खबरों के लिहाज से आज का दिन काफी अहम रहा. गुजरात के मोरबी ब्रिज हादसे की जांच में घटना के संभावित कारणों का पता किया जा रहा है. पुलिस ने ठेकेदार, मैनेजर समेत 9 लोगों को गिरफ्तार किया है. सिद्धू मूसेवाला मर्डर केस की जांच से उनका परिवार संतुष्ट नहीं है. सुप्रीम कोर्ट ने रेप पीड़ित महिलाओं के साथ किए जाने वाले टू फिंगर टेस्ट पर सख्त टिप्पणी की है. राहुल गांधी ने भारत जोड़ो यात्रा के दौरान एक बार फिर बीजेपी और आरएसएस पर निशाना साधा. पढ़िए सोमवार शाम की 5 बड़ी खबरें...
गुजरात के मोरबी नदी पर हुए हादसे में 130 से ज्यादा लोगों ने जान गंवा दी है. अब मामले की जांच कर घटना की संभावित वजहों को टटोला जाएगा. पुल पर कुछ लोगों के उछलने-कूदने और ब्रिज केबल को लात मारने के वीडियो भी सामने आए हैं. क्या भीड़ जमा होने से या लोगों की हरकतों से ब्रिज टूट सकता है. इस सवाल का जवाब दिया है दिल्ली स्कूल ऑफ प्लानिंग एंड आर्किटेक्चर (DSPA) के प्रोफेसर सेवा राम ने.
सिद्धू मूसेवाला के पिता ने क्यों दिया 1 महीने का अल्टीमेटम, बोले- उसके बाद देश छोड़ दूंगा
कांग्रेस नेता और पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला के कत्ल की वारदात को 5 महीने से ज्यादा वक्त हो चुका है. लेकिन उनका परिवार अब तक पुलिस की कार्रवाई से संतुष्ट नहीं है. मूसेवाला के पिता बलकार सिंह ने कहा है कि अगर इंसाफ ना मिला तो वे देश छोड़कर चले जाएंगे. उन्होंने ये बातें उनके घर जमा हुए मूसेवाला के फैंस को संबोधित करते हुए कही.
टू फिंगर टेस्ट पर सुप्रीम कोर्ट सख्त, मेडिकल कॉलेजों को दिया पढ़ाई रोकने का आदेश
सुप्रीम कोर्ट ने सोमवार को रेप पीड़ित महिलाओं के साथ किए जाने वाले टू फिंगर टेस्ट पर सख्त टिप्पणी की है. कोर्ट ने इसे गलत करार दिया है. सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि 2013 में बैन के बावजूद यौन शोषण की पीड़िता का टू फिंगर टेस्ट करना उसे बार-बार आघात पहुंचाता है. इसका कोई वैधानिक आधार भी नहीं है.
राहुल गांधी ने भारत जोड़ो यात्रा के दौरान एक बार फिर बीजेपी और आरएसएस पर निशाना साधा. राहुल गांधी ने कहा कि विभिन्न संस्थानों पर हमले हो रहे हैं. देश के संस्थागत ढांचे को नुकसान पहुंचाया जा रहा है. उन्होंने कहा कि मीडिया, न्यायपालिका और लोकतंत्र पर हमले हो रहे. राहुल गांधी ने कहा कि हम एक बार सत्ता में आए, तो यह सुनिश्चित करेंगे कि इन्हें संघ से मुक्त हों और इन संस्थानों में स्वतंत्रता बनी रहे.
मोरबी हादसा: ठेकेदार, मैनेजर, टिकट क्लर्क और सिक्योरिटी गार्ड समेत 9 गिरफ्तार
गुजरात के मोरबी में हुए दर्दनाक हादसे के बाद अब पुलिस का एक्शन शुरू हो गया है. पुलिस ने कार्रवाई आगे बढ़ाते हुए 9 लोगों को गिरफ्तार कर लिया है. सभी से पूछताछ जारी है. इन 9 लोगों को आज ही पूछताछ के लिए बुलाया गया था. शुरुआत में इनमें से 4 को गिरफ्तार किया गया. कुछ देर बाद ही सभी 9 लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया.
aajtak.in