Aaj Ki Taza Khabar: पढ़ें 13 मई 2026 की शाम की बड़ी खबरें और अन्य समाचार

हाल ही में पीएम नरेंद्र मोदी ने देशवासियों से विदेशी यात्रा कम करने की अपील की थी. इस बीच, एअर इंडिया ने एक बड़ा फैसला लिया है और इंटरनेशनल फ्लाइट्स की संख्‍या में कटौती की है.

Advertisement
महंगे ईंधन से विमानन कंपनी एअर इंडिया की मुश्किलें बढ़ गई है (Photo: ITG) महंगे ईंधन से विमानन कंपनी एअर इंडिया की मुश्किलें बढ़ गई है (Photo: ITG)

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 13 मई 2026,
  • अपडेटेड 8:08 PM IST

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील के बाद एअर इंडिया ने इंटरनेशन फ्लाइट्स में कटौती का ऐलान किया. वहीं, केंद्रीय कैबिनेट में भारत की पहली स्वदेशी सेमी हाई स्पीड रेल परियोजना को मंजूरी मिली. इन खबरों के अलावा, अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप बुधवार को चीन की राजधानी बीजिंग पहुंचे. पढ़ें बुधवार शाम की बड़ी खबरें.

तेल की कीमतों में तेजी, PM मोदी की अपील... अब एअर इंडिया ने लिया बड़ा फैसला!

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की देशवासियों से विदेश यात्राएं कम करने की अपील और बढ़ते कच्‍चे तेल के दाम के बीच एअर इंडिया ने बड़ा फैसला लिया है. एअर इंडिया ने आधिकारिक तौर पर अपने इंटरनेशनल ऑपरेशन में कटौती का ऐलान किया है. एअर इंडिया ने अगस्त 2026 तक हर महीने 1,200 इंटरनेशनल फ्लाइट्स का संचालन जारी रखने का फैसला लिया है.

Advertisement

अहमदाबाद-धोलेरा कनेक्टिविटी होगी आसान, देश की पहली सेमी हाई-स्पीड रेल परियोजना को मंजूरी

भारत की पहली स्वदेशी सेमी हाई स्पीड रेल परियोजना को मंजूरी मिल गई है. केंद्रीय कैबिनेट की बैठक में ये ऐतिहासिक फैसला लिया गया है. इस परियोजना के तहत अहमदाबाद से धोलेरा तक 134 किलोमीटर लंबी डबल लाइन रेलवे ट्रैक बनाया जाएगा. इसकी अनुमानित लागत ₹20,667 करोड़ रुपये है. परियोजना को वर्ष 2030-31 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है.
 

चीन पहुंचे अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप, शी जिनपिंग के साथ करेंगे बैठक

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप बुधवार को चीन की राजधानी बीजिंग पहुंचे, जहां उनकी चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ शिखर वार्ता होगी. दुनिया की दो सबसे बड़ी अर्थव्यवस्थाओं के बीच बढ़ते तनाव, ईरान संकट और व्यापारिक विवादों के बीच यह दौरा अहम माना जा रहा है. ट्रंप के साथ अमेरिकी उद्योग जगत के कई बड़े नाम भी बीजिंग पहुंचे हैं. 

Advertisement

Milk Price Hike: अमूल ने पूरे भारत में बढ़ा दिए दूध के दाम, अचानक इतनी हुई बढ़ोतरी, कल से होंगे लागू

पूरे भारत में अमूल दूध 2 रुपये प्रति लीटर महंगा हो गया है. यह बढ़ोतरी 14 मई से प्रभावी होगी. कंपनी ने चारा की कीमतों में बढ़ोतरी के कारण दूध के दाम में इजाफा किया है. अमूल ने कहा कि पशु आहार और पैकेजिंग की बढ़ती लागत के कारण दूध के दाम में इजाफा किया गया है, ताकि दूध उत्‍पादित करने वाले किसानों और डेयरी पर इसका असर ना हो. 

