आज की ताजा खबर (Aaj Ki Taza Khabar), 25 फरवरी, 2026 की खबरें और समाचार: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे से पहले इजरायली संसद भारतीय तिरंगे के रंगों में रोशन हुई है. वहीं, होली से पहले यूपी में मिलावटखोरों पर सख्त कार्रवाई हुई है. इन खबरों के अलावा, तमिलनाडु में वीके शशिकला ने नई पार्टी बनाने का ऐलान किया है. पढ़ें बुधवार सुबह की बड़ी खबरें.
PM मोदी के दौरे से पहले तिरंगे के रंग नहाई इजरायल की संसद
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे से पहले इजरायली संसद Knesset को भारतीय तिरंगे के रंगों में रोशन किया गया. यह भारत इज़रायल की मज़बूत और गर्मजोशी भरी साझेदारी को सिंबॉलिक सैल्यूट है. नेसेट के स्पीकर Amir Ohana ने तिरंगे में नहाई इमारत की तस्वीर साझा की. पीएम मोदी 25 फ़रवरी से दो दिन के स्टेट विज़िट पर इज़रायल जा रहे हैं.
UP: होली से पहले मिलावटखोरों पर एक्शन, 72 घंटे में 2500 किलो पनीर और 200 किलो मावा नष्ट
होली और रमज़ान से पहले गाज़ियाबाद और हापुड़ में खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटख़ोरों के ख़िलाफ़ सख़्त अभियान चलाया. अलग-अलग कार्रवाइयों में भारी मात्रा में नकली खाद्य पदार्थ जब्त किए गए. गाज़ियाबाद में पांच टीमें 72 घंटे से छापेमारी कर रही हैं. खबर है कि अब तक 2500 किलो पनीर और 200 किलो मावा जब्त कर नष्ट किया गया है.
तमिलनाडु की सियासत में शशिकला की री-एंट्री, झंडा लॉन्च कर नई पार्टी बनाने का किया ऐलान
एआईएडीएमके से निष्कासित नेता वीके शशिकला ने नई राजनीतिक पार्टी बनाने की घोषणा की. मंगलवार को शशिकला ने प्रस्तावित पार्टी का झंडा भी जारी किया, जिसमें द्रविड़ नेता अन्नादुरई, एआईएडीएमके संस्थापक एमजी रामचंद्रन (एमजीआर) और जयलललिता की तस्वीरें हैं. यह झंडा ऊपर काला, बीच में सफेद और नीचे लाल रंग का क्षैतिज तिरंगा है.
PM मोदी के दौरे से पहले नेतन्याहू ने लॉन्च किया Hexagon Alliance, भारत को बनाया पार्टनर
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे से पहले इज़रायल में नए ‘हेक्सागन अलायंस’ की पहल सामने आई है. इजरायली प्रधानमंत्री Benjamin Netanyahu ने मिडिल ईस्ट में कट्टरपंथी ताक़तों से निपटने के लिए इस गठबंधन का प्रस्ताव रखा. नेतन्याहू ने भारत के साथ इज़रायल, ग्रीस और साइप्रस को इस अलायंस का कोर पार्टनर बताया.
T20 World Cup: पाकिस्तान की इंग्लैंड से सुपर-8 में हार का 'विलेन' कौन? कप्तान सलमान आगा हुए इन पर आगबबूला
इंग्लैंड के कप्तान Harry Brook ने शानदार शतक जड़कर टीम को पाकिस्तान के खिलाफ दो विकेट से जीत दिलाई. पल्लेकेले में मंगलवार को टी ट्वेंटी वर्ल्ड कप 2026 के सुपर एट मुकाबले में ब्रूक ने 51 गेंदों में 10 चौकों और चार छक्कों की मदद से 100 रन बनाए. इंग्लैंड ने 164 रन का टारगेट पांच गेंद शेष रहते हासिल कर सेमीफ़ाइनल में जगह पक्की की.
बिहार में 42 हजार पदों पर वैकेंसी... नर्स, एएनएम और अमीन जैसे पदों पर भर्ती
बिहार में सरकारी नौकरियों का पिटारा खुल चुका है. बिहार तकनीकी सेवा आयोग ने 42,467 पदों पर भर्ती का कैलेंडर जारी किया है. 37 अलग-अलग भर्तियों के तहत सभी पद भरे जाएंगे. स्वास्थ्य विभाग में सबसे ज्यादा वैकेंसी है, जिसमें 11,389 स्टाफ नर्स और 8,938 एएनएम के पद शामिल हैं. स्टाफ नर्स के लिए बहाली की प्रक्रिया अगस्त तक पूरी हो जाएगी.
अश्लील कंटेंट पर सरकार की बड़ी कार्रवाई, ब्लॉक किए ये 5 OTT प्लेटफॉर्म्स
सूचना और प्रसारण मंत्रालय ने पांच ओटीटी प्लेटफॉर्म्स को ब्लॉक कर दिया है. सरकार का कहना है कि ये प्लेटफॉर्म आपत्तिजनक और अश्लील सामग्री स्ट्रीम कर रहे थे, जो कानून और आईटी नियमों का उल्लंघन है. ब्लॉक किए गए ओटीटी प्लेटफॉर्म्स में MoodXVIP, Koyal Playpro, Digi Movieplex, Feel और Jugnu शामिल हैं.
देर रात दिल्ली जाना है तो सावधान! 18 मार्च तक बंद रहेगा DND फ्लाईवे
डीएनडी फ्लाईवे पर मरम्मत कार्य की वजह से 18 मार्च 2026 तक रात के वक्त यातायात प्रभावित रहेगा. यह असर 22 फरवरी 2026 से आया है. 18 मार्च तक हर रोज रात 11:00 बजे से सुबह 6:00 बजे तक सड़क की रि-सरफेसिंग के लिए डीएनडी कैरिजवे को अस्थाई रूप से बंद रखा जाएगा. नोएडा से दिल्ली जाने वाले वाहन चालकों के लिए डायवर्जन प्लान लागू किया है.
T20 वर्ल्ड कप को छोड़ रिंकू सिंह लौटे, पिता की हालत गंभीर... जिम्बाब्वे के खिलाफ खेलना मुश्किल
भारतीय टीम के बल्लेबाज रिंकू सिंह फैमिली इमरजेंसी के कारण टीम इंडिया का कैम्प छोड़कर घर लौट गए हैं. उनके पिता की तबीयत अचानक बिगड़ गई, जिसके बाद उन्हें ग्रेटर नोएडा के एक स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है. खबर है कि रिंकू सिंह के पिता फिलहाल वेंटिलेटर सपोर्ट पर हैं और डॉक्टर उनकी स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं.
बिहार पुलिस में बंपर वैकेंसी... सिपाही, ड्राइवर, फॉरेस्टगार्ड के पदों पर भर्ती
बिहार पुलिस में इस साल हजारों पदों पर भर्ती की घोषणा हुई है. केंद्रीय चयन पर्षद ने 11 भर्तियों का परीक्षा कैलेंडर जारी किया है. इसके तहत बिहार पुलिस, फायर सर्विस और जेल विभाग से अन्य विभागों अलग-अलग खाली पदों की भर्ती प्रक्रिया और परीक्षाओं की तिथियां घोषित की गई हैं. उम्मीदवार csbc.bihar.gov.in पर जानकारी ले सकते हैं.
aajtak.in