Advertisement

West Bengal CM Oath Ceremony Live: आज 11 बजे CM की शपथ लेंगे शुभेंदु अधिकारी, राजनाथ सिंह समेत कई केंद्रीय मंत्री कोलकाता पहुंचे

aajtak.in | नई दिल्ली | 09 मई 2026, 9:27 AM IST

Suvendu Adhikari Oath Ceremony Live Updates: पश्चिम बंगाल को आज एक नया मुख्यमंत्री मिल जाएगा. बीजेपी नेता शुभेंदु अधिकारी को विधायक दल का नेता चुना गया है और आज वो राज्य के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे.

शुभेंदु अधिकारी का शपथ ग्रहण समारोह कोलकाता में होगा. (Photo: PTI)

बंगाल की राजनीति में आज का दिन ऐतिहासिक होने वाला है. राज्य में पहली बार बीजेपी की सरकार बनने वाली है. भवानीपुर में पूर्व सीएम ममता बनर्जी को हराने वाले शुभेंदु अधिकारी आज सुबह 11 बजे बंगाल के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे. 

कोलकाता स्थित ब्रिगेड परेड ग्राउंड में शपथ ग्रहण समारोह का आयोजन किया जाएगा. इस समारोह में खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी भी शामिल होंगे. इसके अलावा, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन भी शपथ ग्रहण समारोह का हिस्सा बनेंगे. वहीं, प्रोटोकॉल के हिसाब से ममता बनर्जी को भी समारोह का न्योता भेजा गया है.

8 मई को अमित शाह कोलकाता पहुंचे थे जहां शुभेंदु अधिकारी को विधायक दल का नेता चुना गया. शाह ने खुद उनके नाम का ऐलान किया. इसके बाद शुभेंदु ने कोलकाता में राज्यपाल आर.एन. रवि से मुलाकात की और विधायकों के समर्थन का पत्र सौंपकर नई सरकार बनाने का दावा पेश कर दिया है. 

बता दें कि बीजेपी ने पश्चिम बंगाल की 207 सीटों पर प्रचंड जीत दर्ज की थी. वहीं, टीएमसी महज 80 सीटों पर सिमटकर रह गई और उसके 15 सालों के शासन का खात्मा हो गया.

पश्चिम बंगाल की नई सरकार और सियासी उथल-पुथल से जुड़े सभी अपडेट्स के लिए LIVE पेज पर बने रहें

9:27 AM (5 मिनट पहले)

Bengal CM Swearing In: कोलकाता पहुंचे दिल्ली-बिहार के CM

Posted by :- Darakhshan

बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता, बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री और HAM प्रमुख जीतन राम मांझी, और राष्ट्रीय लोक दल पार्टी के अध्यक्ष जयंत चौधरी कोलकाता पहुंच गए हैं. ये सभी दिग्गज शुभेंदु अधिकारी के शपथ ग्रहण समारोह का हिस्सा बनेंगे.

9:23 AM (9 मिनट पहले)

Suvendu Adhikari Oath Ceremony: शुभेंदु अधिकारी के घर के बाहर सुरक्षा बढ़ी

Posted by :- Darakhshan

कोलकाता में बीजेपी नेता और मुख्यमंत्री बनने जा रहे शुभेंदु अधिकारी के आवास पर बड़ी संख्या में कोलकाता पुलिस के जवानों को तैनात किया गया है. इलाके में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए ये कदम उठाया गया है. शुभेंदु अधिकारी के घर के बाहर पुलिस की गाड़ियां और सुरक्षा घेरा बढ़ा दिया गया है.

9:10 AM (23 मिनट पहले)

West Bengal CM Oath Live: बंगाल में अटकी योजनाओं को पूरा करेगी बीजेपी

Posted by :- Darakhshan

पश्चिम बंगाल में नई सरकार के गठन में भले अभी कुछ समय हो, लेकिन चुनाव परिणाम सामने आते ही केंद्र सरकार ने राज्य में सालों से अटकी केंद्रीय योजनाओं और परियोजनाओं को तेजी से आगे बढ़ाने की तैयारी शुरू कर दी है. सूत्रों के मुताबिक केंद्र सरकार ने सभी मंत्रालयों से उन योजनाओं और परियोजनाओं की सूची मांगी है जो पिछले लगभग 12 वर्षों से ममता बनर्जी सरकार के विरोध, देरी या प्रशासनिक अड़चनों के कारण लंबित पड़ी थीं. सूत्रों का कहना है कि इस पूरी कवायद की जिम्मेदारी रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह सौंपी गई है. उन्होंने विभिन्न मंत्रालयों से ऐसी योजनाओं का विस्तृत ब्यौरा मांगा है.

