खबरों के लिहाज से आज का दिन काफी अहम है. काली फिल्म के पोस्टर पर विवाद के बीच डायरेक्टर लीना मणिमेकलई ने एक और ट्वीट किया है. पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान आज डॉक्टर गुरप्रीत कौर से शादी करेंगे. उदयपुर हत्याकांड में मारे गए कन्हैयालाल के बेटों को राजस्थान की गहलोत सरकार ने सरकारी नौकरी दी है. नूपुर शर्मा को धमकी देने के मामले में गिरफ्तार राजस्थान के अजमेर में दरगाह के खादिम का एक वीडियो वायरल हो रहा है. रिकॉर्ड महंगाई (Inflation) के बीच रसोई गैस के बढ़ते दाम से आम लोग हलकान हैं. पढ़िए गुरुवार सुबह की 5 बड़ी खबरें.
काली पोस्टर विवाद के बाद डायरेक्टर लीना का नया ट्वीट, 'भगवान शिव-मां पार्वती' को सिगरेट पीते दिखाया
काली फिल्म के पोस्टर पर विवाद के बीच डायरेक्टर लीना मणिमेकलई (Leena Manimekalai) ने एक और ट्वीट किया है. इसपर उनको दोबारा घेरा जाने लगा है. इस फोटो में भगवान शिव और मां पार्वती का रोल कर रहे एक्टर्स को धूम्रपान करते दिखाया गया है. फोटो को ट्वीट करते हुए Leena Manimekalai ने लिखा, 'कहीं और.' इसपर ट्विटर यूजर्स उनको घेर रहे हैं. एक ने लिखा कि वह सिर्फ नफरत फैला रही हैं. दूसरे ने लिखा कि उनको अपने धर्म का अपमान करना बंद करना चाहिए. लीना मणिमेकलई द्वारा ट्वीट की गई इस फोटो पर राजनेताओं का बयान आना भी शुरू हो चुका है.
भगवंत मान की कॉमेडी की फैन हैं होने वाली पत्नी गुरप्रीत कौर, आज CM हाउस में होगी शादी
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान आज डॉक्टर गुरप्रीत कौर से शादी करेंगे. भगवंत मान की यह दूसरी शादी है. शादी के कार्यक्रम को बेहद निजी रखा गया है. इसमें खास दोस्त और रिश्तेदार ही शामिल होंगे. दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल भी दूल्हा-दुल्हन को आशीर्वाद देने पहुंचेंगे. भगवंत मान की मां शादी की तैयारियों के लिए पहले ही चंडीगढ़ में सीएम आवास पहुंच चुकी हैं. वह संगरूर में अपने गांव सतौज में रहती हैं. 32 साल की गुरप्रीत कौर हरियाणा की रहने वाली हैं. लेकिन फिलहाल पंजाब के राजपुरा में रहती हैं. गुरप्रीत अपने परिवार में तीसरे नंबर की लड़की हैं, उनकी दो बड़ी बहन और हैं.
Kanhaiyalal murder case: कन्हैयालाल के दोनों बेटों को मिली सरकारी नौकरी, गहलोत सरकार ने लिया फैसला
उदयपुर हत्याकांड में मारे गए कन्हैयालाल के बेटों को राजस्थान की गहलोत सरकार ने सरकारी नौकरी दी है. मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने एक ट्वीट कर जानकारी दी कि कैबिनेट ने उदयपुर की घटना में मारे गए कन्हैयालाल के बेटे यश तेली और तरुण तेली को सरकारी सेवा में नियुक्त करने का फैसला किया है. सीएम गहलोत के मुताबिक, यश और तरुण को राजस्थान अधीनस्थ कार्यालय लिपिक सेवा (संशोधन) नियम, 2008 और 2009 के नियम 6सी के तहत नियुक्ति के नियमों में छूट दी गई है. राजस्थान सरकार की ओर से कहा गया है कि राज्य सरकार ने परिवार की मदद करने का फैसला किया क्योंकि कन्हैयालाल परिवार का एकमात्र कमाने वाला था.
नूपुर शर्मा को धमकी देने के मामले में गिरफ्तार राजस्थान के अजमेर में दरगाह के खादिम का एक वीडियो वायरल हो रहा है. इसमें वह पुलिस की गिरफ्त में नजर आ रहा है. हालांकि, पुलिस उसे समझाती नजर आ रही है कि तुम यही कहना कि नशे में थे, ताकि तुम्हारा बचाव हो सके. दरअसल, अजमेर की सूफी संत ख्वाजा मोइनुद्दीन हसन चिश्ती की दरगाह के खादिम सलमान चिश्ती ने नूपुर शर्मा को लेकर विवादित बयान दिया था. इसका वीडियो वायरल हो गया था. इसमें सलमान चिश्ती ने नुपुर शर्मा की गर्दन लाने वाले को इनाम की घोषणा की थी. हालांकि, वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने सलमान चिश्ती को गिरफ्तार कर लिया.
LPG Cylinder Price: अब तो सब्सिडी भी गई, बीते 8 साल में 2.5 गुना बढ़े रसोई गैस के दाम
रिकॉर्ड महंगाई (Inflation) के बीच रसोई गैस के बढ़ते दाम से आम लोग हलकान हैं. एक दिन पहले ही घरेलू एलपीजी सिलेंडर के दाम (LPG Cylinder Prices) फिर से 50 रुपये बढ़ाए गए हैं. यह पहले से परेशान आम लोगों के लिए बुरी खबर बनकर सामने आई. रसोई गैस के दाम में पिछले कुछ समय से लगातार तेजी आई है. ऐतिहासिक आंकड़ों पर गौर करें तो पिछले आठ साल में रसोई गैस सिलेंडर के दाम करीब ढाई गुना बढ़ गए हैं. सरकारी तेल विपणन कंपनी इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन (IOCL) के आंकड़ों के अनुसार, मार्च 2014 में सब्सिडी वाले एलपीजी सिलेंडर की कीमत 410 रुपये थी. ताजी बढ़ोतरी के बाद 14.2 kg वाले घरेलू LPG सिलेंडर के दाम में 50 रुपये का इजाफा किया गया है.
aajtak.in