करीबी दोस्त तृषा के ल‍िए CM विजय ने दी खास मंजूरी! 9AM चलेंगे 'करुप्पु' के शो

तमिलनाडु के सीएम विजय ने करीबी दोस्त तृषा कृष्णन की फिल्म से जुड़ा एक अहम फैसला लिया है. सीएम विजय ने सूर्या और तृषा की मूवी करुप्पु के मेकर्स को सुबह 9 बजे के शोज चलाने की स्पेशल परमिशन दी है. इसके लिए ड्रीम वॉरियर पिक्चर ने इंस्टा पर अपनी खुशी जाहिर करते हुए CM विजय का धन्यवाद किया है. करुप्पु 14 मई को रिलीज हो रही है.

'आत्मा तुमने छोड़ दी है, शरीर हम छुड़वाएंगे', दिलजीत को लॉरेंस गैंग की धमकी, मैनेजर के घर कराई फायरिंग

दिलजीत दोसांझ के मैनेजर गुरप्रताप सिंह कंग के घर फायरिंग हुई है. गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने इस फायरिंग की जिम्मेदारी ली है. ये फायरिंग हरियाणा के गोंदर गांव में हुई है. लॉरेंस बिश्नोई गैंग की तरफ से टायसन बिश्नोई और आरजू बिश्नोई का सोशल मीडिया पोस्ट सामने आया है. इस धमकी पर अभी तक दिलजीत और उनकी टीम का कोई रिएक्शन नहीं आया है.

चीनी विदेश मंत्री ने PAK के डिप्टी पीएम से फोन पर की बात, मिडिल ईस्ट संकट पर हुई चर्चा

चीन के विदेश मंत्री वांग यी और पाकिस्तान के डिप्टी पीएम मोहम्मद इशाक डार के बीच फोन पर बातचीत हुई. इस वार्ता में पश्चिम एशिया की मौजूदा स्थिति, विशेष रूप से ईरान-अमेरिका संबंधों पर विस्तार से चर्चा की गई. चीन ने पाकिस्तान की कूटनीतिक भूमिका की तारीफ करते हुए उसे क्षेत्र में शांति स्थापित करने की दिशा में अहम साझेदार बताया.

Advertisement

पुडुचेरी में फिर बनी NDA सरकार, एन रंगास्वामी पांचवीं बार बने सीएम

पुडुचेरी में एक बार फिर NDA की सरकार बन गई है. एनआर कांग्रेस प्रमुख एन रंगास्वामी ने बुधवार को 5वीं बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली. इससे पहले वह 2001 से 2008, 2011 से 2016 और 2021 से 26 तक मुख्यमंत्री के रूप में कार्य कर चुके हैं. पुडुचेरी में आयोजित भव्य समारोह में उपराज्यपाल के. कैलाशनाथन ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई.

हरियाणा निकाय चुनाव में BJP का दबदबा, पीएम मोदी ने जनता का जताया आभार

हरियाणा नगर निकाय चुनावों की मतगणना में बीजेपी ने बाजी मार ली है. धारूहेड़ा और सांपला में भाजपा उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की, जबकि उकलाना में पार्टी को हार का सामना करना पड़ा. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भाजपा की जीत पर हरियाणा की जनता और पार्टी कार्यकर्ताओं का आभार जताते हुए इसे विकास और सुशासन पर जनता के भरोसे की जीत बताया.

विदेशी दौरे रद्द, नो कार डे लागू... फ्यूल बचाने के लिए दिल्ली सरकार के बड़े निर्देश

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील के बाद पेट्रोल-डीजल की खपत कम करने और सस्टेनेबल डेवलपमेंट को बढ़ावा देने के लिए दिल्ली सरकार ने 11 बड़े निर्देश जारी किए हैं. विभागों में अब सप्ताह में एक दिन 'नो कार डे' लागू किया जाएगा. इसके साथ ही दिल्ली सरकार ने अगली सूचना तक अधिकारियों के विदेशी दौरों पर भी रोक लगाई है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement