मध्य प्रदेश के होशंगाबाद से भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के सांसद दर्शन सिंह चौधरी ने शुक्रवार को लोकसभा में पत्रकारों की सुरक्षा का मुद्दा उठाया. उन्होंने पत्रकारों की सुरक्षा और आर्थिक मजबूती के लिए समग्र प्रभावी पत्रकार सुरक्षा एवं कल्याण नीति बनाने की मांग की. दर्शन सिंह चौधरी ने कहा कि रिपोर्टिंग के दौरान पत्रकारों को संपूर्ण सुरक्षा और पहले की तरह यात्रा में 50 फीसदी रियायत को फिर से बहाल किया जाना चाहिए.
उन्होंने कहा कि पत्रकारों और उनके परिजनों के लिए जीवन और स्वास्थ्य बीमा की व्यवस्था होनी चाहिए. पत्रकारों के बच्चों के लिए शिक्षा में सहायता की व्यवस्था होनी चाहिए. दर्शन सिंह चौधरी ने यह भी डिमांड की है कि पत्रकारों को आवास या प्लॉट आवंटन किया जाना चाहिए. उन्होने यह भी कहा कि पत्रकारों के लिए आवास की सुविधा होनी चाहिए.
यह भी पढ़ें: 'यूपी के छात्रों ने क्या अपराध किया है', सपा सांसद की लोकसभा में मांग- जल्द कराएं छात्रसंघ चुनाव
होशंगाबाद से बीजेपी के सांसद दर्शन सिंह ने नेशनल हाईवे, स्टेट हाईवे पर टोल में रियायत के साथ ही एआई आधारित जर्नलिज्म के लिए प्रशिक्षण की व्यवस्था करने की मांग भी लोकसभा में उठाई. इससे पहले, उन्होंने कहा कि पत्रकारिता केवल पेशा नहीं, एक मिशन है. भारतीय लोकतंत्र में यह चौथा स्तंभ है. सूचना का माध्यम नहीं, यह लोकतंत्र की आत्मा है. दर्शन सिंह चौधरी ने कहा कि पत्रकारिता वह शक्ति है, जो सत्ता को जवाबदेह बनाती है.
यह भी पढ़ें: 'आप भूतपूर्व मंत्री, अब मंत्री का अधिकार इनको', जितिन प्रसाद की ओर संकेत कर अनुराग ठाकुर से बोले स्पीकर ओम बिरला
उन्होंने कहा कि समाज को जागरूक बनाती है और देश को सही दिशा में आगे बढ़ाने में सहायक होती है. कार्यपालिका, विधायिका और न्यायपालिका को विभिन्न प्रकार की सुरक्षा, सुविधाएं और संस्थागत संरक्षण प्राप्त हैं. दर्शन सिंह चौधरी ने कहा कि उसी अनुपात में हमारे पत्रकार बंधुओं को भी अपेक्षित सुरक्षा और सहयोग मिलना चाहिए. उन्होंने कहा कि पत्रकार चाहे फील्ड में रिपोर्टिंग कर रहे हों या किसी संवेदनशील मुद्दे को उजागर कर रहे हों, उनको अनेक प्रकार के जोखिम और असुरक्षा का सामना करना पड़ता है.
aajtak.in