मौसम विभाग ने 17 फरवरी 2026 को पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और राजस्थान समेत कई इलाको में गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई है. वहीं, दिल्ली-एनसीआर में भी 18 फरवरी को बूंदाबांदी देखने को मिल सकती है. IMD के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के असर से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में बर्फबारी और उत्तर-पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में बारिश देखने को मिल सकती है.
बारिश का यह दौर दक्षिण तमिलनाडु और केरल में भी आने वाले दिनों में देखने को मिल सकता है. अंडमान और निकोबार द्वीपसमूह में भी बादल बरस सकते हैं. वहीं, पहाड़ी राज्य उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश में भी बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है.
देश के कुल 10 हिस्सों में बारिश का अनुमान जताया गया है. इनमें पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, राजस्थान, दिल्ली, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, दक्षिण तमिलनाडु, केरल और अंडमान-निकोबार शामिल हैं.
यह भी पढ़ें: पहले सूर्य ग्रहण दिखेगा, फिर आसमान में दिखेगी ग्रहों की परेड... फरवरी में इस दिन होगी ये खगोलीय घटनाएं
जानें दिल्ली-NCR का मौसम
17 फरवरी 2026 को दिल्ली-एनसीआर में सुबह के समय कई इलाकों में धुंध छाई रहेगी. आसमान में हल्के बादल मौजूद रहेंगे और दोपहर से शाम तक आम तौर पर बादल छाए रहने की संभावना है. इस दौरान दिल्ली का अधिकतम तापमान 29°C से 31°C के बीच और न्यूनतम तापमान 12°C से 14°C के बीच रहने का अनुमान है.
न्यूनतम तापमान सामान्य से 1.6°C से 3.0°C अधिक रहेगा, जबकि अधिकतम तापमान सामान्य से 3.1°C से 5.0°C तक अधिक दर्ज किया जा सकता है.
वहीं, 18 फरवरी 2026 को दिल्ली-एनसीआर में सुबह धुंध का असर देखने को मिलेगा. दिनभर आसमान आम तौर पर बादलों से घिरा रहेगा. दोपहर के समय हल्की बारिश हो सकती है, वहीं कुछ जगहों पर गरज और बिजली कड़कने के साथ तेज हवाएं (30–40 kmph) चलने की संभावना है. इस दिन दिल्ली का अधिकतम तापमान 26°C से 28°C और न्यूनतम तापमान 13°C से 15°C के बीच रहने का अनुमान जताया गया है.
aajtak.in