उत्तर भारत के कई राज्यों में एक बार फिर मौसम के करवट लेने के आसार हैं. गर्मी के बीच अचानक पश्चिमी विक्षोभ यानी वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के एक्टिव होने से मौसम में उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है. मौसम विभाग (IMD) के पूर्वानुमान के मुताबिक, दिल्ली, यूपी, पंजाब, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश समेत कई राज्यों में आंधी-बारिश की संभावना है. IMD ने विभिन्न राज्यों में येलो और ऑरेंज अलर्ट जारी किया है.
दिल्ली के तापमान में बढ़ोतरी, फिर बारिश की संभावना
देश की राजधानी में बीते दो दिन से तापमान में बढ़ोतरी देखी जा रही है. दिल्ली में दिन का तापमान बढ़कर 36.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है, जो सामान्य से 3.6 डिग्री ज्यादा है. वहीं, बीते दिन यानी रविवार को न्यूनतम तापमान 19.8 डिग्री रहा, जो सामान्य से 1.7 डिग्री अधिक है. सफदरजंग, पालम, लोधी रोड, रिज और अयानगर में भी 35 से 36.2 डिग्री सेल्सियस के बीच तापमान रहा.
मौसम विभाग ने सोमवार, 30 मार्च को दिल्ली में हल्की बारिश और तेज हवाओं का येलो अलर्ट जारी किया है. अधिकतम तापमान 31 डिग्री और न्यूनतम 21 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने का अनुमान है.
पहाड़ों पर भी बारिश-बर्फबारी
हिमाचल प्रदेश के ऊंचे इलाकों में रविवार को फिर बर्फबारी हुई, जबकि मध्य और निचले इलाकों में रुक-रुक कर बारिश पड़ी. कुल्लू और लाहौल-स्पीति जिलों के ऊंचे क्षेत्रों में ताजा बर्फबारी देखी गई. कीलॉन्ग में 1 सेमी बर्फ गिरी, जबकि गोन्डला में हल्की बर्फबारी हुई है. मनाली के अटल टनल के दक्षिणी पोर्टल पर भी बर्फबारी हुई है.
शिमला मौसम कार्यालय ने सोमवार को मंडी, कुल्लू और शिमला जिलों में ओलावृष्टि, गरज-चमक के साथ आंधी और 40-60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाओं का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. पूरे राज्य में 4 अप्रैल तक नम मौसम रहने की संभावना है.
बता दें कि इस महीने हिमाचल प्रदेश में अब तक 87.4 mm बारिश हुई है, जो सामान्य से 20 प्रतिशत कम है. मौसम विभाग के अनुसार, 2 अप्रैल से उत्तर-पश्चिम भारत में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है, जिससे इन राज्यों में फिर मौसम प्रभावित रह सकता है.
पंजाब-हरियाणा के तापमान में गिरावट
पंजाब और हरियाणा के कई इलाकों में रविवार को हुई जोरदार बारिश से दिन के तापमान में काफी गिरावट आई है. हरियाणा के अंबाला, पंचकुला और यमुनानगर तथा पंजाब के रूपनगर, मोहाली, पटियाला, फगवाड़ा, जालंधर, होशियारपुर और लुधियाना में भी बारिश दर्ज की गई है.
अमृतसर में अधिकतम तापमान 28.1 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से दो डिग्री कम है. जबकि लुधियाना में 30 डिग्री तापमान दर्ज किया गया. हरियाणा के हिसार में 35 डिग्री, अंबाला में 30.4 डिग्री और गुरुग्राम में 34.5 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान रहा.
बारिश से बढ़ी किसानों की चिंता
बारिश से मौसम तो सुहावना हो गया, लेकिन खेतों में खड़ी गेहूं की फसल को लेकर किसानों की चिंता बढ़ गई है. अगर बारिश के साथ तेज हवाएं चलीं तो फसल को नुकसान पहुंच सकता है.
aajtak.in