रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने मंगलवार को रेल मंत्रालय की अनुदान मांगों पर लोकसभा में दो दिन तक चली चर्चा का जवाब दिया. इस चर्चा में 210 से अधिक सदस्यों ने अपनी बात रखी. अश्विनी वैष्णव ने अपने जवाब में रेल मंत्रालय की उपलब्धियों की चर्चा की और सदस्यों की ओर से उठाए गए सवालों के भी जवाब दिए. उन्होंने सदन में बुलेट ट्रेन परियोजना की प्रगति भी बताई और कहा कि हमने इसके पहले सेक्शन को 2027 तक कमीशन करने का लक्ष्य रखा है.
अश्विनी वैष्णव ने कहा कि आज का भारत एस्पिरेशनल भारत है. देश की आशाएं मोदी जी से ही हैं, विपक्ष की आशाएं भी मोदी जी से ही हैं. उन्होंने कहा कि बुलेट ट्रेन की प्रगति को लेकर कई सवाल आए. अहमदाबाद से मुंबई प्रोजेक्ट की बहुत अच्छी प्रोग्रेस है. रेल मंत्री ने ने रेल लाइन बिछाए जाने से लेकर गार्डर और नदियों पर बने ब्रिज तक, आंकड़े बताए और कहा कि कोलकाता मेट्रो की अंडर वाटर टनल की तर्ज पर पहली अंडर सी टनल बनाई जा रही है. 21 किलोमीटर की इस टनल में से पांच किलोमीटर टनल बन चुकी है. हमारा टार्गेट है कि 2027 में इसका पहला सेक्शन कमीशन कर दिया जाए.
उन्होंने कहा कि इस पर तेजी से काम चल रहा है. यह ट्रेन 350 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दौड़ेगी. इस बजट में सात नई बुलेट ट्रेन का भी ऐलान किया गया है. अश्विनी वैष्णव ने कहा कि इन नई परियोजनाओं के साथ ही बुलेट ट्रेन नेटवर्क करीब चार हजार किलोमीटर का हो जाएगा. यह गरीबों के लिए काम करने वाली सरकार है. उन्होंने कहा कि भारत की बुलेट ट्रेन का कास्ट पहले प्रोजेक्ट में ग्लोबल स्टैंडर्ड को मैच कर रहा है. इस ट्रेन के चलने से दिल्ली से वाराणसी साढ़े तीन घंटे, दिल्ली से लखनऊ दो घंटे में, वाराणसी से पटना एक घंटे से भी कम समय में पहुंच जाएंगे. मुंबई से पुणे 48 मिनट में पहुंच जाएंगे.
यह भी पढ़ें: 'ऐसा लगा कांग्रेस भूचाल ला देगी, मैं भी घबरा गया', राहुल गांधी-खड़गे की तस्वीर दिखा शिवराज ने विपक्ष को घेरा
अश्विनी वैष्णव ने कहा कि पुणे से हैदराबाद दो घंटे की यात्रा रहेगी. हैदराबाद से बेंगलुरु दो घंटे, बेंगलुरु से चन्नई 73 मिनट की यात्रा रह जाएगी. ये नरेंद्र मोदी का विजन है. उन्होंने कहा कि देश आजाद हुआ 1947 में, 2047 तक विकसित भारत बनाने का लक्ष्य रखा गया है. लंबी दूरी की ट्रेनों में शुरुआत के स्टेशन से लास्ट स्टेशन तक हर कोच में सफाई का पूरा ध्यान रखा जाएगा. रेल मंत्री ने कहा कि इसमें चार ट्रेन को पायलट प्रोजेक्ट को हाथ में लिया है. साढ़े 12 लाख कर्मचारियों का भी धन्यवाद देना चाहूंगा, जो होली-दीवाली पर भी घर से दूर रहकर अपने काम में लगे रहते हैं.
पश्चिम बंगाल सरकार को बताया विकास विरोधी
अश्विनी वैष्णव ने पश्चिम बंगाल सरकार को विकास विरोधी बताते हुए कहा कि पश्चिम बंगाल की सरकार ने पश्चिम बंगाल के साथ बड़ा अन्याय किया है. उन्होंने कहा कि रेलवे के कम से कम 60 प्रोजेक्ट हैं, जिन्हें पश्चिम बंगाल की विकास विरोधी सरकार ने रोक कर रखा है. कोलकाता मेट्रो के विस्तार का जहां तक सवाल है, 45 वर्षों में सभी सरकारों ने 28 किलोमीटर विस्तार किया. रेल मंत्री ने दावा किया कि नरेंद्र मोदी सरकार में 45 किलोमीटर विस्तार हुआ. एयरपोर्ट लाइन पर विस्तार की परमिशन वहां की सरकार नहीं दे रही है.
यह भी पढ़ें: आठ सांसदों का निलंबन वापस, संसद में 'सीजफायर' की INSIDE STORY
रेल मंत्री की स्पीच के दौरान टीएमसी का हंगामा
रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने अपनी स्पीच के दौरान बार-बार पश्चिम बंगाल की सरकार के लिए फासिस्ट शब्द का उपयोग किया. इस पर पश्चिम बंगाल की सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के सांसदों ने हंगामा किया. टीएमसी सांसदों के हंगामे पर स्पीकर ने कहा कि रिकॉर्ड से निकाल दिया, मंत्री जी से भी आग्रह कर दिया. रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि कोई असंसदीय शब्द हो, तो उसे रिकॉर्ड से निकाल दीजिएगा. उन्होंने पेंडिंग परियोजनाएं गिनाईं और कहा कि पश्चिम बंगाल की जनता आने वाले चुनावों में विकास विरोधी सरकार को उखाड़ फेंकेगी.
aajtak.in