'ये राष्ट्रपति नहीं, संविधान का अपमान...', प्रोटोकॉल उल्लंघन पर PM मोदी ने फिर ममता सरकार को घेरा

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल की टीएमसी सरकार पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के अपमान का आरोप लगाते हुए कड़ी आलोचना की. उन्होंने कहा कि ये घटना न केवल राष्ट्रपति का अपमान है, बल्कि भारत के संविधान और लोकतंत्र की भावना पर हमला है. पीएम मोदी ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के मौके पर इस मुद्दे को उठाते हुए कहा कि टीएमसी की गंदी राजनीति और सत्ता के अहंकार को बंगाल की जनता जल्द ही तोड़ देगी.

Advertisement
पीएम नरेंद्र मोदी ने ममता सरकार पर बोला हमला. (Photo: X @BJP) पीएम नरेंद्र मोदी ने ममता सरकार पर बोला हमला. (Photo: X @BJP)

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 08 मार्च 2026,
  • अपडेटेड 4:15 PM IST

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर दिल्ली में लगभग 33,500 करोड़ रुपये की लागत से कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया. इस मौके पर एक जनसभा को संबोधित करते हुए पश्चिम बंगाल की टीएमसी सरकार पर राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के प्रोटोकॉल का उल्लंघन करने पर जमकर निशाना साधा. पीएम ने टीएमसी पर राष्ट्रपति के अपमान का आरोप लगाया.

Advertisement

पीएम ने जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, 'आज देश अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस मना रहा है, और कल पश्चिम बंगाल में टीएमसी सरकार ने देश की राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू का घोर अपमान किया है. द्रौपदी मुर्मू संथाल समुदाय के एक बड़े उत्सव में शामिल होने के लिए बंगाल गई थीं, लेकिन राष्ट्रपति का सम्मान करने के बजाय, टीएमसी ने इस पवित्र और महत्वपूर्ण आयोजन का बहिष्कार किया.' 

'ये संविधान का अपमान'

पीएम मोदी ने कहा, 'द्रौपदी मुर्मू खुद आदिवासी समुदाय से आती हैं और हमेशा उनके विकास के लिए चिंतित रहती हैं. टीएमसी सरकार ने उस कार्यक्रम को कुप्रबंधन के भरोसे छोड़ दिया. यह न केवल राष्ट्रपति का अपमान है, बल्कि भारत के संविधान का भी अपमान है. ये संविधान की भावना का अपमान है. यह लोकतंत्र की महान परंपरा का भी अपमान है...'

Advertisement

प्रधानमंत्री ने जोर देकर कहा कि ये व्यवहार संविधान की भावना के खिलाफ है.

'जल्द चकनाचूर होगा सत्ता...'

पीएम ने आगे कहा, 'हमारे देश में कहा जाता है कि कोई व्यक्ति कितना भी शक्तिशाली क्यों न हो, अंततः अहंकार ही उसका नाश करता है. आज देश की राजधानी से, मैं आप सभी से अपील करता हूं कि टीएमसी की गंदी राजनीति और सत्ता का अहंकार, जिसने एक आदिवासी राष्ट्रपति की गरिमा का अपमान किया है, जल्द ही चकनाचूर हो जाएगा. 

उन्होंने कहा कि पश्चिम बंगाल की प्रबुद्ध जनता टीएमसी को एक महिला, एक आदिवासी, देश की राष्ट्रपति का अपमान करने के लिए कभी माफ नहीं करेगी. देश भी उन्हें कभी माफ नहीं करेगा। देश का आदिवासी समुदाय उन्हें कभी माफ नहीं करेगा. देश की महिलाएं उन्हें कभी माफ नहीं करेंगी.

क्या है मामला

दरअसल, ये विवाद राष्ट्रपति मुर्मू के उत्तर बंगाल दौरे के दौरान सामने आया, जहां वह दार्जिलिंग जिले में 9वें अंतरराष्ट्रीय संथाल सम्मेलन में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं थीं. मूल रूप से कार्यक्रम बिधाननगर (फांसीदेवा ब्लॉक) में प्रस्तावित था, जहां बड़ी संख्या में संथाल आदिवासी समुदाय के लोग पहुंच सकते थे. लेकिन राज्य प्रशासन ने सुरक्षा, भीड़भाड़ और अन्य कारणों का हवाला देकर इसे बागडोगरा एयरपोर्ट के पास गोशाईपुर (या गोसाईंपुर) में ट्रांसफर कर दिया गया. राष्ट्रपति ने खुद इस बदलाव पर नाराजगी जताई और कहा कि नया स्थान छोटा था, जिससे कई लोग पहुंच नहीं पाए.

Advertisement

उन्होंने ममता बनर्जी को छोटी बहन बताते हुए पूछा कि क्या वो उनसे नाराज हैं, क्योंकि न तो मुख्यमंत्री और न ही कोई मंत्री उन्हें रिसीव करने पहुंचीं, जबकि पद की गरिमा के लिए प्रोटोकॉल का पालन जरूरी है.

इसी को लेकर बीजेपी ममता बनर्जी और टीएमसी सरकार पर हमलावर है. हालांकि, ममता ने बीजेपी के सभी आरोपों को सिरे से खारिज कर दिया है और कहा कि इस कार्यक्रम को बारे में राज्य सरकार को कोई जानकारी नहीं थी.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement