते का कोई महत्व नहीं रह जाएगा. कुत्ते का पूंछ हिलाना ही उचित है. वह एक वरिष्ठ नेता हैं और उन्हें इस तरह नहीं बोलना चाहिए था.'

कर्नाटक कांग्रेस के भीतर नेतृत्व को लेकर खींचतान पिछले साल नवंबर में शुरू हुई, जब सरकार ने अपने पांच वर्षीय कार्यकाल का आधा समय पूरा कर लिया. मुख्यमंत्री सिद्धारमैया और उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार के साथ-साथ गृह मंत्री जी परमेश्वर ने भी शीर्ष पद की दौड़ में अपनी दावेदारी पेश की है. कर्नाटक कांग्रेस से जुड़े सूत्रों का ऐसा कहना रहा है कि साल 2023 में कर्नाटक में पार्टी की जीत के बाद जब सरकार का गठन हुआ तो हाईकमान ने सिद्धारमैया और डीके शिवकुमार के लिए 'ढाई-ढाई वर्ष के सीएम कार्यकाल' का फॉर्मूला तय किया था. इसीलिए सरकार के ढाई वर्ष पूरे होने पर डीके शिवकुमार के खेमे के विधायकों ने नेतृत्व परिवर्तन का मुद्दा उठाना शुरू किया. 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement