संसद सत्र में हंगामे के बीच उपराष्ट्रपति जगदीप धनखड़ ने सोमवार को एक सर्वदलीय बैठक की. उन्होंने राज्यसभा में सदन के नेता और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा और राज्यसभा में विपक्ष के नेता और कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे से मुलाकात की. धनखड़ की ये मीटिंग ऐसे वक्त में हुई है जब विपक्षी दल उनके खिलाफ राज्यसभा में अविश्वास प्रस्ताव लाने की तैयारियां कर रहे हैं.
'कल सुबह होगी आगे की चर्चा'
उपराष्ट्रपति के आधिकारिक एक्स हैंडल से शेयर एक तस्वीर के साथ इस बैठक की जानकारी दी गई. पोस्ट में लिखा गया, 'उपराष्ट्रपति और राज्यसभा के सभापति जगदीप धनखड़ ने राज्यसभा में सदन के नेता जगत प्रकाश नड्डा, राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे और और संसद के अन्य वरिष्ठ सदस्यों से आज सदन में गतिरोध दूर करने के लिए अपने चैंबर में मुलाकात की.'
पोस्ट में बताया गया कि सभापति ने इस मामले पर आगे चर्चा करने के लिए सदन के नेता और राज्यसभा के विपक्ष के नेता को कल सुबह 10.30 बजे मिलने के लिए आमंत्रित किया है, जिस पर दोनों नेताओं ने सहमति व्यक्त की है.
ओम बिड़ला ने भी की सर्वदलीय बैठक
दूसरी ओर लोकसभा में जारी गतिरोध को समाप्त करने के लिए सोमवार को लोकसभा स्पीकर ओम बिड़ला ने विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं के साथ सर्वदलीय बैठक की. बैठक में संसद के सुचारू संचालन पर सहमति बनी, जिससे कल से संसद के कामकाज के सामान्य होने की उम्मीद है.
बैठक में लोकसभा स्पीकर ने सभी सदस्यों से अपील की कि वे सदन को सुचारू रूप से चलने दें और जनता से जुड़े मुद्दों पर चर्चा को प्राथमिकता दें. स्पीकर की इस अपील पर सभी दलों के प्रतिनिधियों ने सहमति जताई और सदन में गतिरोध खत्म करने का आश्वासन दिया है.
गतिरोध समाप्त करने पर बनी सहमति
बता दें कि संसद में जारी गतिरोध को समाप्त करने के लिए सोमवार को सत्तारूढ़ भाजपा और विपक्षी दलों के बीच सहमति बनी. संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने भरोसा जताया कि लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही मंगलवार से सुचारू रूप से चलेगी. लोकसभा स्पीकर ओम बिड़ला ने विभिन्न दलों के फ्लोर नेताओं के साथ बैठक की, जिसमें यह सहमति बनी.
aajtak.in