(इनपुट- हिमांशु मिश्रा)

8:41 AM (52 मिनट पहले)

Bengal New CM Oath: भयमुक्त बंगाल की नई भोर- शिवराज सिंह चौहान

Posted by :- Darakhshan

शिवराज सिंह चौहान ने सोशल मीडिया पर बंगाल में शुभेंदु अधिकारी के शपथ ग्रहण समारोह पर खुशी जाहिर की है. उन्होंने एक्स पर लिखा, 'सोनार बांग्ला का सूर्योदय, भयमुक्त बंगाल की नई भोर. आज बंगाल की पावन भूमि पर भारतीय जनता पार्टी की सरकार शपथ लेने जा रही है. मन आनंद और उत्साह से भाव-विभोर है. हृदय में गर्व, विश्वास और कृतज्ञता की अनेक लहरें उठ रही हैं. श्रद्धेय श्यामा प्रसाद मुखर्जी जी की जन्मभूमि पर कमल खिला है. बंगाल विजय, भारत की विजय है. आज पश्चिम बंगाल की पावन धरा पर विकास, सुशासन और जनकल्याण का एक नया अध्याय प्रारंभ हो रहा है. बंगाल विजय का अर्थ है-  सुरक्षित और विकसित भारत के लिए सुरक्षित और विकसित बंगाल. भारतीय जनता पार्टी के लिए बंगाल विजय का मतलब है कि अब बंगाल घुसपैठ मुक्त होगा, भयमुक्त होगा, भ्रष्टाचार मुक्त होगा, खुशहाल होगा और समृद्ध होगा.'

Advertisement
8:30 AM (एक घंटा पहले)

West Bengal CM Oath Live: बिहार के CM सम्राट चौधरी भी होंगे शामिल

Posted by :- Darakhshan

पश्चिम बंगाल में नई सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भी शामिल होंगे. वो पटना से कोलकाता के लिए रवाना हो गए हैं. उनके साथ केंद्रीय मंत्री ललन सिंह और जीतन राम मांझी भी समारोह में शामिल होने के लिए निकले हैं. इसके अलावा जेडीयू के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष संजय कुमार झा भी इस समारोह का हिस्सा बनेंगे.

8:25 AM (एक घंटा पहले)

Suvendu Adhikari CM Oath: कोलकाता में ट्रैफिक एडवाइजरी जारी

Posted by :- Darakhshan

शुभेदु अधिकारी के शपथ ग्रहण समारोह को देखते हुए कोलकाता पुलिस ने ब्रिगेड परेड मैदान के आसपास और शहर में सुरक्षा कड़ी कर दी है. शहर में और आसपास मालवाहक वाहनों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई है. कोलकाता पुलिस की ओर से शुक्रवार की देर शाम जारी ट्रैफिक एडवाइजरी के मुताबिक एस्प्लेनेड रैंप, खिदिरपुर रोड, हॉस्पिटल रोड, कैसुअरीना एवेन्यू और क्वींस वे पर वाहनों की आवाजाही कम रहेगी.

यह भी पढ़ें: शुभेंदु अधिकारी के शपथग्रहण में जुटेगी भीड़, कोलकाता में निकलने से पहले पढ़ लें ट्रैफिक एडवाइजरी

8:16 AM (एक घंटा पहले)

Bengal CM Swearing In: कोलकाता पहुंचे केंद्र के दिग्गज मंत्री

Posted by :- Darakhshan

केंद्र सरकार की ओर से रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, स्वास्थ्य मंत्री जे.पी. नड्डा, शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, पेट्रोलियम मंत्री सुरेश गोपी और केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान शुभेंदु अधिकारी के शपथ ग्रहण समारोह में मौजूद रहेंगे. इनके अलावा बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन और सांसद हर्षवर्धन सिंगला भी शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए कोलकाता पहुंच चुके हैं.

8:08 AM (एक घंटा पहले)

Bengal CM Oath Ceremony Updates: कोलकाता पहुंचे ये दिग्गज नेता

Posted by :- Darakhshan

पश्चिम बंगाल में नई सरकार के शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने के लिए देश भर के कई VVIP नेता कोलकाता पहुंच चुके हैं. मेहमानों की इस सूची में सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग, अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू, त्रिपुरा के मुख्यमंत्री माणिक साहा और नगालैंड के मुख्यमंत्री नेफियू रियो शामिल हैं. मणिपुर के मुख्यमंत्री खेम चंद सिंह और उपमुख्यमंत्री नेमचा किपजेन के साथ ही राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी और महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे भी इस समारोह का हिस्सा बनने कोलकाता पहुंचे हैं. 

7:33 AM (2 घंटे पहले)

Suvendu Adhikari Oath Ceremony: समिक भट्टाचार्या ने जीत को बताया 'सपना'

Posted by :- Darakhshan

शुभेंदु अधिकारी के पश्चिम बंगाल BJP लेजिस्लेटिव पार्टी के नेता चुने जाने पर, राज्य BJP प्रेसिडेंट समिक भट्टाचार्य ने कहा, 'ये सिर्फ हमारा सपना नहीं था, ये लाखों BJP वर्कर्स का सपना था. श्यामा प्रसाद की धरती पर श्यामा प्रसाद की सरकार बनने जा रही है. कल मुख्यमंत्री शपथ लेंगे. हमारी जिंदगी में इससे बड़ा पल शायद ही कोई हो. पश्चिम बंगाल के लोगों ने जंगल राज को उखाड़ फेंका है. ये डेमोक्रेसी की जीत है.' वो आगे कहते हैं, 'ममता बनर्जी को प्रोटोकॉल के हिसाब से बुलाया गया है.'

Advertisement
7:01 AM (2 घंटे पहले)

CM Oath Ceremony Live: केशव प्रसाद मौर्या ने जताई खुशी

Posted by :- Darakhshan

यूपी के डिप्टी-सीएम केशव प्रसाद मौर्या ने शुभेंदु अधिकारी के विधायक दल का नेता चुने जाने पर खुशी जाहिर की. उन्होंने कहा, 'पश्चिम बंगाल में TMC का कार्यकाल एक अंधेरी रात जैसा रहा है. लोगों को घुटन महसूस हुई और पश्चिम बंगाल पिछड़ गया, जिसे देश में सबसे आगे होना चाहिए था, लेकिन पश्चिम बंगाल के लोग डरे नहीं। लोगों ने प्रधानमंत्री मोदी के भरोसे पर भरोसा किया और कमल का बटन दबाया.'

6:59 AM (2 घंटे पहले)

Bengal CM Oath Ceremony: सुबह 11 बजे शपथ ग्रहण करेंगे शुभेंदु अधिकारी

Posted by :- Darakhshan

बंगाल में पहली बार बीजेपी की सरकार बनने जा रही है. ऐसे में शुभेंदु अधिकारी बंगाल के पहले बीजेपी सीएम होंगे. वो आज सुबह 11 बजे कोलकाता के ब्रिगेड परेड ग्राउंड में मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे. उनके शपथ ग्रहण समारोह में पीएम मोदी, अमित शाह, नितिन नवीन, बिहार के सीएम सम्राट चौधरी समेत कई दिग्गज नेता शामिल होंगे.

6:54 AM (2 घंटे पहले)

Bengal CM Oath Ceremony: सीएम के लिए 8 प्रपोजल, सभी में एक नाम

Posted by :- Darakhshan

केंद्रीय मंत्री अमित शाह ने कोलकाता में बीजेपी नेताओं के साथ मीटिंग के बाद कहा था, 'आठ प्रपोजल मिले थे, और उन सभी में सिर्फ एक नाम था. दूसरे नाम के लिए काफी समय दिया गया था, लेकिन कोई दूसरा नाम प्रपोज नहीं किया गया. इसलिए, मैं शुभेंदु अधिकारी को पश्चिम बंगाल का मुख्यमंत्री घोषित करता हूं.'