देशभर में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदलता नजर आ रहा है. जहां एक तरफ उत्तर-पश्चिम भारत में तापमान बढ़ने लगा है, वहीं कई राज्यों में बारिश का दौर जारी है. राजधानी दिल्ली में तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया गया है, जिससे मौसम में नर्मी बनी रह सकती है, लेकिन आने वाले दिनों में गर्मी तेजी से बढ़ने के संकेत हैं.
मौसम विभाग के मुताबिक, आज, 10 अप्रैल को दिल्ली के अधिकतम तापमान में 2 डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज हो सकती है और न्यूनतम तापमान में भी इजाफा देखने को मिलेगा. दिल्ली में आज न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस और अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस रह सकता है. वहीं, दिन के वक्त तेज सतही हवाएं चल सकती हैं. मौसम के पूर्वानुमान के मुताबिक, अब हर दिन दिल्ली के तापमान में इजाफा देखने को मिलेगा.
स्काईमेट के मुताबिक, आज सिक्किम, सब-हिमालयी पश्चिम बंगाल, उत्तर ओडिशा तट, अरुणाचल प्रदेश और असम में हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है. इसके अलावा मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिजोरम, त्रिपुरा, गंगीय पश्चिम बंगाल और तटीय ओडिशा में भी हल्की से मध्यम बारिश की संभावना बनी हुई है.
दक्षिण भारत की बात करें तो केरल और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह के दक्षिणी हिस्सों में हल्की और छिटपुट बारिश हो सकती है। वहीं पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों में भी कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश देखने को मिल सकती है.
उधर, उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत में अगले 3 से 4 दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे बढ़ोतरी होने के आसार हैं, जिससे लोगों को फिर से गर्मी का सामना करना पड़ सकता है.
aajtak.in