प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को अपने वाराणसी दौरे के दौरान काशी विश्वनाथ मंदिर में पूजा की. इसके बाद पीएम मोदी ने हरदोई में आयोजित एक कार्यक्रम में गंगा एक्सप्रेसवे का उद्घाटन किया. वहीं, भारत मौसम विज्ञान विभाग ने दिल्ली समेत देश के 15 राज्यों के लिए आंधी बारिश का अलर्ट जारी किया. इन खबरों के अलावा, वैभव सूर्यवंशी ने आईपीएल इतिहास के किसी सीजन में सबसे तेज 400 रन बनाए. पढ़ें बुधवार शाम की बड़ी खबरें.
काशी विश्वनाथ मंदिर में पीएम मोदी ने की विशेष पूजा, बच्चों से भी की मुलाकात
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बुधवार को काशी विश्वनाथ मंदिर विशेष पूजा की. PM मोदी मंदिर के गर्भगृह में पहुंचे और बाबा विश्वनाथ के ज्योतिर्लिंग के सामने बैठ गए. इसके बाद पुजारी ने PM मोदी को षोडशोपचार पूजा पद्धति से भगवान विश्वनाथ की पूजा करवाई. पीएम मोदी ने इस पद्धति के तहत पहले देवता का आह्वान किया, फिर पाद्य और अर्घ्य दिया.
दिल्ली-पंजाब समेत इन 15 राज्यों में आंधी-बारिश का अलर्ट, 60 की स्पीड से चलेंगी हवाएं, IMD की चेतावनी
भारत मौसम विज्ञान विभाग ने उत्तर-पूर्वी राज्यों में भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली समेत 15 राज्यों में आंधी-बारिश की चेतावनी दी गई है. हिमाचल प्रदेश के चार जिलों में ओलावृष्टि और तेज हवाओं की चेतावनी है. हालांकि देश के दक्षिणी तटीय इलाकों में गर्म और नम मौसम रहने का अनुमान है.
'नए कानून की जरूरत नहीं...', सुप्रीम कोर्ट ने खारिज की हेट स्पीच से जुड़ी याचिकाएं
सुप्रीम कोर्ट ने कई जगहों पर खास तौर पर रैलियों और धर्म संसदों में दिए गए हेट स्पीच के खिलाफ कार्रवाई की मांग करने वाली सभी याचिकाएं खारिज कर दी हैं. अदालत ने हेट स्पीच पर कोई भी निर्देश देने से इनकार कर दिया. कोर्ट का कहना है कि हेट स्पीच से निपटने के लिए मौजूदा कानून पर्याप्त हैं. ऐसे में किसी नए कानून की जरूरत नहीं है.
167 गेंद में 400 रन, गेंदबाज पस्त... वैभव सूर्यवंशी ने IPL में हिला दी रिकॉर्डबुक
वैभव सूर्यवंशी IPL इतिहास में सबसे तेज किसी सीजन में 400 रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं. उन्होंने यह मुकाम महज 167 गेंदों में हासिल किया, जो अपने आप में एक बड़ा रिकॉर्ड है. ऐसा कर वैभव ने आंद्रे रसेल का रिकॉर्ड तोड़ दिया, जिन्होंने IPL 2019 में 188 गेंदों में 400 रन पूरे किए थे. वैभव ऑरेंज कैप की रेस में फिर टॉप पर पहुंच गए.
जारी हुआ छत्तीसगढ़ बोर्ड 10वीं और 12वीं का रिजल्ट, ऐसे करें चेक
छत्तीसगढ़ बोर्ड ने बुधवार को दसवीं और बारहवीं का रिजल्ट जारी कर दिया है. अभ्यर्थी अपना रिजल्ट आधिकारिक वेबसाइट cgbse.nic.in और results.cg.nic.in पर चेक कर सकते हैं. इस वर्ष दसवीं में 594 अंक हासिल कर संध्या नायक ने टॉप किया. वहीं, बारहवीं में जिज्ञासु वर्मा ने मारी बाजी. उन्होंने 98.60 प्रतिशत अंक लाकर पहला स्थान हासिल किया है.
श्रीलंका क्रिकेट में भूचाल, प्रेसिडेंट समेत बोर्ड के सभी सदस्यों ने दिया इस्तीफा, जानें वजह
श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष शम्मी सिल्वा ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है. उनके साथ पूरी एग्जीक्यूटिव कमेटी ने भी सामूहिक रूप से पद छोड़ दिया है. ये फैसला श्रीलंका के राष्ट्रपति के दबाव के बाद लिया गया. सरकार और जनता लगातार श्रीलंका क्रिकेट बोर्ड में बदलाव की मांग कर रहे थे. बोर्ड पर वित्तीय गड़बड़ियों के भी आरोप लगे हैं.
'आप साथ नहीं देते तो...', CM योगी ने गंगा एक्सप्रेसवे के लिए जमीन देने पर किसानों को कहा शुक्रिया
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हरदोई में एक कार्यक्रम में 594 किलोमीटर लंबे एक्सेस-कंट्रोल्ड गंगा एक्सप्रेसवे का उद्घाटन किया. यह एक्सप्रेसवे मेरठ को प्रयागराज से जोड़ता है और 12 जिलों से होकर गुजरता है. कार्यक्रम के दौरान उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गंगा एक्सप्रेसवे के निर्माण में किसानों के अहम योगदान की तारीफ की.
पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट से यूट्यूबर जसबीर सिंह को मिली जमानत, नहीं मिले ISI कनेक्शन के सबूत
पंजाब के रूपनगर जिले के रहने वाले यूट्यूबर जसबीर सिंह को बड़ी राहत मिली है. पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट ने उन्हें नियमित जमानत दे दी है. जसबीर सिंह पर आरोप था कि वह पाकिस्तान कई बार गया और वहां की खुफिया एजेंसी ISI के संपर्क में था. अदालत ने पाया कि शुरुआती जांच में ऐसे ठोस सबूत सामने नहीं आए हैं, जो इन आरोपों को साबित कर सकें.
पाकिस्तान ने फतेह-2 मिसाइल का किया परीक्षण, ऑपरेशन सिंदूर में भारत ने मार गिराया था
पाकिस्तान की सेना ने हाल ही में फतेह-टू मिसाइल सिस्टम का सफल ट्रेनिंग लॉन्च किया है. आर्मी रॉकेट फोर्स कमांड ने यह परीक्षण किया. यह मिसाइल पाकिस्तान की सरकारी डिफेंस कंपनी GIDS द्वारा बनाई गई है. फतेह-टू एक गाइडेड मल्टीपल लॉन्च रॉकेट सिस्टम है यानी यह कई रॉकेट एक साथ छोड़ सकता है और बेहतर निशाना लगा सकता है.
बैंक में ऑफिसर बनने का सुनहरा मौका, आज से शुरू हुए आवेदन, 1 लाख से ज्यादा होगी सैलरी
भारतीय रिजर्व बैंक में ग्रेड बी ऑफिसर पदों पर भर्तियां निकली हैं. कुल 60 पदों पर नियुक्तियां की जाएंगीं. RBI ने इन पदों के लिए नोटिफिकेशन जारी कर दिया है. इन पदों पर ऑनलाइन आवेदन 29 अप्रैल या यानी आज से शुरू हो गए हैं. आवेदन करने की अंतिम तारीख 20 मई 2026 है. इच्छुक युवा आरबीआई की आधिकारिक वेबसाइट पर रजिस्ट्रेशन करा सकते हैं.
aajtak.in