देश के कई हिस्सों में गर्मी का प्रकोप शुरू हो गया है. उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी देखने को मिल रही है. बांदा 17 अप्रैल 2026 को 45°C तापमान दर्ज करने वाला पहला शहर बना. विदर्भ के वर्धा में भी तापमान 45°C तक पहुंच गया है. दिल्ली में भी भीषण गर्मी को लेकर अलर्ट जारी किया गया है. कई इलाकों में हीटवेव की चेतावनी दी गई है.
मौसम पूर्वानुमान एजेंसी स्काईमेट वेदर के मुताबिक, विदर्भ और पूर्वी उत्तर प्रदेश में गर्मी का असर साफ दिखाई दे रहा है. नागपुर, गोंदिया, अमरावती समेत कई इलाकों में तापमान 40°C से ऊपर पहुंच रहा है. पूरा विदर्भ क्षेत्र लगभग लू की स्थिति झेल रहा है.
इसके अलावा पूर्वी उत्तर प्रदेश में प्रयागराज, वाराणसी, सुल्तानपुर और फुर्सतगंज में लू का असर देखा जा सकता है. आने वाले दिनों में भी विदर्भ, मराठवाड़ा और मध्य महाराष्ट्र में तापमान अधिक बना रह सकता है.
पूर्वी उत्तर प्रदेश और आसपास के इलाकों में कुछ स्थानों पर तापमान 45°C तक पहुंच सकता है. 21 से 24 अप्रैल के बीच ओडिशा में भी तापमान बढ़ने के आसार हैं, जबकि बताया जा रहा है, फिलहाल गुजरात के कुछ हिस्सों में तापमान ज्यादा नहीं बढ़ेगा.
इस हफ्ते पंजाब, हरियाणा, राजस्थान और दिल्ली के कुछ हिस्सों में भी लू की स्थिति बनने के आसार जताए जा रहे हैं.
अप्रैल में दिल्ली का तापमान
IMD रीजनल मेटिरियोलॉजिकल सेंटर नई दिल्ली के मुताबिक, इस साल अप्रैल के तापमान में एक नया ट्रेंड देखने को मिला है. बीते सालों में जहां अप्रैल की शुरुआत में ही गर्मी का भयानक कहर शुरू हो जाता था, इस बार गर्मी का असर देर से महसूस हुआ है.
साल 2026 में अप्रैल महीने में 16 अप्रैल को अधिकतम तापमान 40.3°C दर्ज किया गया, जबकि 17 अप्रैल को यह बढ़कर 41.0°C पहुंच गया था. वहीं, साल 2025 में अप्रैल की शुरुआत में ही तापमान 40°C के पार चला गया था. 7 अप्रैल 2025 को 40.2°C, 8 अप्रैल 2025 को 41.0°C और 9 अप्रैल 2025 को 40.5°C दर्ज किया गया था.
नई दिल्ली (सफदरजंग) के आंकड़ों के अनुसार, पिछले कुछ सालों में अप्रैल महीने का सबसे अधिक तापमान 43.5°C रहा, जो 29 और 30 अप्रैल 2022 को दर्ज किया गया था.
वहीं, नई दिल्ली (पालम) में पिछले 5 सालों के दौरान अप्रैल का सबसे अधिक तापमान 44.0°C दर्ज किया गया, जो 30 अप्रैल 2022 को रिकॉर्ड हुआ था.
बता दें, भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार आज मंगलवार को दिल्ली में हीटवेव की स्थिति बनी रह सकती है. अधिकतम पारा 43 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है. इसके अलावा आने वाले दिनों में उत्तर-पश्चिम, मध्य और पूर्वी भारत के अलग-अलग इलाकों में हीटवेव की संभावना बनी हुई है.
पंजाब, पूर्वी राजस्थान, विदर्भ और छत्तीसगढ़, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली के कुछ इलाकों में 24 अप्रैल तक और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में 25 अप्रैल तक हीटवेव का अलर्ट जारी किया गया है.
दिल्ली में हल्के बादल छाएंगे
बताया जा रहा है कि वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के प्रभाव से 23 अप्रैल 2026 के आसपास एक नया सिस्टम पश्चिमी हिमालय तक पहुंचेगा, हालांकि इसका असर मुख्य रूप से पहाड़ी इलाकों तक ही सीमित रहने की संभावना है. स्काईमेट वेदर के मुताबिक, दिल्ली में कुछ दिनों तक हल्के बादल छाए रह सकते हैं.
दिल्ली और आसपास के इलाकों में हीटवेव जैसी स्थिति बनने की प्रबल संभावना है, और कुछ स्थानों पर तापमान 44°C तक भी पहुंच सकता है.
अमन मैखुरी