पश्चिम बंगाल में बीजेपी की अभूतपूर्व जीत के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार को पार्टी मुख्यालय पहुंचे. इस दौरान पीएम मोदी बंगाली धोती-कुर्ता पहने नजर आए.
पीएम मोदी को आमतौर पर अपने पहनावे के जरिए राजनीतिक संदेश देने के लिए जाना जाता है. इस वजह से जब वह बीजेपी मुख्यालय पहुंचे तो सफेद कुर्ता और तसर सिल्क धोती पहने नजर आए, जो बंगाल के पुरुषों का पारंपरिक परिधान है. उनकी धोती पर लाल रंग का बॉर्डर बना हुआ था.
सिर्फ इतना ही नहीं, पीएम मोदी ने बंगाली परिधान पहनते समय बंगाली तौर-तरीकों का भी ध्यान रखा. उन्होंने धोती के एक सिरे को कुर्ते की जेब में रखा, जिस तरह से बंगाली पुरुष धोती के सिरे को अपने कुर्ते की जेब में रखते हैं. पीएम मोदी ने जो गमछा पहना हुआ था, वह भी बंगाली संस्कृति को दर्शा रहा था. वह गमछा सूती कपड़े का था और उस पर डॉट जैसा पैटर्न था, जो बंगाल की पारंपरिक पहचान है.
बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बंगाल, असम और पुडुचेरी में बीजेपी की जीत पर पार्टी हेडक्वार्टर में कार्यकर्ताओं को संबोधित किया. उन्होंने कहा कि आज का ये दिन ऐतिहासिक है, अभूतपूर्व है. जब वर्षों की साधना, सिद्धि में बदलती है, तो चेहरे पर जो खुशी होती है, वो खुशी आज मैं देशभर के बीजेपी कार्यकर्ताओं के चेहरे पर देख रहा हूं.
उन्होंने कहा कि एक कार्यकर्ता होने के नाते मैं बीजेपी के हर कार्यकर्ता की खुशी में शामिल हूं. आज का ये दिवस कई मायनों में खास है, विशेष है. ये देश के उज्ज्वल भविष्य की उद्घोषणा का दिन है. ये भरोसे का दिन है. भरोसा भारत के महान लोकतंत्र पर, भरोसा परफॉर्मेंस की राजनीति पर, भरोसा स्थिरता के संकल्प पर, भरोसा एक भारत-श्रेष्ठ भारत की भावना पर.
उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि मैं बंगाल की जनता का, असम की जनता का, पुडुचेरी की जनता का, तमिलनाडु और केरलम की जनता का आज आदरपूर्वक नमन करता हूं, मैं उन सबका वंदन करता हूं. मैं आज बीजेपी के कोटि-कोटि कार्यकर्ताओं का भी हृदय से अभिनंदन करता हूं. पार्टी के हर छोटे-बड़े कार्यकर्ता ने एक बार फिर से कमाल कर दिया है, कमल खिला दिया है. आपने नया इतिहास रच दिया है.
aajtak.in