तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय ने मंत्रियों को बांटे विभाग, गृह मंत्रालय अपने पास रखा, सेंगोट्टैयन को वित्त मंत्रालय

तमिलनाडु में मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय की नई सरकार ने मंत्रियों के बीच विभागों का बंटवारा कर दिया है. विजय ने गृह, पुलिस और लोक प्रशासन जैसे अहम विभाग अपने पास रखे हैं, जबकि सबसे युवा मंत्री सेल्वी एस. कीर्तन को उद्योग और निवेश प्रोत्साहन मंत्रालय सौंपा गया है.

Advertisement
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय ने मंत्रियों को विभागों का बंटवारा कर किया. (Photo: PTI) तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय ने मंत्रियों को विभागों का बंटवारा कर किया. (Photo: PTI)

अनघा

  • चेन्नई,
  • 16 मई 2026,
  • अपडेटेड 5:14 PM IST

मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय के नेतृत्व वाली तमिलनाडु सरकार के मंत्रियों के बीच विभागों का बंटवारा कर दिया गया है. मुख्यमंत्री विजय ने गृह, पुलिस, लोक प्रशासन, सामान्य प्रशासन, महिला एवं युवा कल्याण, बाल कल्याण, वृद्ध एवं दिव्यांग कल्याण, नगरीय प्रशासन और शहरी जल आपूर्ति जैसे विभाग अपने पास रखे हैं.

वरिष्ठ टीवीके नेता केए सेंगोट्टैयन को वित्त मंत्रालय की जिम्मेदारी दी गई है. वह वित्त, पेंशन और पेंशन भत्तों से जुड़े मामलों को संभालेंगे. मुख्यमंत्री विजय के कैबिनेट की सबसे युवा मंत्री सेल्वी एस. कीर्तन को उद्योग मंत्रालय का प्रभार सौंपा गया है. इसके साथ ही उन्हें निवेश प्रोत्साहन विभाग की जिम्मेदारी भी मिली है. पहली बार की महिला मंत्री कीर्तन को इतना अहम विभाग दिए जाने को तमिलनाडु की राजनीति में खास महत्व के तौर पर देखा जा रहा है.

Advertisement

एन. आनंद को ग्रामीण विकास और जल संसाधन मंत्रालय दिया गया है. उनके पास ग्रामीण विकास, पंचायत, पंचायत यूनियन, गरीबी उन्मूलन कार्यक्रम, ग्रामीण ऋण और सिंचाई परियोजनाओं की जिम्मेदारी रहेगी. टीवीके प्रवक्ता आधव अर्जुन को लोक निर्माण और खेल विकास मंत्री बनाया गया है. वह भवन निर्माण, हाईवे, छोटे बंदरगाह और खेल विकास विभाग का कामकाज भी संभालेंगे.

केजी अरुणराज को स्वास्थ्य मंत्रालय का जिम्मा

डॉ. केजी अरुणराज को स्वास्थ्य, चिकित्सा शिक्षा और परिवार कल्याण मंत्रालय दिया गया है. पी. वेंकटरामनन को खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री बनाया गया है. वह उपभोक्ता संरक्षण और मूल्य नियंत्रण विभाग भी संभालेंगे. आर. निर्मलकुमार को ऊर्जा संसाधन और कानून मंत्रालय की जिम्मेदारी मिली है. उनके पास बिजली, गैर-पारंपरिक ऊर्जा विकास, कानून, अदालतें, जेल, भ्रष्टाचार निरोधक विभाग, विधानसभा, चुनाव और पासपोर्ट से जुड़े विभाग रहेंगे.

राजमोहन को स्कूल शिक्षा, तमिल विकास, सूचना एवं प्रचार मंत्रालय सौंपा गया है. इसके अलावा उनके पास पुरातत्व, तमिल आधिकारिक भाषा, तमिल संस्कृति, फिल्म तकनीक, सिनेमेटोग्राफ अधिनियम, न्यूजप्रिंट नियंत्रण, स्टेशनरी एवं प्रिंटिंग और सरकारी प्रेस विभाग भी रहेंगे. डॉ. टीके प्रभु को प्राकृतिक संसाधन मंत्रालय दिया गया है. वह खनिज और खदान विभाग की जिम्मेदारी संभालेंगे.

Advertisement

इस बीच, एआईएडीएमके में अंदरूनी कलह लगातार बढ़ती जा रही है. एडप्पादी के. पलानीस्वामी (EPS) और वरिष्ठ नेता सीवी षणमुगम के समर्थकों के बीच विवाद जारी है. विल्लुपुरम स्थित पार्टी कार्यालय के बाहर शनिवार को ईपीएस और षणमुगम समर्थकों में झड़प हो हुई. यह टकराव एआईएडीएमके के भीतर गहराते सत्ता संघर्ष का एक और संकेत माना जा रहा है, जहां तमिलनाडु के अलग-अलग हिस्सों में गुटबाजी लगातार बढ़ रही है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »