प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि बंगाल की धरती पर एक नए सूरज का उदय हुआ है. ये एक ऐसा सवेरा है जिसका इंतजार कई पीढ़ियों ने किया. पीएम मोदी ने कहा कि इस जीत से श्यामा प्रसाद मुखर्जी की आत्मा को शांति मिली होगी. पीएम मोदी ने कहा कि पहली बार बंगाल में डर नहीं लोकतंत्र जीता है. दिल्ली में बीजेपी मुख्यालय में बंगाल, असम और पुदुचेरी में जीत का जश्न मनाने पहुंचे पीएम मोदी ने 13 साल पुरानी उस कहानी को याद किया जब उन्होंने कहा था- मां गंगा ने मुझे बुलाया है.
पीएम मोदी ने कहा कि पिछले साल 14 नवंबर को जब बिहार चुनाव के नतीजे आए थे, तब मैंने यहीं इसी जगह से आप सबको कहा था गंगा जी बिहार से आगे बहते हुए गंगासागर तक जाती हैं. आज बंगाल की जीत के साथ गंगोत्री से लेकर गंगासागर तक कमल ही कमल खिला हुआ है. उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, बिहार और अब पश्चिम बंगाल. आज मां गंगा के ईर्द-गिर्द बसे इन राज्यों में भाजपा, NDA सरकार है.
पीएम मोदी ने आगे कहा, "2013 में जब भाजपा ने मुझे प्रधानमंत्री के उम्मीदवार के रूप में भी काम दिया और जब मैं काशी में अपना नामांकन भरने गया था और पत्रकारों ने मुझे घेर लिया तो स्वाभाविक रूप से मेरे हृदय से एक ध्वनि निकली और मैंने कहा था कि न मैं आया हूं, न मुझे किसी ने भेजा है, मां गंगा ने मुझे बुलाया है और आज मैं हर पल अनुभव कर रहा हूं, मां गंगा का आशीर्वाद निरंतर हम सब पर अपनी कृपा बरसा रही है."
प्रधानमंत्री मोदी ने जोश से भरे बीजेपी कार्यकर्ताओं को कहा है कि डॉ मुखर्जी ने पश्चिम बंगाल को भारत का हिस्सा बनाए रखने के लिए एक बड़ी लड़ाई लड़ी थी. उन्होंने जिस सशक्त और समृद्ध समृद्ध बंगाल का सपना देखा था वो सपना कई दशकों से पूरा होने का इंतजार कर रहा था. आज 4 मई 2026 को बंगाल की जनता ने हम भाजपा कार्यकर्ता को वो अवसर दिया है. बंगाल के भाग्य में आज से एक नया अध्याय जुड़ गया है. आज से बंगाल भयमुक्त हुआ है. विकास के भरोसे से युक्त हुआ है."
यह भी पढ़ें: अमित शाह की रणनीति ने बदला बंगाल का खेल, बूथ मैनेजमेंट और ग्राउंड प्लानिंग से मिली जीत
पीएम मोदी ने कहा कि अभी 4 मई की यह शाम भले ही ढल रही हो लेकिन बंगाल की पावन धरा पर आज एक नया सूर्योदय हुआ है. एक ऐसा सवेरा जिसका इंतजार पीढ़ियों ने किया है. भाजपा ने जितनी सीटें जीतीं, वो महज एक चुनावी आंकड़ा नहीं है. ये उस अडिग विश्वास की हुंकार है जिसने डर, तुष्टीकरण और हिंसा की राजनीति को जड़ से उखाड़ फेंका है."
घुसपैठियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का भरोसा देते हुए पीएम मोदी ने कहा कि बंगाल के भविष्य की एक ऐसी यात्रा शुरू हो रही है जहां विकास, अटूट विश्वास और नई उम्मीदें कदम से कदम मिलाकर चलेंगी. मैं आज हर बंगालवासी को भरोसा देता हूं, बंगाल के बेहतर भविष्य के लिए, भाजपा दिन-रात एक कर देगी. बंगाल में अब महिलाओं को सुरक्षा का माहौल मिलेगा, युवाओं को रोजगार मिलेगा, पलायन रुकेगा. पहली कैबिनेट में ही आयुष्मान भारत योजना को हरी झंडी दिखाई जाएगी और घुसपैठियों के खिलाफ भी सख्त से सख्त कार्रवाई होगी."
यह भी पढ़ें: 'बंगाल की भूमि से TMC को उखाड़ने आया हूं...', जब अमित शाह ने ममता को था ललकारा
पीएम मोदी ने कहा कि वे बंगाल के हर राजनीतिक दल से एक आग्रह भी करना चाहते हैं. बंगाल में बीते दशकों में राजनीतिक हिंसा की वजह से न जाने कितनी जिंदगियां बर्बाद हो चुकी हैं. मेरा स्पष्ट मानना है कि आज से बंगाल की जो चुनावी आदतें फैली हुई हैं, उसमें बदलाव आना चाहिए. आज जब भाजपा जीती है, बदला नहीं बदलाव की बात होनी चाहिए. भय नहीं भविष्य की बात होनी चाहिए. मेरी सभी राजनीतिक दलों के कार्यकर्ताओं से अपील है, आइए हिंसा के इस अंत हीन चक्र को हमेशा के लिए खत्म करें. किसने किसे वोट दिया, किसे नहीं दिया, उससे ऊपर उठकर बंगाल की सेवा के लिए काम करें.
aajtak.in