पंजाब: CM मान का बड़ा ऐलान, ‘मेरी रसोई योजना’ के तहत 40 लाख परिवारों को मिलेगा मुफ्त राशन

पंजाब सरकार ने ‘मेरी रसोई योजना’ के तहत अप्रैल से 40 लाख परिवारों को तिमाही मुफ्त फूड किट देने की घोषणा की. किट में दाल, चीनी, नमक, हल्दी और सरसों तेल शामिल होगा. यह किट NFSA के गेहूं से अलग होगी और गरीब व दलित परिवारों को विशेष लाभ मिलेगा.

Advertisement
सीएम मान ने कहा कि अप्रैल से 'मेरी रसोई' का राशन घर-घर पहुंचेगा  (Photo-ITG) सीएम मान ने कहा कि अप्रैल से 'मेरी रसोई' का राशन घर-घर पहुंचेगा (Photo-ITG)

aajtak.in

  • चंडीगढ़,
  • 23 फरवरी 2026,
  • अपडेटेड 9:04 PM IST

पंजाब में खाद्य और पोषण सुरक्षा को मजबूत करने की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए मुख्यमंत्री भगवंत मान ने ‘मेरी रसोई योजना’ की शुरुआत का ऐलान किया. इस योजना के तहत अप्रैल से राज्य के 40 लाख परिवारों को तिमाही आधार पर मुफ्त फूड किट वितरित की जाएंगी. ये किट राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम (NFSA) के तहत मिलने वाले गेहूं से अलग दी जाएंगी.

Advertisement

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पहल गरीब और जरूरतमंद परिवारों के लिए राहत लेकर आएगी. प्रत्येक किट में दो किलो दाल, दो किलो चीनी, एक किलो नमक, 200 ग्राम हल्दी पाउडर और एक लीटर सरसों का तेल शामिल होगा. 

उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं करेगी और सभी वस्तुओं की सख्त जांच सुनिश्चित की जाएगी. मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार जनता के पैसे का एक-एक रुपया जन-कल्याण पर खर्च कर रही है. 

उन्होंने विपक्षी दलों पर निशाना साधते हुए कहा कि पिछली सरकारों के दौरान जनता का पैसा नेताओं की जेब में जाता था, जबकि मौजूदा सरकार पारदर्शिता और ईमानदारी से काम कर रही है. वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि इस योजना का सबसे अधिक लाभ राज्य के गरीब और दलित परिवारों को मिलेगा. यह पहल राज्य में सामाजिक न्याय और समावेशी विकास को बढ़ावा देगी.

Advertisement

यह भी पढ़ें: पंजाब में भगवंत मान सरकार का एक्शन, 2 सीनियर IAS अधिकारी सस्पेंड

मुख्यमंत्री ने बताया कि मार्कफेड इस योजना के लिए नोडल एजेंसी के रूप में कार्य करेगा और खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग के माध्यम से किटों की सप्लाई सुनिश्चित की जाएगी. सुचारू वितरण के लिए मजबूत तंत्र तैयार किया गया है ताकि पात्र लाभार्थियों तक समय पर सहायता पहुंचे.

उन्होंने कहा कि पंजाब ने देश को अनाज उत्पादन में आत्मनिर्भर बनाने में ऐतिहासिक भूमिका निभाई है. अब राज्य सरकार की जिम्मेदारी है कि प्रदेश का कोई भी परिवार भूखा न रहे. उन्होंने जोर देकर कहा कि यह गारंटी चुनावी वादा नहीं, बल्कि पंजाब के लोगों के प्रति नैतिक दायित्व है.

मुख्यमंत्री ने घोषणा की कि अप्रैल से किटों का वितरण शुरू होगा और हर तिमाही में इसे नियमित रूप से जारी रखा जाएगा. आने वाले लोक-हितैषी बजट में भी समाज के हर वर्ग के लिए कल्याणकारी उपायों का दायरा और बढ़ाया जाएगा.
 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement