नोएडा एयरपोर्ट उद्घाटन पर मुख्यमंत्री योगी का बड़ा संदेश... ‘नए भारत का प्रतीक’, पीएम मोदी की जमकर तारीफ

Yogi Adityanath Jewar airport speech: नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के उद्घाटन पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इसे ऐतिहासिक क्षण बताया और कहा कि यह नए भारत के निर्माण की दिशा में बड़ा कदम है. उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि देश विकास और विरासत दोनों को साथ लेकर आगे बढ़ रहा है.

Advertisement
पीएम मोदी की तारीफ के साथ सीएम योगी का संबोधन - विकास और विरासत साथ लेकर बढ़ रहा भारत (Photo: ITG) पीएम मोदी की तारीफ के साथ सीएम योगी का संबोधन - विकास और विरासत साथ लेकर बढ़ रहा भारत (Photo: ITG)

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 28 मार्च 2026,
  • अपडेटेड 1:34 PM IST

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के उद्घाटन कार्यक्रम को एक ऐतिहासिक क्षण बताया. "भारत माता की जय" और "हर-हर महादेव" के नारों के साथ अपना संबोधन शुरू करते हुए उन्होंने कहा कि यह एयरपोर्ट नए भारत के निर्माण की दिशा में एक बड़ा कदम है.

योगी आदित्यनाथ ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को दुनिया का सबसे लोकप्रिय और यशस्वी नेता बताया. उन्होंने कहा कि उनके मार्गदर्शन में देश विकास और विरासत दोनों को साथ लेकर चल रहा है. उन्होंने उत्तर प्रदेश की 25 करोड़ जनता की ओर से प्रधानमंत्री का स्वागत किया और कहा कि यह मौका उनके प्रति आभार व्यक्त करने का है.

Advertisement

तेल की कीमतें बढ़ रही हैं, लेकिन भारत में हालात काबू में

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि जब दुनिया के कई हिस्सों में अव्यवस्था और अस्थिरता है और पेट्रोलियम उत्पादों की कीमतें तेजी से बढ़ रही हैं, तब भारत में स्थिति नियंत्रित है. उन्होंने केंद्र सरकार के एक्साइज ड्यूटी घटाने के फैसले के लिए प्रधानमंत्री का धन्यवाद किया और इसे आम जनता को राहत देने वाला कदम बताया. उन्होंने कहा कि पिछले 11-12 सालों में "देश प्रथम" की भावना के साथ जो काम हुए हैं उनका नतीजा आज हर क्षेत्र में दिखाई दे रहा है.

यूपी की बदली तस्वीर

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि पहले उत्तर प्रदेश को विकास में बाधा माना जाता था लेकिन अब डबल इंजन सरकार की वजह से प्रदेश ने तेजी से विकास किया है और अपनी नई पहचान बनाई है. उन्होंने बताया कि इस एयरपोर्ट का शिलान्यास 25 नवंबर 2021 को हुआ था और आज उसके पहले चरण का उद्घाटन हो रहा है, जो इस बात का उदाहरण है कि काम कितनी तेज गति से हुआ.

Advertisement

कनेक्टिविटी का बड़ा केंद्र बनेगा जेवर

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि जेवर एयरपोर्ट उत्तर भारत के लिए एक बड़ा लॉजिस्टिक्स और कनेक्टिविटी हब साबित होगा. यह यमुना एक्सप्रेसवे, ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे और गंगा एक्सप्रेसवे से जुड़ेगा. इसके अलावा भविष्य की हाई-स्पीड रेल परियोजनाओं से भी इसे जोड़ने की योजना है जिससे यह उत्तर प्रदेश को नई ऊंचाई देगा.

यह भी पढ़ें: नोएडा को इंटरनेशनल एयरपोर्ट की सौगात, उद्घाटन कर PM मोदी बोले- यह जनता की अमानत

लाखों युवाओं को मिलेगा रोजगार

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि इस परियोजना से लाखों युवाओं के लिए प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर पैदा होंगे. सेमीकंडक्टर, इलेक्ट्रॉनिक्स मैन्युफैक्चरिंग, एमएसएमई, मेडिकल डिवाइस और अन्य औद्योगिक क्षेत्रों में निवेश की संभावनाएं बढ़ेंगी. आने वाले समय में यह एयरपोर्ट एक मल्टी-मॉडल कार्गो हब के रूप में विकसित होगा और उत्तर प्रदेश को सीधे वैश्विक बाजारों से जोड़ेगा. भविष्य में यहां कई रनवे भी विकसित किए जाएंगे जिससे यह एक बड़े ग्लोबल एयरपोर्ट का रूप लेगा.

किसानों का किया विशेष आभार

मुख्यमंत्री योगी ने उन किसानों का विशेष आभार जताया जिन्होंने इस परियोजना के लिए अपनी जमीन दी. उन्होंने कहा कि समयबद्ध मुआवजा और पुनर्वास के जरिए किसानों को इस विकास यात्रा से जोड़ा गया है.

अपने संबोधन के अंत में योगी आदित्यनाथ ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश आत्मनिर्भर बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है और नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट उसी संकल्प को साकार करने का प्रतीक है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement