प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी के विधानसभा चुनावों में बीजेपी की जीत के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित किया. वहीं, मुंबई इंडियंस ने सोमवार को खेले गए मैच में लखनऊ सुपर जायंट्स को 6 विकेट से हरा दिया. इन खबरों के अलावा, बिहार के भागलपुर में विक्रमशिला पुल का एक हिस्सा ढह गया. पढ़ें मंगलवार सुबह की बड़ी खबरें.
गंगोत्री से गंगासागर तक खिला कमल… पीएम मोदी के ‘विजय संबोधन’ की बड़ी बातें
बंगाल, असम और पुडुचेरी में बीजेपी की जीत के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने दिल्ली स्थित पार्टी मुख्यालय में कार्यकर्ताओं को संबोधित किया. PM मोदी ने चुनावी राज्यों में पार्टी की जीत को ऐतिहासिक बताया. पीएम मोदी ने गंगा के प्रतीक के जरिए BJP के विस्तार को रेखांकित किया. उन्होंने कहा कि गंगोत्री से गंगासागर तक कमल खिला.
MI vs LSG, IPL 2026 Live Score: मुंबई ने लखनऊ को 6 विकेट से रौंदा, रोहित-रिकेल्टन की तूफानी फिफ्टी
IPL 2026 में सोमवार को मुंबई इंडियंस और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच मुकाबला खेला गया. मुंबई इंडियंस ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया था. लखनऊ सुपर जायंट्स ने 5 विकेट खोकर 228 रन बनाए. जवाब में, मुंबई इंडियंस ने 4 विकेट के नुकसान पर 18वें ओवर में ही टारगेट चेज कर लिया. मुंबई इंडियंस ने लखनऊ सुपर जायंट्स को 6 विकेट से हरा दिया.
कमल खिलाने के बाद 'बंगाली बाबू' बने PM मोदी, BJP मुख्यालय में दिखा न्यू लुक
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को बंगाल, असम और पुडुचेरी में बीजेपी की जीत पर पार्टी मुख्यालय में कार्यकर्ताओं को संबोधित किया. पीएम मोदी सफेद कुर्ता और तसर सिल्क धोती पहने नजर आए, जो बंगाल के पुरुषों का पारंपरिक परिधान है. उनके इस पहनावे को राजनीतिक संदेश के तौर पर भी देखा गया. पीएम मोदी का बंगाली बाबू लुक खूब चर्चा में रहा.
10वीं बार MLA बने KA सेंगोत्तैयान, TVK के टिकट पर गोबिचेट्टीपालयम में रचा इतिहास
तमिलनाडु की सियासत में 78 साल के K A सेंगोत्तैयान ने इतिहास रच दिया है. उन्होंने गोबिचेट्टीपालयम सीट से लगातार 10वीं जीत दर्ज की है. AIADMK छोड़कर TVK पार्टी में आने के बाद भी उनका जलवा कायम रहा. के.ए. सेंगोत्तैयान ने इस बार TVK के टिकट पर चुनाव लड़ा था. उन्होंने चुनाव में DMK के उम्मीदवार एन नल्लासिवम को हराया.
सियासी रण में कहीं जीत की गूंज, कहीं मात... बंगाल में BJP के 'हैवीवेट' जीते, पर शहरी गढ़ों में अटकी नैया
बंगाल में बीजेपी ने प्रचंड जीत दर्ज की है. BJP नेता दिलीप घोष ने खड़गपुर सदर सीट से जीत दर्ज की है. वहीं, पार्टी के ही नेता शुभेंदु अधिकारी ने दो सीटों से चुनाव लड़ा. शुभेंदु अधिकारी नंदीग्राम से जीते. शुभेंदु अधिकारी ने भवानीपुर में तो कमाल कर दिया. उन्होंने भवानीपुर सीट में सीएम ममता बनर्जी को 15 हजार से ज्यादा वोटों से मात दी.
'ममता का राजनीतिक संन्यास अब हो गया...', भवानीपुर से जीत के बाद बोले शुभेंदु अधिकारी
पश्चिम बंगाल की सीएम ममता बनर्जी को दोहरा झटका लगा है. एक तरफ बीजेपी ने बंगाल में प्रचंड जीत हासिल की है. दूसरी तरफ BJP के शुभेंदु अधिकारी ने भवानीपुर सीट से ममता को 15,114 वोटों से हरा दिया. शुभेंदु अधिकारी ने लगातार दूसरी बार ममता को हराया है. इससे पहले 2021 के विधानसभा चुनाव में भी उन्होंने नंदीग्राम सीट से उन्हें हराया था.
गले में डाली माला, पीठ थपथपाई... जब BJP अध्यक्ष नितिन नवीन को पीएम मोदी ने दिया धमाकेदार जीत का क्रेडिट
बीजेपी ने बंगाल, असम और पुडुचेरी में प्रचंड जीत दर्ज की है. इस उपलब्धि पर पीएम मोदी ने बीजेपी मुख्यालय में कार्यकर्ताओं को संबोधित किया. पीएम मोदी ने इस शानदार जीत का श्रेय पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन को दिया. प्रधानमंत्री ने पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन को गले में माला पहनाकर और पीठ थपथपाकर जीत की बधाई दी.
6 चौके, 7 छक्के और 84 रनों की तूफानी पारी, रोहित शर्मा ने लखनऊ को धो डाला
आईपीएल 2026 में सोमवार को मुंबई इंडियंस और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच खेले गए मुकाबले में रोहित शर्मा ने तूफानी पारी खेली. रोहित शर्मा ने 6 चौकों और 7 छक्कों की मदद से 84 रन बनाए. उनकी इस जबरदस्त पारी की बदौलत मुंबई इंडियंस ने लखनऊ सुपर जांयट्स को हरा दिया. इससे पहले रोहित शर्मा चोटिल होने की वजह से लगातार 5 मैच खेल नहीं पाए थे.
रिजल्ट के बाद बंगाल में हिंसा, आसनसोल में TMC के दो दफ्तर फूंके गए- Video
पश्चिम बंगाल में चुनावी नतीजों के बाद आसनसोल के बराबनी इलाके में तृणमूल कांग्रेस के दो पार्टी दफ्तर में तोड़फोड़ और आगजनी की घटना सामने आई है. आरोप है कि उपद्रवियों ने TMC दफ्तरों में जमकर तोड़फोड़ की. इन घटनाओं की वजह से इलाके में तनावपूर्ण माहौल बन गया है. TMC नेताओं ने इन हमलों के पीछे BJP का हाथ होने का आरोप लगाया है.
बिहार के भागलपुर में विक्रमशिला पुल गिरा, 3 महीने में हो सकता है शुरू, जानिए कैसे हुआ हादसा
बिहार के भागलपुर में सोमवार को विक्रमशिला सेतु का एक हिस्सा अचानक ढह गया. गंगा नदी पर बना ये पुल दक्षिण और उत्तर बिहार को जोड़ने वाला जरूरी रास्ता है. रात करीब 1 बजे पुल के पिलर नंबर 133 के पास लगभग 25 मीटर लंबा स्लैब नदी में गिर गया. हालांकि प्रशासन की सतर्कता से समय रहते पुल पर यातायात रोक दिया गया था, जिससे बड़ा हादसा टल गया.
aajtak.in